Joe Biden: एक बार फिर कैंसर की चपेट में आए अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन, हड्डियों तक फैली बीमारी
Joe Biden Cancer: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन की सेहत को लेकर एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। 82 साल के बाइडेन को कैंसर होने की पुष्टि हुई है, और यह बीमारी अब उनकी हड्डियों तक फैल चुकी है। यह जानकारी उनके कार्यालय ने एक आधिकारिक बयान के जरिए दी।
बाइडेन की तबीयत हाल के दिनों में कुछ ठीक नहीं चल रही थी। उन्हें पेशाब से जुड़ी दिक्कतें हो रही थीं, जिसके बाद वह डॉक्टरों की सलाह पर एक सामान्य शारीरिक जांच के लिए पहुंचे। इसी दौरान उनके कैंसर का खुलासा हुआ।

सप्ताह के अंत तक रिपोर्ट में साफ हो गया कि बाइडेन को प्रोस्टेट कैंसर है और यह एक आक्रामक किस्म का कैंसर है, जो शरीर के दूसरे हिस्सों, खासकर हड्डियों तक पहुंच चुका है। हालांकि डॉक्टरों का कहना है कि इसका इलाज संभव है।
ये भी पढ़ें: India US Trade Deal: 'भारत की 100% टैरिफ हटाने की पेशकश', ट्रंप के उत्साही दावे को जयशंकर ने कैसे ठंडा किया?
यह खबर अमेरिका सहित दुनियाभर में चर्चा का विषय बन गई है। बाइडेन अभी हाल ही में राष्ट्रपति पद से हटे हैं और उनकी उम्र और स्वास्थ्य को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं।
पेशाब की समस्या के बाद अस्पताल पहुंचे
बाइडेन को हाल ही में पेशाब से जुड़ी कुछ समस्याएं हुईं, जिसके चलते उन्होंने डॉक्टर से संपर्क किया। एक सामान्य जांच के दौरान उनके प्रोस्टेट में गांठ पाई गई। इसके बाद उन्हें फिलाडेल्फिया के एक अस्पताल में आगे की जांच के लिए भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार को यह पुष्टि हो गई कि उन्हें प्रोस्टेट कैंसर है।
गंभीर लेकिन काबू में लाने लायक
बाइडेन के कार्यालय ने बयान में बताया कि यह कैंसर तेजी से फैलने वाला है, लेकिन यह हार्मोन-सेंसिटिव है, जिसका मतलब है कि इसका इलाज किया जा सकता है। बाइडेन और उनका परिवार इस समय डॉक्टरों से इलाज के विभिन्न विकल्पों पर विचार कर रहे हैं।
ग्लिसन स्कोर 9, बीमारी का खतरा ज्यादा
डॉक्टरों के अनुसार, बाइडेन का ग्लिसन स्कोर 9 है। यह स्कोर कैंसर कोशिकाओं की गंभीरता को दिखाता है और 10 में से 9 का मतलब है कि यह कैंसर बेहद आक्रामक है। इसका इलाज समय पर और सावधानी से किया जाना जरूरी है।
पहले भी कैंसर से जूझ चुके हैं बाइडेन
बाइडेन का मेडिकल इतिहास पहले भी चर्चा का विषय रहा है। राष्ट्रपति रहते हुए फरवरी 2023 में उनके सीने से एक बेसल सेल कार्सिनोमा (स्किन कैंसर) हटाया गया था। उस समय डॉक्टरों ने कहा था कि कैंसर पूरी तरह निकाल दिया गया है और आगे किसी इलाज की जरूरत नहीं है।
उम्र और सेहत को लेकर पहले से थे सवाल
82 वर्षीय जो बाइडेन की उम्र और स्वास्थ्य स्थिति को लेकर उनके कार्यकाल के दौरान ही कई बार सवाल उठ चुके थे। फरवरी 2024 में उन्हें व्हाइट हाउस के डॉक्टर ने "फिट फॉर ड्यूटी" घोषित किया था, लेकिन आम जनता की चिंताएं बरकरार रहीं। इन्हीं चिंताओं के बीच उन्होंने 2024 के राष्ट्रपति चुनाव से खुद को अलग कर लिया।
पद छोड़ने के बाद भी सुर्खियों में बने रहे
जनवरी 2025 में पद छोड़ने के बाद बाइडेन ने सार्वजनिक कार्यक्रमों में कम भाग लिया है। हालांकि कभी-कभी मीडिया इंटरव्यू या बयानों के जरिए वे नजर आते हैं, खासकर ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति बनने के बाद की चर्चाओं में उनकी प्रतिक्रियाएं सुर्खियों में रहीं।
डोनाल्ड ट्रंप ने भेजी शुभकामनाएं
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा,'मेलानिया और मैं जो बिडेन के हाल ही में हुए मेडिकल निदान के बारे में सुनकर दुखी हैं। हम जिल और परिवार को हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं, और हम जो के शीघ्र और सफल स्वस्थ होने की कामना करते हैं।'
ये भी पढ़ें: US Embassy India: अमेरिका जाने से पहले जान लें ये नया नियम, तय वीजा समय से अधिक रुकना पड़ सकता है भारी












Click it and Unblock the Notifications