अन्नामलाई ने क्यों छोड़ी BJP? इस्तीफे की 5 बड़ी वजह, नई पार्टी से चुनाव लड़ने की प्लानिंग तक की इनसाइड स्टोरी
K Annamalai: तमिलनाडु की राजनीति में जिस बड़े उलटफेर की आशंका काफी समय से जताई जा रही थी, वह आखिरकार सच साबित हो गई। पूर्व IPS अधिकारी और तमिलनाडु बीजेपी के कद्दावर नेता के. अन्नामलाई ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने उनका 5 पन्नों का इस्तीफा स्वीकार भी कर लिया है। लेकिन इस इस्तीफे के बाद अन्नामलाई ने जो खुलासे किए हैं, उसने दिल्ली से लेकर चेन्नई तक खलबली मचा दी है।
इस्तीफे के बाद अन्नामलाई ने कहा कि पिछले कुछ समय से उनके भीतर एक बड़ा वैचारिक संघर्ष चल रहा था कि वह पहले भाजपा के नेता हैं या एक तमिलियन। अन्नामलाई ने कहा कि 4 दिसंबर 2025 को ही उन्होंने पार्टी नेतृत्व को अपना इस्तीफा देने के बारे में बताया दिया था। लेकिन उस वक्त विधानसभा चुनाव तक जिम्मेदारियां निभाने के लिए कहा गया था।

अन्नामलाई ने कहा कि उनका अगला कदम सिर्फ सामाजिक आंदोलन तक सीमित नहीं रहेगा। उनका दावा है कि वो अपनी एक नई राजनीतिक पार्टी बनाएंगे और तमिलनाडु के अगले विधानसभा चुनाव में मैदान में चुनाव लड़ेंगे। अन्नामलाई ने कहा कि उन्होंने सुपरस्टार रजनीकांत का ऑफर तक ठुकरा कर बीजेपी का हाथ थामा था। आइए इस पूरे मामले का विश्लेषण करते हैं और जानते हैं वो 5 बड़ी वजहें, जिनके कारण अन्नामलाई को ने भाजपा छोड़ने जैसा कदम उठाया।
▶️अन्नामलाई की नई पार्टी की तैयारी, आंदोलन से होगी शुरुआत
अन्नामलाई 7 जून को अपने प्रमुख समर्थकों के साथ अहम बैठक करने वाले हैं। माना जा रहा है कि इसी बैठक में वह अपनी नई राजनीतिक रणनीति और संगठन की रूपरेखा का ऐलान कर सकते हैं। तमिलनाडु के युवा वोटरों में उनकी लोकप्रियता को देखते हुए सभी प्रमुख राजनीतिक दल उनके अगले कदम पर करीबी नजर बनाए हुए हैं। वहीं, राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी है कि आरएसएस चाहता है कि अन्नामलाई सार्वजनिक जीवन में सक्रिय भूमिका निभाते रहें।
सूत्रों के मुताबिक तीन दिन पहले दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद अन्नामलाई ने भाजपा से सम्मानजनक और बिना टकराव वाली विदाई का रास्ता चुना। अब वह 'राष्ट्रवादी-तमिल दर्शन' पर आधारित एक नए जनआंदोलन को आगे बढ़ाएंगे, जिसे भविष्य में राजनीतिक दल का रूप दिया जा सकता है।

▶️"रजनीकांत ने खुद बुलाया था, लेकिन मैंने बीजेपी को चुना"
अन्नामलाई ने बीजेपी छोड़ने के बाद अपनी राजनीतिक शुरुआत के उन पन्नों को पलटा, जिसके बारे में लोग कम ही जानते हैं। उन्होंने बताया कि जब वे पुलिस की नौकरी छोड़कर सार्वजनिक जीवन में आ रहे थे, तो उन्होंने शुरुआत में विजयकांत की पार्टी में एक इंटर्न के तौर पर काम सीखा था।
इसके बाद जब वे अपनी खुद की राह तलाश रहे थे, तो बीजेपी में शामिल होने से ठीक एक दिन पहले खुद सुपरस्टार रजनीकांत ने उन्हें अपने राजनीतिक आंदोलन से जुड़ने का न्योता दिया था। लेकिन उन्होंने रजनीकांत के ऑफर को आदरपूर्वक मना कर दिया और बीजेपी नेता बीएल संतोष के वादे और भरोसे पर भरोसा जताते हुए कमल का दामन थाम लिया।
▶️वो 5 बड़ी वजहें जिन्होंने अन्नामलाई को BJP छोड़ने पर मजबूर किया (5 Key Reasons Behind Annamalai Resignation From BJP)
अन्नामलाई और बीजेपी हाईकमान के बीच पिछले 18 महीनों से मतभेद गहराते जा रहे थे। इन 5 वजहों से समझिए कि आखिर बात इस्तीफे तक कैसे पहुंची:
1️⃣ AIADMK से गठबंधन: विचारधारा और साख की लड़ाई
अन्नामलाई तमिलनाडु की राजनीति में एक बिल्कुल नया नैरेटिव सेट करना चाहते थे। उनका मानना था कि जब तक बीजेपी वहां की दो बड़ी द्रविड़ पार्टियों (DMK और AIADMK) की बैसाखी पर चलेगी, तब तक वह राज्य में अपनी स्वतंत्र पहचान नहीं बना पाएगी। इसी सोच के साथ उन्होंने 'एन मन्न, एन मक्कल' यात्रा निकाली और सीधे द्रविड़ राजनीति के दिग्गजों सीएन अन्नादुरई और जे. जयललिता पर तीखे हमले किए। इससे AIADMK के नेता नाराज हो गए और सितंबर 2023 में गठबंधन टूट गया।
अन्नामलाई अकेले दम पर चुनाव लड़ने के पक्ष में थे, लेकिन 2026 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले दिल्ली आलाकमान ने अन्नामलाई की रणनीति को दरकिनार करते हुए AIADMK से दोबारा समझौता कर लिया। अन्नामलाई को लगा कि इससे उनकी इतने सालों की मेहनत और द्रविड़ विरोधी साख पर पानी फिर गया है।
2️⃣ वोट बैंक का बंटाधार: आंकड़ों की जुबानी
अन्नामलाई ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को सौंपे अपने 5 पन्नों के इस्तीफे के साथ एक विस्तृत परफॉर्मेंस रिपोर्ट भी लगाई है। इस रिपोर्ट के आंकड़े बताते हैं कि गठबंधन का फैसला बीजेपी के लिए आत्मघाती साबित हुआ। अन्नामलाई ने तर्क दिया कि:
- जब 2024 का लोकसभा चुनाव बीजेपी ने उनके आक्रामक नेतृत्व में अकेले (Independently) लड़ा था, तब पार्टी को तमिलनाडु के इतिहास में सबसे ज्यादा 11.38% वोट शेयर मिला था।
- लेकिन इस बार AIADMK के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ने से बीजेपी का ग्राफ बुरी तरह गिर गया और पार्टी महज 3% वोट शेयर पर सिमट गई।
- इतना ही नहीं, साल 2021 के विधानसभा चुनाव में जहां बीजेपी के 4 विधायक जीते थे, वहीं इस बार पार्टी को सिर्फ 1 सीट से संतोष करना पड़ा। अन्नामलाई इसी बात से नाराज थे कि आलाकमान ने जमीनी हकीकत को नजरअंदाज किया।
3️⃣टिकट बंटवारे में अनदेखी और अपमान
एक प्रदेश नेता के तौर पर अन्नामलाई चाहते थे कि गठबंधन में बीजेपी मजबूत स्थिति में रहे और सीटों का चयन स्थानीय संगठन की ताकत के हिसाब से हो। लेकिन अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में बैठे केंद्रीय नेतृत्व ने सहयोगी दल (AIADMK) के दबाव में आकर महज एक ही दिन के भीतर सीटों के बंटवारे और उम्मीदवारों की लिस्ट पर मुहर लगा दी।
इस बातचीत में अन्नामलाई की राय को पूरी तरह तवज्जो नहीं दी गई। इस बात से वह इतने आहत हुए कि उन्होंने खुद विधानसभा चुनाव लड़ने से साफ मना कर दिया और कई विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के लिए प्रचार करने से भी खुद को पीछे खींच लिया।

4️⃣चुनाव से पहले अध्यक्ष पद छीनना
अन्नामलाई के आक्रामक और बेबाक रवैये से AIADMK के शीर्ष नेता, विशेषकर एडप्पादी के. पलानीस्वामी बेहद नाराज चल रहे थे। गठबंधन को सुचारू रूप से चलाने के लिए बीजेपी हाईकमान ने एक बड़ा राजनीतिक समझौता करने का मन बनाया।
पार्टी ने चुनाव से ठीक पहले अन्नामलाई को तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष पद से हटा दिया और उनकी जगह नैनार नागेंद्रन को नया कप्तान बना दिया, जो AIADMK के साथ नरमी से पेश आने के पक्ष में थे। हालांकि अन्नामलाई ने खुद को 'साधारण कार्यकर्ता' कहकर पार्टी का काम करने की बात कही, लेकिन इस फैसले ने साफ कर दिया था कि दिल्ली दरबार में अब उनकी वैसी पूछ नहीं रह गई है।
5️⃣क्षेत्रीय अस्मिता और केंद्र की 'Three-Language Formula' का टकराव
अन्नामलाई के इस्तीफे की आखिरी और सबसे तात्कालिक वजह बनी केंद्र सरकार की एक नीति। हाल ही में केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने सीबीएसई (CBSE) स्कूलों में कक्षा 9 के छात्रों के लिए 'तीन-भाषा नीति' (Three-Language Formula) को अनिवार्य करने का फैसला किया। तमिलनाडु की राजनीति में भाषा और हिंदी का मुद्दा हमेशा से बेहद संवेदनशील रहा है।
अन्नामलाई ने यहां अपनी राष्ट्रीय पार्टी की लाइन से हटकर शुद्ध क्षेत्रीय राजनीति का रुख अपनाया। उन्होंने सार्वजनिक रूप से इस नीति का विरोध किया और मांग की कि इसे अभी लागू करने के बजाय साल 2029-30 के सत्र तक टाल दिया जाए। अपनी ही सरकार की नीति पर इस तरह खुलेआम सवाल उठाने से दिल्ली का नेतृत्व उनसे बेहद नाराज हो गया, जिसने इस अलगाव की आग में घी का काम किया।
▶️अन्नामलाई ने अपने इस्तीफा पत्र में क्या लिखा?
''आदरणीय सर,
वणक्कम (नमस्कार)!हमारे माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व से प्रेरित होकर, मैं छह साल पहले भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुआ था। मेरा मकसद तमिलनाडु में एक सकारात्मक बदलाव लाना और राज्य की राजनीति के तौर-तरीकों को सुधारना था। सबसे बड़ी बात, मैं इस सोच को बदलना चाहता था कि राजनीति सिर्फ रसूखदार और गिने-चुने विशिष्ट लोगों के लिए है, न कि एक आम इंसान के लिए। मैं बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व का बेहद आभारी हूँ कि उन्होंने मुझ जैसे एक बहुत ही युवा और नए इंसान पर इतना बड़ा भरोसा जताया और मुझे इतनी बड़ी जिम्मेदारियां और नेतृत्व के पद सौंपे।
हमारे राज्य के लोग पिछले कई दशकों की घिसी-पिटी राजनीति से पूरी तरह ऊब चुके थे और बदलाव के लिए तरस रहे थे। पिछले एक दशक में कई मौकों पर बदलाव की सुगबुगाहट तो हुई, लेकिन वे कोशिशें अपनी जमीन नहीं बचा पाईं और बहुत जल्दी लोगों के जेहन से गायब हो गईं। राष्ट्रीय पार्टियों ने कभी उस भाषा में बात नहीं की जिसे तमिलनाडु के आम लोग समझ सकें। मैंने इस सोच को बदलने की पूरी कोशिश की और अंदर और बाहर दोनों तरफ से मिलीं तमाम रुकावटों, बाधाओं और अड़चनों के बावजूद मुझे इसमें अच्छी-खासी कामयाबी भी मिली।
क्षेत्रीय आकांक्षाओं से गहराई से जुड़े एक राष्ट्रवादी के तौर पर, मुझे अपनी भाषा की समृद्धि, अपनी संस्कृति की विविधता और अपने क्षेत्र की अनूठी विरासत पर बहुत ज्यादा गर्व है। मेरा यह पक्का विश्वास है कि एक मजबूत और एकजुट भारत का निर्माण उसके कई क्षेत्रों और समुदायों की ताकत, सम्मान और उम्मीदों पर ही टिका होता है। मैं समय-समय पर जिन मुद्दों और चिंताओं को लगातार शीर्ष नेतृत्व के ध्यान में लाता रहा, उन पर लगातार मिले समर्थन के लिए मैं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व को धन्यवाद देता हूँ।
इस मोड़ पर, मैं शीर्ष नेतृत्व के साथ हुई अपनी कई बातचीत और पिछले 18 महीनों के दौरान अपने द्वारा जताए गए मतभेदों को याद करना चाहूंगा। तमिलनाडु में विकास-उन्मुख और सांस्कृतिक रूप से जुड़ी राजनीति को आगे ले जाने के मेरे जो विचार हैं, उनसे मैं अब शीर्ष नेतृत्व पर और ज्यादा बोझ नहीं डालना चाहता। हमारे वरिष्ठ नेतृत्व के साथ हुई बातचीत के बाद, मैं इस नतीजे पर पहुंचा हूं कि तमिलनाडु को लेकर हमारे विचार आपस में मेल नहीं खा रहे हैं।''
▶️अन्नामलाई के जाने से बीजेपी को कितना नुकसान और आगे का प्लान क्या है? (What Next for Annamalai and Impact on Tamil Nadu BJP)
अन्नामलाई के पार्टी छोड़ने से तमिलनाडु में बीजेपी को तगड़ा झटका लगा है। 6 साल के सफर में उन्होंने 'एन मन्न, एन मक्कल' (मेरी धरती, मेरे लोग) यात्रा निकालकर पार्टी को बूथ स्तर पर खड़ा किया था। उनके जाने से बीजेपी ने राज्य में युवाओं और सोशल मीडिया पर मजबूत पकड़ रखने वाला अपना सबसे बड़ा चेहरा खो दिया है। हालांकि, बीजेपी का एक धड़ा मानता है कि पीएम मोदी की लोकप्रियता और एआईएडीएमके के साथ से इस नुकसान की भरपाई हो जाएगी।
▶️आगे क्या करेंगे अन्नामलाई?
अन्नामलाई ने साफ कर दिया है कि वे राजनीति से संन्यास नहीं ले रहे हैं। तमिलनाडु की राजनीति में इस समय अभिनेता जोसफ विजय की पार्टी (TVK) के उभार ने यह साबित कर दिया है कि वहां केवल क्षेत्रीय पहचान वाली पार्टियां ही आगे बढ़ सकती हैं।
अन्नामलाई भी इसी साल युवाओं और खासकर 'जेन जेड' (Gen Z) को जोड़ने के लिए एक बड़ा जन-आंदोलन शुरू करने वाले हैं। यही आंदोलन आगे चलकर एक नई क्षेत्रीय पार्टी का रूप लेगा, जो तमिलनाडु की राजनीति में एक नया अध्याय लिखेगा।














Click it and Unblock the Notifications