ट्विटर में लगातार इस्तीफों से बुरी तरह घबरा गए एलन मस्क, दे दी दिवालिया होने की चेतावनी
एलन मस्क ने बीते माह 27 अक्टूबर को ट्विटर का अधिग्रहण किया था। 44 बिलियन डॉलर के इस भारी भरकम डील के पूरे होने के महज दो हफ्ते हुए हैं लेकिन अभी से ट्विटर बॉस को कंपनी के दिवालिया होने की चिंता सताने लगी है।
एलन मस्क ने बीते माह 27 अक्टूबर को ट्विटर का अधिग्रहण किया था। 44 बिलियन डॉलर के इस भारी भरकम डील के पूरे होने के महज दो हफ्ते हुए हैं लेकिन अभी से ट्विटर बॉस को कंपनी के दिवालिया होने की चिंता सताने लगी है। ट्विटर में एक के बाद एक नए इस्तीफे से कंपनी के मालिक एलन मस्क घबरा गए हैं, जिसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के दिवालिया होने की आशंका जताई है।

सब्सक्रिप्शन रेवेन्यू नहीं बढ़ा तो दिवालिया हो जाएगा ट्विटर
ट्विटर कर्मचारियों के साथ अपने पहले इंटरैक्शन में कंपनी के नए मालिक मस्क ने कहा कि वह कंपनी के दिवालिया होने की शंकाओं को दरकिनार नहीं कर सकते। ब्लूमबर्ग और रायटर्स ने अपनी रिपोर्ट में इस बात की जानकारी दी है। 44 बिलियन डालर की ट्विटर डील के बाद मस्क की वित्तीय स्थिति अनिश्चित हो गई है। यही हाल ट्विटर का भी है। ट्विटर के कर्मचारियों भेजे गए अपने पहले ईमेल में मस्क ने कहा है कि ट्विटर आने वाले समय में अपना बचाव नहीं कर पाएगा, अगर वह सब्सक्रिप्शन रेवेन्यू को बढ़ाने में विफल रहता है।

ट्वीटर में लगी इस्तीफे की झड़ी
एलन मस्क ने बुधवार को ट्विटर स्पेस चैट में दो अधिकारियों योएल रोथ और रॉबिन व्हीलर के साथ मॉडरेट किया था। इनमें से एक व्यक्ति ने इस्तीफा दे दिया है। इस घटना से जुड़े एक करीबी व्यक्ति ने समाचार एजेंसी रायटर्स को यह बात बताई है। हालांकि अब तक इस मुद्दे पर दोनों अधिकारियों ने कोई भी प्रतिक्रिया नहीं जताई है। इससे पहले ट्विटर के चीफ स्कियोरिटी ऑफिसर ली किसनर ने ट्वीट किया कि उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया है। इतना ही नहीं ट्विटर में चीफ प्राइवेसी ऑफिसर डेमियन कीरन और मुख्य अनुपालन अधिकारी मैरिएन फोगार्टी ने भी इस्तीफा दे दिया है।

FTA ने भी ट्विटर को लेकर दी चेतावनी
फेडेरल ट्रेड कमीशन के सार्वजनिक मामलों के निदेशक डगलस फरार ने कहा कि वह इन प्रमुख अधिकारियों के पद छोड़ने के बाद ट्विटर को गहरी चिंता के साथ देख रहे हैं। इन इस्तीफों ने संभावित रूप से ट्विटर को नियामक आदेशों के उल्लंघन के जोखिम में डाल दिया है। डगलस ने रॉयटर्स को बताया कि ट्विटर पर हालिया घटनाओं पर नजर रखी जा रही है। डगलस फरार ने कहा कि कोई भी सीईओ या कंपनी कानून से ऊपर नहीं है और कंपनियों को सरकारी आदेशों का पालन करना चाहिए।

अप्रैल में बोली लगाने के बाद से ही एलन मस्क का बुरा दौर शुरू
गुरुवार दोपहर ट्विटर पर सभी कर्मचारियों के साथ अपनी पहली बैठक में एलन मस्क ने चेतावनी दी कि कंपनी को अगले साल अरबों डॉलर का नुकसान हो सकता है। एलन मस्क ने ट्विटर टेकओवर करने के बाद 27 अक्टूबर को कहा था कि कंपनी को एक दिन में 4 मिलियन डॉलर से अधिक का नुकसान हो रहा है। बता दें एलन मस्क के पदभार संभालने के बाद विज्ञापनदाताओं ने ट्विटर से हटना शुरू कर दिया है। अप्रैल में ट्विटर की बोली लगाने के बाद से ही एलन मस्क की संपत्ति में 70 अरब डॉलर तक की गिरावट आ चुकी है। एलन मस्क की कंपनी टेस्ला के शेयर भी बुरी तरह गिर चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications