ओबामा ने फिर कहा, ISIS के खिलाफ लंबी चलेगी लड़ाई
वाशिंगटन। अमेरिका के नेतृत्व में तमाम हवाई हमले झेलने के बाद भी आतंकी संगठन आईएसआईएस पूरी जोर के साथ आगे बढ़ता जा रहा है। काफी समय तक संघर्ष करने के बाद भी सीरिया के सीमावर्ती क्षेत्र कोबाने पर आईएस द्वारा कब्जा होने का खतरा बढ़ गया है।

आईएस की गतिविधियों को देखते हुए लगता है जल्दी ही कोबाने के नागरिकों को भी कत्लेआम और तमाम उत्पीड़न से गुजरना पड़ेगा। वहीं, कई लोग यह भी मान रहे हैं कि अमेरिका आईएस से तब तक नहीं जीत सकता, जब तक कि जमीनी कार्रवाई शुरू न की जाए।
लिहाजा, अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने बयान जारी करते हुए कहा कि आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट के खिलाफ लड़ाई में समय-समय पर झटका भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह एक लंबा अभियान है। ओबामा ने अमेरिका के मेरीलैंड में जॉइंट बेस एंड्रज में गठबंधन सेना के अधिकारियों की एक बैठक के बाद कहा, यह एक लंबा अभियान बनने जा रहा है, इसमें तत्काल उपलब्धि की गुजांइश नहीं है।
गौरतलब है कि, आईएसआईएस के खिलाफ हवाई हमले शुरु करने से पहले भी राष्ट्रपति ओबामा ने अपने संबोधन में यह बातें कही थी। और माना था कि आईएस अलकायदा एवं तमाम आतंकी संगठनों से काफी मजबूत है।
अंतरराष्ट्रीय सैन्य अधिकारियों, व्हाइट हाउस के शीर्ष अधिकारियों और पेंटागन के शीर्ष अधिकारियों की बैठक ऐसे समय में हुई है, जब नई आशंकाएं पैदा हुई हैं कि अमेरिका आईएसआईएस को जवाब देने में चूक रहा है। आईएस इराक और सीरिया में अमेरिका के नेतृत्व में हो रहे हवाई हमलों के बावजूद नए क्षेत्रों पर कब्जा करता जा रहा है।
लेकिन व्हाइट हाउस ने कहा है कि कुछ बुरी खबरों के बावूजद आईएस के खिलाफ राष्ट्रपति की योजना सफल हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications