Elon Musk ने Twitter में किए बहुत बड़े बदलाव, क्रिएटिव लोगों को डॉलर्स कमाने का दिया ऑप्शन
एलन मस्क ने ट्वीट करते हुए ट्विटर में किए गये अहम बदलावों की जानकारी दी है, जिसमें ब्लूटिक वाले यूजर्स को पैसे कमाने का ऑप्शन दे दिया गया है।
Elon Musk Twitter Changes: ट्विटर खरीदने के बाद दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी Elon Musk इस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में लगातार बदलाव कर रहे हैं, लिहाजा ट्विटर में उथल-पुथल मचा हुआ है। सबसे दिलचस्प बात ये है, कि एलन मस्क ट्विटर में होने वाले इस बदलाव की घोषणा खुद कर रहे हैं और लोगों को उनके सवालों का जवाब भी दे रहे हैं। ट्विटर डील फाइनल होने के एक हफ्ते के अंदर ही एलन मस्क भारी संख्या में कर्मचारियों की छंटनी कर रहे हैं, वहीं उनके ह्यूमर भरे पोस्ट भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इस बीच एलन मस्क ने ट्विटर में किए गये अहम बदलावों की घोषणा कर दी है।

ट्विटर में किए गये अहम बदलाव
एलन मस्क ने ट्वीट करते हुए ट्विटर में किए गये अहम बदलावों की जानकारी दी है। एलन मस्क ने ट्वीट करते हुए कहा है कि, ट्विटर में अब बहुत जल्द लॉन्ग फॉर्म टेक्स्ट अटैच करने की सुविधा दी जाएगी। इसके साथ ही एलन मस्क ने कहा है कि, ट्विटर में अब नोटपैड स्क्रीनशॉट को खत्म कर दिया जाएगा। एलन मस्क ने अपने नये ट्विटर पोस्ट में लिखा है कि, "ट्विटर जल्द ही ट्वीट्स में लंबे टेक्स्ट को अटैच करने की क्षमता को शामिल कर देगा, जिससे नोटपैड स्क्रीनशॉट्स इस्तेमाल करने की जरूरत खत्म हो जाएगी।" इसके साथ ही एलन मस्क ने कंटेट क्रिएटर्स के लिए भी बहुत बड़ा ऐलान किया है। एलन मस्क ने कंटेट क्रिएटर्स को ट्विटर से पैसा कमाने का भी ऑप्शन दिया है। यानि, अगर आप नये कंटेट का निर्माण करते हैं, तो फिर आप ट्विटर पर अब उसे अपलोड करके पैसा कमा सकते हैं। ये बहुत कुछ उसी तरह का है, जिस तरह से लोग यूट्यूब पर वीडियो बनाकर पैसा कमाते हैं। एलन मस्क ने अपने ट्वीट में इसकी जानकारी भी दी है।

यूट्यूब की तरफ बन जाएगा ट्विटर?
एलन मस्क ने 44 अरब डॉलर में ट्विटर प्लेटफॉर्म को खरीदा है और अभी तक ट्विटर की कमाई काफी कम थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एलन मस्क ने ट्विटर खरीदने के लिए करीब 13 अरब डॉलर का बैंक लोन लिया है और अब उन्हें हर साल उसका ब्याज चुकाना होगा। लिहाजा, एलन मस्क अब ट्विटर से जल्द से जल्द पैसे भी कमाना चाहते हैं और इसीलिए ट्विटर में काफी तेजी से बदलाव किए जा रहे हैं। एलन मस्क ने अपने ट्वीट में लिखा है कि, 'हम 42 मिनट का 1080 रिजॉल्यूशन चंक ब्लूटिक वालों के लिए एक्टिव कर सकते हैं, यानि अब आप लंबे वीडियो ट्विटर पर अपलोड कर सकते हैं। 42 मिनट के वीडियो का चंक अगले महीने फिक्स कर दिया जाएगा।' इसके साथ ही एलन मस्क ने अपने ट्वीट में लिखा है कि, 'यूट्यूब का मॉनिटाइजेशन कैसे काम करता है और ट्विटर इसे और बेहतर कैसे बना सकता है?'

एलन मस्क के ऑफर का मतलब क्या है?
एलन मस्क के ट्वीट के मुताबिक, अगर आप कंटेट क्रिएटर हैं, तो फिर अब आप ट्विटर पर अपने क्रिएटिव वीडियो अपलोड कर सकते हैं और इसके बदले आपको पैसे दिए जाएंगे। हालांकि, अभी तक तय नहीं है, कि ट्विटर से आपको पैसे डॉलर्स में मिलेंगे या फिर क्रिप्टोकरेंसी के तौर पर। लेकिन, ट्विटर पर अगर आप कंटेट क्रिएटर बनना चाहते हैं, तो फिर ये सुविधा सिर्फ और सिर्फ ब्लूटिक सब्सक्रिप्शन वाले यूजर्स को ही मिलेगा। यानि, पहले आपको ब्लूटिक सब्सक्रिप्शन लेना होगा, जिसकी कीमत फिलहाल एलन मस्क ने 8 डॉलर यानि करीब 650 भारतीय रुपये हर महीने रखा है। एलन मस्क के इस नये प्रस्ताव के मुताबिक, अब आप 42 मिनट तक का वीडियो बनाकर उसे ट्विटर पर अपलोड कर सकते हैं और फिर उसके व्यूज और एडवर्टिजमेंट के मुताबिक आपको पैसे मिलेंगे। हालांकि, एलन मस्क ने इसे यूट्यूब से बेहतर बनाने की बात कही है, लिहाजा देखने वाली बात ये होगी, कि ये किस तरह से यूट्यूस से अलग होगा। लेकिन, एक बात जो साफ है, कि ट्विटर पर आप 42 मिनट से ज्यादा का वीडियो अपलोड नहीं कर सकते हैं।

ट्विटर के इनकम में भारी गिरावट
खबर के मुताबिक, एलन मस्क का ट्विटर से कर्मचारियों की छंटनी के ऐलान के बाद कई विज्ञापन एजेंसियां पीछे हटने लगी हैं, लिहाजा ट्विटर की कमाई में भारी कमी आ गई है। इससे नाराज एलन मस्क ने Advertisers पर दबाव बनाने वाले एक्टिविस्ट समूहों को दोषी ठहराया है। लिहाजा, एलन मस्क अपने पूंजीपति मित्रों के साथ बैठकों में शामिल होकर उन कंपनियों को विश्वास में लेने की कोशिश कर रहे हैं, जो ट्विटर पर सालाना 5 अरब डॉलर से ज्यादा का विज्ञापन देती हैं। ट्विटर के नए मालिक एलन मस्क ने दावा किया है कि माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म पर छंटनी करने की बड़ी जरूरत थी। मस्क ने कहा है कि उनके पास इसके अलावा और कोई दूसरा विकल्प नहीं था। उन्होंने आगे कहा कि, कंपनी हर दिन 40 लाख डॉलर (32 करोड़ रुपये से अधिक) का घाटा झेल रही है। उन्होंने आगे बताया कि जिन लोगों को भी कंपनी छोड़ने के लिए कहा गया है उन्हें 3 महीने का वेतन दिया गया है जो कानूनी अनिवार्यता से 50 फीसदी अधिक है।
ब्लूटिक वालों के लिए मस्क का प्लान
आपको बता दें कि, एलन मस्क साफ कर चुके हैं, कि अगर उनकी पूरे दिन आलोचना की जाए, फिर भी वो ट्विटर ब्लूटिक सब्सक्रिप्शन को खत्म नहीं करेंगे। यानि, ब्लूटिक के लिए 8 डॉलर हर महीने देने ही होंगे। वहीं, ब्लूटिक सुविधा फिलहाल 5 देशों में शुरू की गई है, जिसमें फिलहाल अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड को शामिल किया गया है। वहीं, एलन मस्क ने एक ट्विटर यूजर के सवाल का जवाब देते हुए कहा है, कि एक महीने के अंदर में भारत में भी इसकी शुरूआत कर दी जाएगी। फिलहाल ये प्लान आईफोन IOS यूजर्स के लिए शुरू किया गया है। वहीं, एलन मस्क ने अपने ट्वीट में ये भी कहा है, कि अभी ट्वीटर में काफी अहम बदलाव होने वाले हैं और धीरे धीरे सारे बदलावों की जानकारी दी जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications