Netherlands: नुपूर शर्मा के कट्टर समर्थक गीर्ट वाइल्डर्स नहीं बन पाएंगे PM, सहयोगी पार्टी ने दिया धोखा
बीते साल नवंबर में नीदरलैंड में इस्लाम-विरोधी नेता गीर्ट वाइल्डर्स फ्रीडम पार्टी (PVV) की पार्टी ने आम चुनाव में जीत हासिल की थी। PVV को कुल 37 सीटें मिली हैं। नीदरलैंड्स की संसद में 150 सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए PVV को 76 सांसदों का समर्थन चाहिए।
ऐसे में वाइल्डर्स को सहयोगी पार्टियों के समर्थन की जरूरत है। लेकिन उनकी सहयोगी पार्टी न्यू सोशल कॉन्ट्रैक्ट (NSC) के नेता पीटर ओमटज़िगट ने ऐलान किया है कि वे गठबंधन से बाहर हो रहे हैं। इससे नीदरलैंड में बहुमत सरकार बनाने की गीर्ट वाइल्डर्स की संभावनाओं को भारी झटका लगा है।

वाइल्डर्स ने एक्स पर कहा कि वह सहयोगी पार्टी NSC के फैसले से निराश हैं। उन्होंने कहा, "नीदरलैंड इस कैबिनेट को चाहता है और अब पीटर ओमटज़िगट इसे रद्द कर रहे हैं जबकि हम आज तक बातचीत कर रहे थे। मुझे यह बिल्कुल समझ नहीं आ रहा है।"
वाइल्डर्स ने नवंबर के चुनाव में जीत हासिल करके नीदरलैंड और यूरोप को चौंका दिया था। चुनाव से पहले उन्होंने वादा किया था कि वे मस्जिदों और कुरान पर प्रतिबंध लगाएंगे। हालांकि चुनाव जीतने के बाद उन्होंने कहा था कि वो गठबंधन हित के लिए इस फैसले को टाल सकते हैं।
पीटर ओमटज़िगट ने कहा कि वे अल्पमत सरकार को समर्थन देंगे मगर गठबंधन का हिस्सा नहीं बनेंगे। उन्होंने पार्टी सदस्यों से कहा कि " NSC का इरादा डच लोगों से ऐसे वादे करने का नहीं है जिनके बारे में वह पहले से ही जानते हैं कि वे खोखले हैं और जिन्हें अगली सरकार पूरा नहीं कर सकती।"
वाइल्डर्स की पार्टी PVV ने चुनाव में अप्रत्याशित रूप से 37 सीटें जीतीं थीं, लेकिन बहुमत के लिए जरूरी 76 सीटों से काफी पीछे रह गई। उनका पसंदीदा गठबंधन NSC के साथ था, जिसने 20 सीटें जीती थीं। बीबीबी एग्रेरियन पार्टी ने 7 सीटें, और सेंटर-राइट वीवीडी पार्टी ने 24 सीटें जीतीं। इसके अलावा वामपंथी गठबंधन (PvdA/gl) को 25 सीटें मिली हैं।
अब क्या होगा?
नीदरलैंड में ऐसी स्थिति कोई नई बात नहीं है। कहा जाता है कि डच राजनेताओं के द्वारा सरकार बनाने में समय लेने की पुरानी आदत है। पिछली सरकार के गठन में लगभग 9 महीने लग गए थे। इस बार भी जब तक कोई समझौता नहीं हो जाता तब तक मार्क रूट ही प्रधानमंत्री बने रहेंगे।
हालांकि ऐसा भी कहा जा रहा है कि अगर गठबंधन की कोई संभावना नहीं बनती है तो नीदरलैंड में एक बार फिर से नए चुनाव हो सकते हैं। नवीनतम सर्वेक्षण से पता चलता है कि वाइल्डर्स की PVV के लिए जनता के बीच समर्थन बढ़ रहा है, जिसमें इस दूर-दराज़ पार्टी को 150 में से 50 सीटें मिलने का अनुमान है जो कि मौजूदा सीट से 13 अधिक है।












Click it and Unblock the Notifications