US Embassy India: अमेरिका जाने से पहले जान लें ये नया नियम, तय वीजा समय से अधिक रुकना पड़ सकता है भारी
US Embassy India: अगर आप भी अमेरिका में रह रहे हैं या जानें का प्लान कर रहे हैं तो जरा संभल कर कीजिए क्योंकि अमेरिका में वीजा पर रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए नई और सख्त चेतावनी जारी की गई है। भारत में स्थित अमेरिकी दूतावास और दिल्ली स्थित भारतीय दूतावास दोनों ने हाल ही में स्पष्ट किया है।
नई एडवाइजरी में कहा गया है कि जो लोग वीजा की तय अवधि से अधिक समय तक अमेरिका में रुकते हैं, उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है और अमेरिका में भविष्य में प्रवेश पर आजीवन प्रतिबंध भी लगाया जा सकता है।

यह चेतावनी अमेरिकी इमिग्रेशन नियमों के सख्त होते माहौल में आई है, जिसमें ट्रंप प्रशासन के सख्त रुख के बाद वीजा उल्लंघन को गंभीर अपराध की श्रेणी में रखा गया है।
US Embassy India: भारतीय दूतावास की सख्त चेतावनी
दिल्ली स्थित भारतीय दूतावास ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट में लिखा है, "अगर आप अमेरिका में अपनी तय सीमा से ज्यादा रुकते हैं तो आपको वापस भेजा जा सकता है। साथ ही भविष्य में आपके अमेरिका आने पर हमेशा के लिए रोक लग सकती है।"
इस चेतावनी में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह नियम सभी वीजा श्रेणियों टूरिस्ट, स्टूडेंट, वर्क परमिट और अन्य अस्थायी वीजा पर लागू होता है। वीजा की शर्तों का उल्लंघन करने पर आपको न सिर्फ तत्काल डिपोर्ट किया जा सकता है, बल्कि आपकी अमेरिका में भविष्य में एंट्री पर स्थायी रूप से रोक भी लग सकती है।
US Embassy India: I-94 फॉर्म, अमेरिका में रहने की वैध सीमा
अमेरिका में वीजा पर प्रवेश करते समय यात्रियों को I-94 फॉर्म दिया जाता है, जिसमें स्पष्ट रूप से यह उल्लेख होता है कि आपको कितने समय तक अमेरिका में रहने की अनुमति है। यह वैधता अवधि समाप्त होने के बाद भी अगर कोई व्यक्ति अमेरिका में रुकता है, तो वह अवैध निवासी माना जाएगा। ऐसे मामलों में यात्रियों को न केवल डिपोर्ट किया जा सकता है, बल्कि भविष्य में किसी भी प्रकार के अमेरिकी वीजा के लिए पात्रता भी खत्म हो सकती है।
अगर कोई व्यक्ति अपनी वीजा अवधि बढ़ाना चाहता है, तो उसे समय रहते USCIS (यूनाइटेड स्टेट्स सिटिजनशिप एंड इमिग्रेशन सर्विस) से संपर्क करना चाहिए। यह संस्था कानूनी रूप से अमेरिका में रहने की अवधि बढ़ाने की प्रक्रिया उपलब्ध कराती है। बिना वैध अनुमति के एक दिन की अतिरिक्त रुकावट भी बड़ी समस्या में बदल सकती है।
US Embassy India: ट्रंप प्रशासन की सख्ती का असर
इस चेतावनी के पीछे एक प्रमुख कारण डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की सख्त आव्रजन नीति भी है। ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद से अमेरिका में अवैध प्रवासियों के खिलाफ अभियान तेज हो गया है। उन्होंने न केवल वीजा पॉलिसी को सख्त किया, बल्कि अवैध इमिग्रेशन को रोकने के लिए अभियान भी शुरू किया।
ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में तो नियम और भी अधिक कठोर हो गए हैं। नए नियमों के अनुसार, अमेरिका में 30 दिन से अधिक रुकने वालों को अनिवार्य रूप से रजिस्ट्रेशन कराना होगा।
US Embassy India: अमेरिकी दूतावास ने दी कई चेतावनियाँ
हाल के हफ्तों में भारत स्थित अमेरिकी दूतावास ने तीन अलग-अलग पोस्ट के ज़रिए वीजा नियमों के उल्लंघन पर गंभीर परिणामों की चेतावनी दी है। इनमें कहा गया है कि अमेरिका सरकार वीजा फ्रॉड और अवैध इमिग्रेशन रोकने के लिए गंभीर प्रयास कर रही है और फ्रॉड करने वालों पर स्थायी प्रतिबंध लगाया जा सकता है।
यह ध्यान देने योग्य है कि यह चेतावनी केवल भारतीय नागरिकों के लिए नहीं, बल्कि अमेरिका आने वाले हर देश के नागरिकों के लिए लागू है। चाहे आप स्टूडेंट वीजा, वर्क वीजा या टूरिस्ट वीजा पर अमेरिका जा रहे हों - तय अवधि से ज्यादा रुकना आपकी अमेरिका यात्रा को हमेशा के लिए खत्म कर सकता है।
अमेरिका में वीजा शर्तों का पालन न करना अब बेहद गंभीर मामला बन चुका है। भारतीय नागरिकों को विशेष रूप से सतर्क रहने की आवश्यकता है, क्योंकि एक छोटी सी गलती अमेरिका में भविष्य की संभावनाओं को पूरी तरह समाप्त कर सकती है। इसलिए, यदि आप अमेरिका की यात्रा की योजना बना रहे हैं या वहां पहले से रह रहे हैं, तो अपने वीजा की शर्तों, अवधि और नियमों का कड़ाई से पालन करें अन्यथा, इसका परिणाम आपके अमेरिकी सपनों पर स्थायी विराम लग सकता है।












Click it and Unblock the Notifications