फ्रांस ने भारत के लिए खोला दिल, 8 ऑक्सीजन जेनरेटर और 50 हजार मरीजों के लिए भेजेगा ऑक्सीजन
कोरोना संकट के दौरान फ्रांस भारत को 8 ऑक्सीजन जेनरेटर और 5 लिक्विड ऑक्सीजन कंटेनर भेजेगा।
पेरिस, अप्रैल 27: कोरोना संकट से बुरी तरह जूझते भारत की मदद के लिए फ्रांस ने ऑक्सीजन जेनरेटर भेजने का फैसला किया है। फ्रांस और भारत राजनीतिक और रणनीतिक तौर पर एक दूसरे के सहयोग हैं, लिहाजा इस मुश्किल वक्त में फ्रांस ने भारत की मदद करने का फैसला किया है। फ्रांस सरकार ने कहा है कि वो भारत की हर संभव मदद करने के लिए तैयार है।

फ्रांस करेगा भारत की मदद
फ्रांस सरकार ने भारत को कई मेडिकल सामान, वेंटिलेटर समेत जरूरी मेडिकल सामान देने की बात कही है। फ्रांस सरकार की आधिकारिक रिपोर्ट के मुताबिक फ्रांस ने भारत को पूरी तरह सपोर्ट करने का आश्वासन देते हुए 8 हाई कैपेसिटी ऑक्सीजन जेनरेटर और 28 वेंटिलेटर बेड भेजेगा। इसके साथ ही फ्रांस ने भारत को लिक्विड ऑक्सीजन भी भेजेगा। फ्रांस सरकार की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि 'भारत और फ्रांस हमेशा से एक दूसरे के साथ मुश्किल वक्त में खड़े रहे हैं। हमारी दोस्ती के मूल में एकजुटता और दोस्ती है। भारत और फ्रांस के लोग आपस में बेहद करीब हैं, लिहाजा इस मुश्किल वक्त में फ्रांस पूरी तरह से भारत और भारतीय लोगों के साथ खड़ा है।'

8 ऑक्सीजन जेनरेटर देगा फ्रांस
फ्रांस सरकार ने भारत को आठ हाई कैपिसिटी ऑक्सीजन जेनरेटर देन का फैसला किया है, जिसे फ्रांस की एसएमई ने तैयार किया है। ये ऑक्सीजन जेनरेटर एक हॉस्पीटल को 10 साल तक लगातार जरूरत से ज्यादा ऑक्सीजन सप्लाई कर सकता है। फ्रांस सरकार के मुताबिक एक ऑक्सीजन जेनरेटर 250 बेड के अस्पताल को लगातार 10 सालों तक ऑक्सीजन की लगातार सप्लाई कर सकता है। इन ऑक्सीजन जेनरेटर के जरिए ऑक्सीजन सिलेंडरों को भी फिल किया जा सकेगा। इसके साथ ही फ्रांस सरकार ने भारत को लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन भी देने का फैसला किया है। 5 ऑक्सीजन कंटेनर पहली खेप में भारत आएगा। एक ऑक्सीजन कंटेनर से 10 हजार मरीज को ऑक्सीजन मिल सकेगा।

स्पेसलाइज्ड मेडिकल सामान
ऑक्सीजन जेनरेटर और लिक्विड ऑक्सीजन के साथ ही फ्रांस ने भारत को 28 वेंटिलेटर बेड और 200 इलेक्टिक सिरिंज पम्प भी फ्रांस से भारत आएगा। फ्रांस सरकार ने कहा है कि वो लगातार भारतीय अधिकारियों के संपर्क में हैं और फ्रांस हर संभव मदद के लिए तैयार है। इन मेडिकल सामानों से ना सिर्फ इस आपातकाल के वक्त भारत को मदद मिलेगा बल्कि आगे जाकर भी भारतीय अस्पतालों की क्षमता में इजाफा होगा।

भारत में कोरोना की आज की स्थिति
देश में कोरोना वायरस का कहर जारी है, क्या आम और क्या खास सभी इसके चपेट में हैं। मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों में देश में कोरोना के 3,23,144 नए केस सामने आए हैं, जो कि सोमवार के मुकाबले कम आंकड़े हैं। नए केसों के बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या 1,76,36,307 हो गई है तो वहीं 24 घंटे के अंदर कोरोना 2,771 लोगों ने दम तोड़ा है, जिसके बाद मौत का आंकड़ा 1,97,894 पहुंच गया है। भारत में अब एक्टिव केस 28,82,204 हैं, जबकि 1,45,56,209 लोग ठीक होकर अस्पताल से घर जा चुके हैं, तो वहीं देश में अब तक 14,52,71,186 लोगों को कोरोना का टीका लग चुका है, जबकि बीते 24 घंटों में 33,59,963 लोगों को कोरोना का टीका लगा है।












Click it and Unblock the Notifications