अमेरिका में सभी उड़ाने ठप, क्या साइबर अटैक थी वजह? व्हाइट हाउस ने बताया
ताजा अपडेट के मुताबिक सामान्य हवाई यातायात संचालन पूरे अमेरिका में धीरे-धीरे फिर से शुरू हो रहा है और ग्राउंड स्टॉप हटा लिया गया है। हालांकि फिर से पुरानी व्यवस्था बहाल होने में अभी काफी वक्त लग सकता है।

Image: PTI
अमेरिका के फेडेरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन के NOTAM सिस्टम में आई गड़बड़ी की वजह से हवाई सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अब तक लगभग 4,000 उड़ानों को डिले किया जा चुका है। फेडेरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन का कहना है कि तकनीकी विशेषज्ञ इस सिस्टम को ठीक करने में जुटे हैं। इसे अमेरिकी विमान सेवा इतिहास की सबसे बड़ी घटना बताया जा रहा है। इस पूरे मामले पर राष्ट्रपति जो बाइडेन ने रिपोर्ट मांगी है।
व्हाइट हाउस ने जांच के दिए आदेश
व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरीन जीन पियरे ने कहा है कि इस परेशानी के बारे में राष्ट्रपति बाइडेन को जानकारी दी गई है। अब तक की जांच के आधार पर हम कह सकते हैं कि यह सायबर अटैक का मामला नहीं है, लेकिन राष्ट्रपति ने इस मामले की पूरी और गंभीरता से जांच के आदेश दिए हैं। मीडिया से बातचीत में अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन ने कहा कि सभी एयरक्राफ्ट को सेफ तरीके से लैंड करने की अनुमति दी गई है। हालांकि अभी विमानों को टेकऑफ की अनुमति नहीं दी जा सकती है।
बाइडेन खुद कर रहे निगरानी
अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन ने कहा कि फिलहाल, ये कहना मुश्किल है इस बड़ी समस्या की वजह क्या है। वह खुद इस मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। बाइडेन ने कहा कि उन्होंने परिवहन सचिव पीट बटिगिएग के साथ बात की थी, और विफलता के कारण की पहचान होने पर उन्हें रिपोर्ट करने के लिए कहा था। ताजा अपडेट के मुताबिक सामान्य हवाई यातायात संचालन पूरे अमेरिका में धीरे-धीरे फिर से शुरू हो रहा है और ग्राउंड स्टॉप हटा लिया गया है। हालांकि फिर से पुरानी व्यवस्था बहाल होने में अभी काफी वक्त लग सकता है।
हालात ठीक होने में लगेगा वक्त
NBC के एविएशन एनालिस्ट कैप्टन जॉन कॉक्स ने कहा, "मेरे हिसाब से घरेलू विमान कार्यवाही गुरुवार रात या शुक्रवार सुबह तक ही सामान्य हो पाएंगी। मान लीजिए अगर कोई एयरक्राफ्ट न्यूयॉर्क में फंस गया है और उसे 4 घंटे बाद लास एंजिलिस पहुंचना है तो इसमें कई घंटे की देरी हो सकती है। जाहिर है इससे पूरा फ्लाइट शेड्यूल गड़बड़ होगा। हमें अब पूरे सिस्टम का एनालिसिस करना होगा।"












Click it and Unblock the Notifications