नवाज शरीफ की हालत गंभीर बनी हुई है, प्लेटलेट्स काउंट 25000 हुई
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ पिछले कुछ दिनों से बीमार हैं और उनकी हालत लगातार नाजुक बनी हुई है। उनकी प्लेटलेट्स में लगातार गिरावट जारी है। नवाज शरीफ के डॉक्टरों का कहना है कि वह लगातार उनकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं, लेकिन उनकी स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है। नवाज शरीफ की डोज में स्टेरॉइड की मात्रा को कम करने की डॉक्टर लगातार कोशिश कर रहे है, बावजूद इसके नवाज शरीफ की हालत में किसी भी तरह का सुधार नहीं हो रहा है।

हालत गंभीर
नवाज शरीफ के व्यक्तिगत फिजीशियन ने अदनान खान ने शनिवार को ट्वीट करके लिखा, पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की हालत गंभीर बनी हुई है। उनका इलाज कर रहे डॉक्टरों ने उन्हे दी जा रही स्टेरॉइड की डोज को कम किया है, लेकिन दुर्भाग्यवश बावजूद इसके उनकी प्लेटलेट्स काउंट फिर से गिर गई है। इसकी वजह का हम पता लगा रहे हैं और बिना किसी देरी के इसे ठीक करने की कोशिश कर रहे है। को-मार्बिडाइट्स की गंभीर मौजूदगी ने गंभीर बीमारी को और भी मुश्किल कर दिया है।
22 अक्टूबर से भर्ती
बता दें कि नवाज शरीफ को लाहौर के अस्पताल में 22 अक्टूबर को भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा है। यहां पर स्पेशल मेडिकल बोर्ड उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। उनका इलाज कर रहे डॉक्टरों का कहना है कि वो उन्हें डिस्चार्ज नहीं कर सकते हैं। 69 वर्षीय शरीफ की प्लेटलेट्स 45000 से घटकर 25000 तक पहुंच गई हैं। मेडिकल बोर्ड के अनुसार लगातार प्लेटलेट्स काउंट में हो रही गिरावट की वजह से नवाज शरीफ की हालत काफी नाजुक बनी हुई है, इसके चलते उन्हें पहले दिल का दौरा भी पड़ा था।
जोखिम नहीं ले सकते
डॉक्टरों ने सुझाव दिया है कि नवाज शरीफ की प्लेटलेट्स काउंट जबतक सामान्य तक नहीं पहुंचती तबतक उनपर नजर बनाए रखने की जरूरत है, लिहाजा ऐसी स्थिति में उन्हें डिस्चार्ज करने या फिर शिफ्ट करने का जोखिम नहीं उठाया जा सकता है। बता दें कि इससे पहले नवाज शरीफ को इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने मेडिकाल आधार पर जमानत दे दी थी। वह अल अजीजिया और चौधरी सुगर मिल्स भ्रष्टाचार घोटाले में जेल की सजा काट रहे थे। उन्हें लाहौर की कोट लखपत जेल में बंद किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications