बुरे फंसे! पत्नी के क्रेडिट कार्ड से शख्स ने भरा गर्लफ्रेंड का जुर्माना, ट्रांजेक्शन ने खोल दी नए प्यार की पोल
Dubai Hindi News: दुबई में एक महिला के क्रेडिट कार्ड से अचानक से कुछ ट्रांजेक्शन हुए। जब उनके पास बैंक की ओर से मैसेज आया तो वो हैरान रह गईं, क्योंकि काफी दिनों से उन्होंने उस कार्ड का इस्तेमाल ही नहीं किया था। उन्होंने अपने पति से भी इस बारे में पूछा लेकिन उसने भी ट्रांजेक्शन से इनकार कर दिया। बाद में महिला पुलिस के पास पहुंची और शिकायत दर्ज करवाई, लेकिन जब पूरे मामले की सच्चाई पता चली तो सभी हैरान रह गए।

पहले लगा ऑनलाइन फ्रॉड का मामला
दुबई पुलिस में साइबर-अपराध विभाग के डिप्टी डायरेक्टर कैप्टन अब्दुल्ला अल शेही के मुताबिक उनके पास एक महिला आई थी, जिसने बताया कि उसके क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल ट्रैफिक जुर्माने को भरने के लिए किया गया। ये जुर्माना ना तो उनका था और ना ही उनके पति का। इसके बाद पुलिस ने बैंक में संपर्क किया और क्रेडिट कार्ड को ब्लॉक करवा दिया। शुरूआत में उनको ये मामला ऑनलाइन फ्रॉड का लग रहा था।

गर्लफ्रेंड ने कई बार किया इस्तेमाल
इसके बाद पुलिस ने कार्ड के पूरे ट्रांजेक्शन की पड़ताल की। इस दौरान एक महिला का पता चला जो उसका उपयोग कर रही थी। कड़ी मशक्कत के बाद उसको खोज निकाला गया और फिर पूछताछ के लिए बुलाया गया। इसके बाद महिला ने जो बातें बताई उससे सब हैरान रह गए। उसने बताया कि उसके ब्वॉयफ्रेंड ने ये कार्ड उसे दिया था। साथ ही उसने ये बात भी नहीं बताई थी कि वो शादीशुदा है। इसके अलावा उस शख्स ने अपनी पत्नी के क्रेडिट कार्ड से गर्लफ्रेंड के ट्रैफिक चालान को भी भरा।

पत्नी को भी पता चला नया प्यार
पत्नी को भी अपने पति के अफेयर के बारे में पता नहीं था। जब पुलिस ने उनको ये बात बताई तो वो भी हैरान रह गई। इस घटना के बाद दुबई पुलिस ने लोगों से सावधान रहने की अपील की है। इस वक्त वहां पर भी ऑनलाइन फ्रॉड के बहुत से गिरोह सक्रिय हैं। वहीं साइबर क्राइम के डायरेक्टर निदेशक कर्नल सईद ने इसे एक दुर्लभ मामला बताया है। उन्होंने कहा कि लोगों को उसी साइट से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करना चाहिए, जो पूरी तरह से सुरक्षित हों। इसके अलावा किसी से भी बैंकिंग जानकारियों को साझा नहीं करना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications