सीरियल बम धमाकों से दहल उठा इजरायल, एक के बाद एक तीन बसों के उड़े परखच्चे, आतंकी हमले का शक
Israel: इजराइल में गुरुवार को तीन बसों में सिलसिलेवार विस्फोट हुए हैं। इन धमाकों से मध्य इजराइल दहल गया। ऐसा बताया जा रहा है कि पार्किंग में खड़ी तीन बसों में एक के बाद एक ब्लास्ट हुए है। हालांकि, इन धमाकों में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं मिली। अधिकारियों को आतंकवादी हमले का संदेह है, क्योंकि दो अतिरिक्त बसों में भी विस्फोटक पाए गए है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये विस्फोट गाजा युद्धविराम समझौते के तहत हमास और इज़राइल के बीच कैदियों की अदला-बदली के दौरान हुए है। इस बीच, स्थानीय अधिकारियों ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। सीरियल विस्फोटों के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक सुरक्षा बैठक बुलाई।

शुरुआती बयान में, पुलिस ने इस घटना को संदिग्ध आतंकवादी हमला बताया। बम कथित तौर पर टाइमिंग डिवाइस से लैस थे और कुछ को बम निरोधक टीमों द्वारा निष्क्रिय कर दिया गया है। इन धमाकों ने 2000 के दशक में फिलिस्तीनी विद्रोह के दौरान हुए ऐसे ही हमलों की यादें ताज़ा कर दी हैं।
पुलिस प्रवक्ता हैम सरग्रॉफ ने कहा कि यह पता लगाने के लिए जांच जारी है कि विस्फोटक एक व्यक्ति ने लगाया था या कई लोगों ने। प्रमुख इज़रायली शहरों में सभी बसों और ट्रेनों में सुरक्षा जांच की जा रही है। सरग्रॉफ ने कहा कि इन विस्फोटकों और पश्चिमी तट पर पाए जाने वाले विस्फोटकों में समानताएं हैं, हालांकि उन्होंने इस बारे में और अधिक जानकारी देने से परहेज किया।
सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इजरायली पुलिस और बम निरोधक दस्तों द्वारा व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इस बीच बैट याम के मेयर त्जविका ब्रॉट ने कहा कि यह सौभाग्य की बात है कि विस्फोट के समय बसें खाली थीं और खड़ी थीं, इसलिए कोई भी घायल नहीं हुआ।
ये भी पढ़ें: 'रोज़ पीटा जाता था,नहीं मिलता था खाना' इजरायल की चंगुल से छूटे फिलिस्तीनी कैदियों का छलका दर्द












Click it and Unblock the Notifications