‘गलवान ने बदला चीन का नजरिया, भारत को कोई आंख दिखाकर बच नहीं सकता’, लंदन में बोले राजनाथ सिंह
भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 3 दिनों के ब्रिटेन दौरे पर हैं। वे यहां रक्षा, सुरक्षा व औद्योगिक सहयोग से जुड़े व्यापक मुद्दों पर वार्ता के लिए पहुंचे हैं। उन्होंने यहां ब्रिटिश पीएम ऋषि सुनक, रक्षा मंत्री ग्रांट शाप्स और विदेश मंत्री कैमरन के साथ मुलाकात की है।
राजनाथ सिंह ने अपनी ब्रिटेन यात्रा में कई बाते भी कही हैं। उन्होंने यहां पर एक कार्यक्रम में भारत और चीन के बीच जारी तनाव को लेकर भी बयान दिया है। राजनाथ सिंह ने कहा कि गलवान में भारत और चीन के बीच हुई आमने-सामने की लड़ाई में हमारे सुरक्षा बलों ने जो बहादुरी दिखाई, शायद यही वजह है कि चीन का भारत को लेकर नजरिया बदल गया है।

चीन का मुखपत्र माने जाने वाले ग्लोबल टाइम्स के एक हालिया लेख का हवाला देते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को इस बात पर जोर दिया कि बीजिंग अब भारत के एक प्रमुख वैश्विक आर्थिक खिलाड़ी और रणनीतिक शक्ति के रूप में उभरने को स्वीकार करता है और इसका श्रेय देश की मजबूत आर्थिक और विदेशी नीतियों को देता है।
Recommended Video
राजनाथ सिंह ने कहा कि चीन के नजरिए में हो रहे बदलाव की वजह कहीं न कहीं भारतीय सैनिकों के जरिए गलवान घाटी में चीनी सैनिकों को दिया गया मुंहतोड़ जवाब भी है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत को अब एक कमजोर मुल्क के तौर पर नहीं देखा जाता है, बल्कि इसने खुद को एक बढ़ती ग्लोबल पावर के तौर पर स्थापित किया है. रक्षा मंत्री ने कहा, 'अब ऐसा नहीं है कि भारत को आंख दिखाकर, जो चाहे वो निकल जाए.'
मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि चीन को भारत का प्रतिद्वंद्वी माना जाता है, लेकिन हम चीन को अपना प्रतिद्वंद्वी नहीं मानते। हम किसी को अपना दुश्मन नहीं देखते लेकिन ये बात दुनिया जानती है भारत और चीन के बीच रिश्ते अच्छे नहीं हैं। हम सभी के साथ अपने रिश्ते बेहतर करना चाहते हैं।
सुनक से मिले राजनाथ सिंह
राजनाथ सिंह ने लंदन स्थित 10 डाउनिंग स्ट्रीट में प्रधानमंत्री ऋषि सुनक से मुलाकात कर विभिन्न द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की। उनके वार्ता के एजेंडे में रक्षा, व्यापार और क्षेत्रीय मुद्दे शामिल थे। इसके अलावा मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को लेकर जारी वार्ता की प्रगति पर भी चर्चा की गई।
डेविड कैमरन से भी की मुलाकात
राजनाथ सिंह ने विदेश मंत्री डेविड कैमरन से भी मुलाकात की। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक बयान में कहा, "ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड कैमरन के साथ भारत-ब्रिटेन संबंधों को बढ़ावा देने और दोनों देशों के बीच सहयोग को प्रगाढ़ बनाने के बारे में व्यावहारिक विचार-विमर्श किया गया।"












Click it and Unblock the Notifications