कैप्टन स्मित पर हमला करने वाला को-पायलट का अलकायदा-सीरिया कनेक्शन? 9/11 की थी तैयारी, खुलासे से दुनिया हैरान
दुबई से तेल अवीव जा रही 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में आसमान की ऊंचाइयों पर जो हुआ, उसने दुनिया भर के एविएशन सेक्टर के होश उड़ा दिए हैं। प्लेन के 29 साल के ओमानी को-पायलट हमाम अल-हम्मामी ने कॉकपिट के भीतर भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर अचानक चाकू से कातिलाना हमला कर दिया।
हमले के फौरन बाद विमान महज एक मिनट के भीतर 33,000 फीट की ऊंचाई से तेजी से गिरकर 17,000 फीट पर आ गया। शरीर पर कई गंभीर जख्म लगने के बावजूद जांबाज कैप्टन स्मित ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने हमलावर का डटकर मुकाबला किया और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे।

इसके बाद यात्रियों, क्रू मेंबर्स और प्लेन में सफर कर रहे दो ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने मिलकर सिरफिरे को-पायलट को दबोच लिया। विमान को सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया, जिससे 174 लोगों की जान बच सकी।
सीरिया में चढ़ा कट्टरपंथ का बुखार और अलकायदा से जुड़ाव
सऊदी न्यूज एजेंसी अल अरबिया और इजराइल के चैनल 12 के मुताबिक, हमाम अल-हम्मामी काफी वक्त तक सीरिया में रहा था। जांचकर्ताओं को पक्के सबूत मिले हैं कि सीरिया में रहने के दौरान ही वह चरमपंथी सोच की गिरफ्त में आया और अलकायदा की खतरनाक विचारधारा से प्रभावित हुआ। दावा किया गया है कि हमाम ने ओमान से बाहर काफी समय बिताया था। इसमें सीरिया में बिताया गया समय भी शामिल बताया जा रहा है।
इजराइली न्यूज चैनल i24NEWS की रिपोर्ट में एक सनसनीखेज दावा किया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी हमाम ने कबूला कि उसकी योजना पूरे विमान को इजरायल की सरजमीं पर क्रैश कराने की थी। अगर यह सिरफिरा अपने मकसद में कामयाब हो जाता, तो दुनिया 9/11 जैसा भयावह हादसा दोबारा देखती।

रिपोर्ट के मुताबिक, इसके बाद ओमान में उसकी उड़ान को लेकर चिंता जताई गई और उसे विमान उड़ाने से रोक दिया गया। बाद में वह ओमान छोड़कर यूएई चला गया। यहीं से उसके फ्लाईदुबई से जुड़ने की बात सामने आती है। हालांकि सीरिया में उसने वास्तव में क्या किया और उसका फ्लाईदुबई की घटना से सीधा संबंध था या नहीं, इसकी स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
2024 में ओमान एयर ने ट्रेनिंग से निकाला था बाहर
फॉक्स न्यूज और सीएनएन की रिपोर्ट बताती है कि हमाम का उग्रवादी रवैया कोई नया नहीं था। साल 2024 में उग्रवादी और कट्टरपंथी इस्लामिक वेबसाइट्स खंगालने की बात उजागर होने के बाद ओमान की नेशनल एयरलाइन ने उसे पायलट ट्रेनिंग से फौरन हटा दिया था।
ओमान एयर ने उसकी उड़ानों पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी थी और उसे दूसरी गैर-उड़ान जिम्मेदारियां सौंप दी थीं। ओमान में बैन लगने के बाद वह किसी तरह यूएई पहुंचा और करीब 8 महीने पहले उसने फ्लाईदुबई में बतौर को-पायलट नौकरी हासिल कर ली।
बैग से मिली फिलिस्तीन समर्थक सामग्री
i24NEWS ने एक अमीराती सूत्र के हवाले से बताया कि जांच अधिकारियों को हमाम के निजी सामान से 'फ्री फिलिस्तीन' समूहों के पर्चे और इजराइल विरोधी सामग्री मिली है। वह अक्सर फिलिस्तीन के समर्थन और इजरायल के खिलाफ बातें किया करता था। एजेंसियां अब इन दस्तावेजों को उसके आतंकी मकसद और साजिश के सबसे अहम सबूत के तौर पर देख रही हैं।
इजरायली खुफिया एजेंसियों के निशाने पर संवेदनशील रूट
ओमान और इजराइल के बीच कोई औपचारिक राजनयिक संबंध नहीं हैं। ऐसे में इजराइल की खुफिया एजेंसी मोसाद, शिन बेट, सेना और ट्रांसपोर्टेशन मिनिस्ट्री के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि सुरक्षा एजेंसियों की रडार पर होने के बावजूद हमाम को तेल अवीव जाने वाले अति-संवेदनशील रूट पर ड्यूटी कैसे मिल गई?
फिलहाल आरोपी को सऊदी अरब से यूएई भेज दिया गया है, जहां उस पर आतंकवाद का मुकदमा दर्ज कर जांच चलाई जा रही है। वहीं गंभीर रूप से जख्मी भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार को सऊदी अरब से एयरलिफ्ट कर अबू धाबी लाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
फ्लाइट में उस दिन क्या हुआ था?
30 सितंबर को फ्लाईदुबई की फ्लाइट में कॉकपिट के अंदर कैप्टन स्मित मच्छर पर कथित तौर पर हमाम ने हमला किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसने भारतीय पायलट पर चाकू से वार किया। इसके बाद बोइंग 737 अचानक तेज ढलान में जाने लगा। हमले के बावजूद कैप्टन स्मित ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल की।
इसके बाद क्रू और यात्रियों ने अंदर पहुंचकर स्थिति संभालने में मदद की। विमान में दो ऑफ-ड्यूटी पायलट भी मौजूद थे। उन्होंने भी विमान का नियंत्रण वापस लेने में मदद की। इसके बाद फ्लाइट की सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
हमाम अब कहां है?
घटना के बाद हमाम को सऊदी अरब में हिरासत में लिया गया। बाद में उसे यूएई भेज दिया गया। अब इसी जांच में उसके कथित मकसद, पुराने रिकॉर्ड और बैकग्राउंड को खंगाला जा रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि कॉकपिट में हमला अचानक हुआ था या इसके पीछे पहले से कोई योजना थी। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि उसके पुराने रिकॉर्ड की जानकारी फ्लाईदुबई तक पहुंची थी या नहीं।
फिलहाल यूएई की तरफ से हमाम अल-हमामी के नाम और उसके कथित बैकग्राउंड की सार्वजनिक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए सीरिया में उसके कथित संपर्क, कट्टरपंथी विचारों और विमान को गिराने के इरादे से जुड़े दावों को जांच पूरी होने तक आरोप या रिपोर्टेड जानकारी के तौर पर ही देखना होगा।
यही इस पूरे मामले का सबसे अहम पहलू है। एक तरफ कॉकपिट में हुई हिंसक घटना की जांच चल रही है। दूसरी तरफ आरोपी के पुराने रिकॉर्ड से जुड़े सवाल लगातार सामने आ रहे हैं। आने वाली जांच से ही साफ होगा कि इन दावों में कितनी सच्चाई है और आखिर 30 सितंबर की फ्लाइट में हुआ घटनाक्रम किस वजह से शुरू हुआ।


Click it and Unblock the Notifications
