वेनेजुएला में सोने की खदान ढही, देखते ही देखते मिट्टी में गुम हो गए 23 लोग, वीडियो वायरल
वेनेजुएला में एक अवैध रूप से संचालित सोने की खदान ढह गई है। इस दौरान कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई है। इसके अलावा कई अन्य लोग घायल भी हुए हैं। जानकारी के मुताबिक जिस वक्त ये हादसा हुआ उस दौरान दर्जनों लोग यहां काम कर रहे थे।
एएफपी समाचार एजेंसी से बात करते हुए एक स्थानीय अधिकारी योर्गी आर्किनिएगा ने बताया कि बोलिवर राज्य के जंगलों में बुल्ला लोका के नाम से जानी जाने वाली खुली खदान से लगभग 23 शव बरामद किए गए हैं। उनके मुताबिक ये हादसा मंगलवार को हुआ।

वेनेजुएला के नागरिक सुरक्षा उप मंत्री कार्लोस पेरेज़ अम्पुएडा ने एक्स पर घटना का एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो में एक खुली खदान के उथले पानी में काम कर रहे लोगों पर मिट्टी की एक दीवार धीरे-धीरे गिरती हुई दिखाई दे रही है। इसमें दिख रहा है कि कुछ भागने में सफल रहे जबकि अन्य उसी में दब गये।
#21Feb | Cumpliendo instrucciones del Vicepdte. Sectorial AJ. @ceballosichaso1 y en coordinación con el Gob. del Edo. Bolívar Ángel Marcano, funcionarios del SNGR junto a Organismos de Seguridad ciudadana y efectivos de la ZODI Bolívar, realizan Operaciones de Salvamento... pic.twitter.com/6FWE5SiE22
— cperezampueda (@cperezampueda) February 21, 2024
अधिकारियों के अनुसार, ऐसा माना जाता है कि लगभग 200 लोग खदान में काम कर रहे थे, जो निकटतम शहर ला परागुआ से सात घंटे की नाव की सवारी पर है। बोलिवर राज्य के नागरिक सुरक्षा सचिव एडगर कॉलिना रेयेस ने कहा कि घायलों को ला परागुआ से चार घंटे की दूरी पर क्षेत्रीय राजधानी स्यूदाद बोलिवर के एक अस्पताल में ले जाया जा रहा है, जो राजधानी काराकस से 750 किलोमीटर (460 मील) दक्षिण-पूर्व में स्थित है।
वेनेजुएला का बोलिवर क्षेत्र सोना, हीरे, लोहा, बॉक्साइट, क्वार्ट्ज और कोल्टन से समृद्ध है। यहां पर राज्य की खदानों के अलावा, अवैध उत्खनन का उद्योग भी तेजी से बढ़ रहा है। पिछले साल दिसंबर में, इसी क्षेत्र में इकाबारू के स्वदेशी समुदाय में एक खदान ढह जाने से कम से कम 12 लोग मारे गए थे।












Click it and Unblock the Notifications