कार से कैसे करें तेल की चोरी, इस न्यूज चैनल पर दिखाया गया स्पेशल कार्यक्रम, मचा बवाल
कार्यक्रम के दौरान रिपोर्टर एक कार मैकेनिक के साथ मौजूद थे और कार रिपेयरमैन ने उस एरिया को भी बताया, जहां तेल चोरी करने के लिए कार के फ्यूल टैंक में छेद किया जा सकता है।
एथेंस, जून 24: कई बार टीवी न्यूज चैनल्स पर ऐसे शो प्रसारित कर दिए जाते हैं, जो काफी विवादित बन जाते हैं और जिनकी काफी आलोचना की जाती है। इन दिनों पूरी दुनिया तेल की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि से परेशान है और यूक्रेन संकट ने तेल की कीमतों को और भी ज्यादा बढ़ा रखा है। लिहाजा, जहां कई न्यूज चैनल्स पर तेल कैस बचाएं, इसकी जानकारी दी जाती है, वहीं ग्रीस में एक टीवी चैनल पर लोगों को ये बताया गया, कि कार से तेल की चोरी कैसे करें?

टीवी चैनल पर दिखा, कैसे करें तेल चोरी?
ग्रीस में ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद, स्टेट टीवी को अपने एक सेगमेंट के लिए भारी आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है, जो अपने दर्शकों को कारों से ईंधन चोरी करने का तरीका सिखा रहा था। ये कार्यक्रम ग्रीस के ईआरटी चैनल पर प्रसारित किया गया था। ईआरटी के सुबह के समाचार कार्यक्रम 'सिंडिसिस' के दौरान रिपोर्टर कोस्टास स्टैमौ ने कहा, 'यह बहुत मुश्किल नहीं है... आपको एक विशेष ट्यूब की भी आवश्यकता नहीं है, यहां तक कि कार से तेल निकालने के लिए सिर्फ एक नली की जरूरत पड़ेगी'।

कार रिपेयरमैन ने सिखाया चोरी का तरीका
इस कार्यक्रम के दौरान रिपोर्टर एक कार मैकेनिक के साथ मौजूद थे और कार रिपेयरमैन ने उस एरिया को भी बताया, जहां तेल चोरी करने के लिए कार के फ्यूल टैंक में छेद किया जा सकता है। इस दौरान कार मैकेनिक ने दो तरीके दिखाए, जिससे काफी आसानी से कार से तेल की चोरी की जा सकती है। वहीं, इस कार्यक्रम को देखकर ग्रीस के लोग काफी ज्यादा हैरान हो गये और उन्होंने चिंता जताना शुरू कर दिया, कि अब ग्रीस में कार से तेल चोरी की वारदात में भारी इजाफा होगा। कुछ लोगों ने टीवी चैनल की आलोचना करते हुए कहा कि, "क्या आप लोग अपने सही दिमाग में हैं? लोगों को पेट्रोल चोरी करने के टिप्स दे रहे हैं?"

‘अब ताला तोड़ने की जानकारी मिलेगी’
ट्विटर पर एक यूजर ने चैनल की आलोचना करते हुए कहा कि, 'गैसोलीन की आसानी से चोरी करने के दो तरीकों पर ट्यूटोरियल देने के बाद, ईआरटी अब ताले तोड़ने और पर्स चोरी करने के तरीके के बारे में नई तैयारी कर रहा है।" हाल के महीनों में ग्रीस में ईंधन की कीमतों में भारी इजाफा हुआ है। अब, एक साधारण अनलेडेड ईंधन की लागत एथेंस में औसतन 195 रुपये प्रति लीटर है। वहीं, ग्रीस के कुछ और शहरों में तेल की कीमत 220 रुपये के आसपास है, लिहाजा, देश के अधिकारी ईंधन पर कर में कटौती के आह्वान का विरोध कर रहे रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications