पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी पर 5 साल के लिए चुनाव लड़ने पर लगी रोक
पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ पार्टी के नेता शाह महमूद कुरैशी को आगामी चुनाव से पहले पांच वर्ष के लिए चुनाव आयोग ने प्रतिबंधित कर दिया है। गौर करने वाली बात है कि पाकिस्तान में पांच दिन बाद आम चुनाव हैं, यहां 8 फरवरी को मतदान होना है, लेकिन ठीक इससे पहले पीटीआई नेता को चुनाव लड़ने से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
एक अधिकारी ने बताया कि पूर्व विदेश मंत्री पर स्पेशल कोर्ट के जज ने स्टेट बनाम इमरान खान और शाह महमूद कुरैशी के खिलाफ 30 जनवरी के फैसले के बाद प्रतिबंध लगाया गया है। शाह महमूद कुरैशी को कोर्ट ने 10 साल की सजा सुनाई है, उन्हें अलग-अलग मामलों में दोषी पाया गया है। जिसके बाद देश के चुनाव आयोग ने उनपर चुनाव लड़ने पर रोक लगा दी है।

चुनाव आयोग के आदेश में कहा गया है कि कुरैशी को पाकिस्तान के संविधान आर्टिकल 63 के तहत प्रतिबंधित किया जाता है। जिसके चलते कुरैशी 2024 और अगले 5 वर्षों तक चुनाव नहीं लड़ सकते हैं। 30 जनवरी को स्पेशल कोर्ट ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और पूर्व विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी को एक मामले में 10 साल की सजा सुनाई थी।
आरोप था कि इमरान खान ने देश से जुड़े जरूरी दस्तावेज को लीक किया। जांच एजेंसी के अनुसार इमरान खान ने अहम दस्तावेज को लीक किया, इसे वापस नहीं किया। पीटीआई का कहना है कि इस दस्तावेज में इमरान खान को बतौर प्रधानमंत्री बर्बाद करने की अमेरिका ने धमकी दी है। इमरान खान और शाह महमूद कुरैशी पर पिछले एक वर्ष से केस चल रहा है और ये अदियाला जेल में हैं। । दोनों नेताओं पर दस्तावेजों को गलत मकसद से लीक करने का आरोप है।












Click it and Unblock the Notifications