हर रोज कंपनी को हो रहा 32 करोड़ रुपये का नुकसान, Twitter में छंटनी को लेकर Elon Musk ने किया बचाव
एलन मस्क ने ट्विटर के अधिग्रहण के बाद उसकी लागत घटाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। ट्विटर कंपनी में शुक्रवार से कर्मचारियों की छंटनी शुरू हो गई है।
ट्विटर (Twitter) के नए मालिक एलन मस्क (Elon Musk) ने दावा किया है कि माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म पर छंटनी करने की बड़ी जरूरत थी। एलन मस्क ने कहा है कि उनके पास इसके अलावा और कोई दूसरा विकल्प नहीं था। उन्होंने आगे कहा कि, कंपनी हर दिन 40 लाख डॉलर (32 करोड़ रुपये से अधिक) का घाटा झेल रही है। उन्होंने आगे बताया कि जिन लोगों को भी कंपनी छोड़ने के लिए कहा गया है उन्हें 3 महीने का वेतन दिया गया है जो कानूनी अनिवार्यता से 50 फीसदी अधिक है।

एलन मस्क कर्मचारियों की छंटनी कर रहे हैं
एलन मस्क ने ट्विटर के अधिग्रहण के बाद उसकी लागत घटाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। ट्विटर पर शुक्रवार से कर्मचारियों की छंटनी शुरू हो गई है। जानकार बताते हैं कि एलन मस्क कंपनी के बुनियादी ढांचे की लागत घटाकर करीब एक अरब डॉलर बचाना चाहते हैं। ट्विटर के नए मालिक एलन मस्क मैसेजिंग प्लेटफार्म को आर्थिक रूप से मजबूती प्रदान करना चाहते हैं और इसी के तहत कंपनी में बड़े पैमाने पर छंटनी हो रही है।
एलन मस्क क्यों कर रहे हैं छंटनी, ट्वीट किया
ट्विटर से कर्मचारियों की संख्या में कटौती करना के संबंध में एलन मस्क ने ट्वीट किया कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन 4 मिलियन यूएस डॉलर प्रतिदिन के नुकसान के कारण कंपनी के पास कोई और दूसरा विकल्प नहीं था। रिपोर्ट के मुताबिक ट्विटर को वापस मुनाफे की पटरी पर लाने की कोशिश की जा रही है। इस प्रक्रिया के तहत कंपनी में काम कर रहे कर्मचारियों का काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। बता दें कि, एलन मस्क ने जैसे ही ट्विटर को खरीदा वैसे ही कंपनी से कर्मचारियों की छंटनी की बात शुरू हो गई थी।

एलन मस्क के नए मालिक बनने से कर्मचारियों की शामत आई
इससे पहले 75 फीसदी कर्मचारियों की छंटनी की बात कही जा रही थी। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट की माने तो आज से बड़े पैमाने पर कर्मचारियों को कंपनी से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा। वाशिंगटन पोस्ट और न्यूयॉर्क टाइम्स ने सही आंकड़े तो नहीं बताए लेकिन उन्होंने कहा कि, ट्विटर के 7,500 कर्मचारियों में से लगभग आधे लोगों को नौकरी से निकाल दिया जाएगा।

ब्लू टिक के लिए पैसे देने होंगे
एलन मस्क (Elon Musk) ने ट्विटर (Twitter) की कमान संभालते ही आम लोगों पर महंगाई का भारी बोझ डाल दिया है। मस्क की तरफ से ट्विटर ब्लू टिक यूजर्स को प्रतिमाह 8 डॉलर यानी की करीब 650 रुपये देने को मजबूर किया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एलन मस्क ने अगले हफ्ते की शुरुआत में ट्विटर के ब्लू चेक मार्क के लिए चार्ज शुरू करने की योजना बनाई है। खबर के मुताबिक दुनिया के सबसे अमीर शख्स जो भी फैसला लेते हैं उस पर बड़ी तेजी से अमल करना शुरू कर देते हैं। द न्यू यॉर्क टाइम्स और ब्लूमबर्ग के रिपोर्ट के मुताबिक एलन मस्क आने वाले सोमवार से ब्लू चेक मार्क यूजर्स और नए ब्लू टिक मार्क को रखने को इच्छुक यूजर्स के लिए 8 डॉलर सदस्यता सेवा शुल्क लेने की योजनाई बनाई है। खबर के मुताबिक सोमवार से इस पर अमल भी शुरू कर दिया जाएगा।

एलन मस्क क्या सोच रहे हैं?
एलन मस्क ने ट्विटर की कमान अपने हाथ में लेते ही सीईओ पराग अग्रवाल, सीएफओ नेड सेगल और लीगल पॉलिसी, ट्रस्ट और सेफ्टी विभाग की हेड विजया गड्डे को बाहर का रास्ता दिखा दिया था। अब फिर से कर्मचारियों पर तलवार लटक रही है। बता दें कि ट्विटर में सीईओ, सीएफओ समेत अन्य शीर्ष अधिकारियों का पत्ता साफ होने के बाद अब कर्मचारियों पर छंटनी की तलवार लटक रही है।

ट्विटर डील पूरी हुई, अब काम शुरू
27 अक्टूबर को 44 बिलियन अमरीकी डॉलर की डील के बाद एलन मस्क ट्विटर के नए मालिक बन चुके हैं। अधिग्रहण के बाद, एलन मस्क ने माइक्रो-ब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म की नीतियों में कथित 'सुधार' की शुरुआत की है। उन्होंने कर्मचारियों की संख्या कम करने का फैसला लिया था।












Click it and Unblock the Notifications