काबुल में विदेश मंत्रालय में विस्फोट, चीनी अधिकारी संग चल रही थी बैठक, कम से कम 20 लोग मरे!
अफगानिस्तान में एक बार फिर से बम धमाका हुआ है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह धमाका मंत्रालय के गेट पर हुआ है।

Image: File
अफगानिस्तान में एक बार फिर से बम धमाका हुआ है। इस बार यह धमाका विदेश मंत्रालय के गेट पर हुआ है। जानकारी के मुताबिक जिस वक्त यह धमाका हुआ उस समय कई चीनी अधिकारी तालिबानी नेताओं के साथ बैठक में व्यस्त थे। इस धमाके में कई लोगों के मारे जाने की आशंका है।
काबुल पुलिस के प्रवक्ता खालिद जादरान ने विस्फोट की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा दल मौके पर पहुंच गए हैं। इस हमले में 20 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की खबर है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। AFP के स्टाफ मैंबर जमशेद करीमी ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि उनमें से कितने लोग मारे गए या घायल हुए लेकिन उन्होंने देखा कि आदमी ने खुद को उड़ा लिया।
हाल में हुए धमाके
आपको बता दें कि अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में इससे पहले 4 जनवरी को भी धमाके हुए थे जिसमें कई लोग मारे गए थे। उससे पहले नए साल के मौके पर काबुल में ही सैन्य हवाई अड्डे पर एक विस्फोट हुआ था। इस घटना में 10 लोग मारे गए थे और कई लोग घायल हुए थे। 28 दिसंबर को भी अफगानिस्तान के तालुकन प्रोविंस में धमाका हुआ था। जिसमें 4 लोग घायल हो गए थे।
ताखर में तालिबान के सुरक्षा कमांडर अब्दुल मुबीन सफी ने बताया था कि एक स्थानीय प्रशासनिक कर्मचारी के डेस्क के नीचे एक बम रखा गया था, जिसके फटने से यह घटना हुई। इससे पहले 26 दिसंबर को भी एक बादाखशान प्रोविंस में हुए धमाके में एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई थी।
चाइनीज होटल पर हमला
12 दिसंबर को काबुल के शहर-ए-नवा होटल में आतंकियों ने हमला कर दिया था। इस होटल को चाइनीज होटल कहा जाता है क्योंकि यह चीनी लोगों का पसंदीदा होटल है। इस हमले में 5 चीनी नागरिक घायल हो गए थे। इस हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट (ISIS) ने ली थी। ISIS ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए बताया कि उसने ये हमला चीनी व्यापारियों को टारगेट करने के लिए किया था। ISIS ने कहा कि उसके 2 सदस्यों ने काबुल में उस बड़े होटल पर हमला किया था।












Click it and Unblock the Notifications