यूक्रेन में Elon Musk ने की अंतरिक्ष से इंटरनेट की सप्लाई, छटपटाकर भी रूस नहीं काट पाएगा नेटवर्क
स्टारलिंक वर्तमान में 2,000 से ज्यादा सैटेलाइट्स के एक विशालकाय नेटवर्क को संचालित करता है, जिसका मकसद पूरी पृथ्वी पर सैटेलाइट के जरिए इंटरनेट की सुविधा मुहैया कराना है।
कीव/वॉशिंगटन, फरवरी 27: विश्व के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क ने यूक्नेन में इंटरनेट सर्विस एक्टिव कर दिया है। रूस से युद्ध के बीच यूक्रेन के ज्यादातर इलाकों में इंटरनेट सर्विस डाउन है और रूसी हमले में ज्यादातर शहरों में इंटरनेट सेवा ध्वस्त हो चुकी है, जिसके बाद एलन मस्क ने अंतरिक्ष से यूक्रेन के लिए इंटरनेट सर्विस को एक्टिव कर दिया है।

अंतरिक्ष से इंटरनेट की सप्लाई
यूक्रेन के डिप्टी प्राइम मिनिस्टर और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन मंत्री माइखाइलो फेडोरोव ने दुनिया के सबसे बड़े उद्योगपति और अमीर कारोबारी एलन मस्क से यूक्रेन को स्टारलिंक स्टेशन और सैटेलाइट इंटरनेट कनेक्शन देने का आग्रह किया था। माइखाइलो फेडोरोव यूक्रेन के उपप्रधान मंत्री और यूक्रेन के डिजिटल परिवर्तन ट्रांसफॉर्मेशन ने सैटेलाइट इंटरनेट सेवा कंपनी स्टारलिंक के लिए स्पेसएक्स के सीईओ एलोन मस्क से मदद मांगी है। फेडोरोव ने ट्वीट किया, "जब आप मंगल ग्रह का कॉलोनी बनाने की कोशिश कर रहे हैं, रूस यूक्रेन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा है! आपके रॉकेट अंतरिक्ष से सफलतापूर्वक उतरते हैं , रूसी रॉकेट यूक्रेनी नागरिकों पर हमला कर रहे हैं! हम आपसे यूक्रेन को स्टारलिंक स्टेशन प्रदान करने की अपील करते हैं।

एलन मस्क ने एक्टिवेट किया इंटरनेट
यूक्रेन के डिप्टी प्राइम मिनिस्टर की इस अपील के बाद एलन मस्क ने उनकी अपील को स्वीकार कर लिया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि, ''स्टार लिंक सेवा अब यूक्रेन में सक्रिय है। कई और टर्मिनल और एक्टिवेट होंगे।" साइबर सिक्योरिटी वॉचडॉग नेटब्लॉक्स ने कहा था कि, यूक्रेन ने गुरुवार से "इंटरनेट सेवा में महत्वपूर्ण व्यवधानों की एक श्रृंखला" देखी है, जब रूस ने देश में सैन्य अभियान शुरू किया था।

बेहत तेज इंटरनेट सर्विस
आपको बता दें कि, एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक बेहद हाईस्पीड इंटरनेट सर्विस देने के लिए पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है और अमेरिका में स्टारलिंक की सर्विस काफी प्रसिद्ध है। भारत में भी स्टारलिंक की सर्विस लेने के लिए रजिस्ट्रेशन चल रहा है। स्टारलिंक पूरी दुनिया भर में हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड इंटरनेट प्रदान करता है। और किसी भी क्षेत्र में स्टारलिंग इंटरनेट लेने के लिए पहले आओ पहले पाओ की नीति है। स्टारलिंक कंपनी अपने सैटेलाइट्स को पृथ्वी की निचली कक्षा में लांच करता है और फिर काफी तेज रफ्तार से इंटरनेट सर्विस प्रदान करती है। लिहाजा, स्टारलिंक इंटरनेट से वीडियो कॉल, ऑनलाइन गेमिंग, स्ट्रीमिंग काफी तेज रफ्तार से और बिना किसी व्यवधान से होती है। इसके साथ ही इसकी सर्विस को बंद करना भी आसान नहीं है और अगर रूस चाहे तो भी यूक्रेन से स्टारलिंक सर्विस को बंद नहीं कर सकता है और इसके लिए उसे एलन मस्क के सैटेलाइट्स को बर्बाद करना होगा और रूस ऐसा करना नहीं चाहेगा।

स्टारलिंक के पास 2000 सैटेलाइट्स
स्टारलिंक वर्तमान में 2,000 से ज्यादा सैटेलाइट्स के एक विशालकाय नेटवर्क को संचालित करता है, जिसका मकसद पूरी पृथ्वी पर सैटेलाइट के जरिए इंटरनेट की सुविधा मुहैया कराना है। एलन मस्क का कहना है कि, जब तक हाईस्पीड इंटरनेट नहीं होगी, तब तक हम अंतरिक्ष की दुनिया में भी ज्यादा काम नहीं कर सकते हैं। स्पेसएक्स ने हाल ही में टोंगा, एक छोटे प्रशांत द्वीप को भी स्टारलिंक इंटरनेट से जोड़ने में मदद की थी, जब ये द्वीप भीषण ज्वालामुखी विस्फोट की चपेट में आ गया था और पूरे द्वीप का फाइबर ऑप्टिक केबल के जरिए संचार का साधन ध्वस्त हो गया था।

यूक्रेन के नागरिकों को भारी नुकसान
रूस का दावा है कि यूक्रेन पर उसके हमले का उद्देश्य केवल सैन्य ठिकानों को बर्बाद करना है, लेकिन पुलों, स्कूलों और आवासीय इलाकों को रूसी सैनिकों ने बुरी तरह से निशाना बनाया है। द्वितीय विश्व युद्ध के बाद से यूरोप में इस वक्त सबसे भीषण जंग जारी है, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिक मारे और घायल हुए हैं। यूक्रेन के स्वास्थ्य मंत्री विक्टर ल्याशको ने शनिवार को कहा कि, रूसी हमले में 198 लोग मारे गए हैं और 1,000 से अधिक लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि रूसी आक्रमण में 33 बच्चों सहित 1,115 अन्य लोग घायल हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications