TikTok पर यूरोपीय संघ ने लगाया 3,000 करोड़ का जुर्माना, बच्चों के पर्सनल डेटा से जुड़ा है मामला
चीनी शॉर्ट-फॉर्म वीडियो प्लेटफार्म टिकटॉक पर यूरोपीय संघ ने कड़ा जुर्माना लगाया है। यूरोप के डाटा गोपनीयता नियमों के उल्लंघन के आरोप में टिकटॉक पर 368 मिलियन डॉलर का जुर्माना लगाया गया है। भारतीय मुद्रा में ये रकम तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की बनती है।
यह पहली बार है कि लोकप्रिय लघु वीडियो-शेयरिंग ऐप को यूरोप के सख्त डेटा गोपनीयता नियमों का उल्लंघन करने के लिए दंडित किया गया है। टिकटॉक पर ये जुर्माना बच्चों से जुड़े पर्सनल डेटा को ठीक से हैंडल नहीं करने की वजह से लगाया गया है।

प्रमुख गोपनीयता नियामक आयरलैंड के डेटा प्रोटेक्शन कमीशन ने कहा कि जांच में पाया गया कि कम उम्र के यूजर्स के लिए साइन-अप प्रक्रिया में ऐसी सेटिंग्स सामने आईं, जिन्होंने उनके खातों को डिफ़ॉल्ट रूप से सार्वजनिक कर दिया। ऐसे में किसी को भी उनके वीडियो देखने और उन पर टिप्पणी करने की अनुमति मिल गई।
डेटा प्रोटेक्शन कमीशन ने चीनी प्लेटफॉर्म की आलोचना करते हुए कहा कि 13 साल से कम उम्र के बच्चे भी यहां आसानी से अपना एकाउंट क्रिएट कर सकते हैं। ऐसे में उन डिफ़ॉल्ट सेटिंग्स ने 13 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए भी जोखिम पैदा किया, जिन्होंने अनुमति नहीं होने के बावजूद प्लेटफ़ॉर्म तक पहुंच प्राप्त की।
इसके अलावा टिकटॉक में सेटिंग्स को प्रबंधित करने के लिए माता-पिता के लिए डिज़ाइन की गई "फैमिली पेयरिंग" सुविधा पर्याप्त सख्त नहीं थी, जो वयस्कों को उनकी सहमति के बिना 16 और 17 वर्ष की आयु के उपयोगकर्ताओं के लिए सीधे मैसेजिंग चालू करने की अनुमति देती थी।
टिकटॉक ने एक बयान में कहा कि वह इस फैसले से असहमत है, खासकर लगाए गए जुर्माने के स्तर से। कंपनी की दलील है कि उसके विरूद्ध की गई अधिकतर आलोचनाएं अब प्रासंगिक नहीं रह गई हैं।
आपको बता दें कि चीनी ऐप टिकटॉक पर दुनियाभर के देशों में सख्ती बरती जा रही है। इसी साल अप्रैल में ब्रिटेन ने टिकटॉक पर 12.7 मिलियन पाउंड का जुर्माना लगाया था। टिकटॉक पर 13 साल से कम उम्र के बच्चों का व्यक्तिगत डेटा इस्तेमाल करने और डेटा प्रोटेक्शन कानून भंग करने के मामले में दोषी पाया गया था।












Click it and Unblock the Notifications