पूरी दुनिया में अपनी नेकी के लिए छा गया ये पाकिस्तानी लड़का, क्राउन प्रिंस ने भी मिलने की जताई इच्छा
दुबई, 01 अगस्तः दुबई, 01 अगस्तः आपने बचपन में एक राजा और उस लड़के की कहानी जरूर पढ़ी जिसमें लड़का सड़क पर भारी पत्थर को उठाता है। दरअसल राजा यह जानने के लिए कि उनकी प्रजा कितनी दयालु, योग्य और दूसरों के बारे में सोचने वाले हैं, खुद ही बीच सड़क पर एक पत्थर रखवा देते हैं। लेकिन उन्हें निराशा होती है कि काफी समय तक वह पत्थर कोई नहीं हटाता। इस बीच एक पैदल चलने वाला लड़का वह पत्थर हटाता है। राजा उस युवा की खूब प्रशंसा करते हैं और पुरस्कार भी देते हैं। खैर यह तो एक कहानी थी लेकिन असल में भी ऐसा हुआ है।

अब्दुल की पूरी दुनिया में हो रही चर्चा
पाकिस्तान के अब्दुल गफूर अब्दुल हकीम के काम की पूरी दुनिया में चर्चा हो रही है। इतना ही नहीं खुद यूएई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान ने फोन कर अब्दुल को उनके काम के लिए सराहा है। बीते दिनों सोशल मीडिया पर यूएई का एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में फूड डिलीवरी करने वाला एक शख्स तेज रफ्तार गाड़ियों से भरे सड़क पर मौजूद पत्थरों को हटाता है। बाइक चलाने वाला फूड डिलीवरी लड़का ऐसा इसलिए करता है ताकि कोई गाड़ी उस पत्थर की चपेट में न आ जाए। वीडियो में शख्स ने हेलमेट लगाया हुआ है। इसलिए उसकी पहचान स्पष्ट नहीं हो पा रही है।
क्राउन प्रिंस ने शेयर किया वीडियो
इस वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक डिलीवरी ब्वॉय अपनी बाइक से जा रहा है। इस दौरान वह सड़क के बीचोंबीच ईंट की बड़ी-बड़ी टुकड़ियों को देखता है। इसके बाद वह अपनी बाइक रोककर वह दो भारी पत्थर उठाकर सड़क के दूसरी ओर फेंक देता है। इसके बाद वह बाइक पर बैठ चला जाता है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो शेयर होते ही पूरी दुनिया में वायरल होने लगता है। इसकी प्रसिद्धि का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि स्वंय प्रिंस क्राउन ने भी इस वीडियो को शेयर करते हुए इस लड़के के बारे में जाने की दिलचस्पी जताई।
क्राउन प्रिंस ने मिलने की जताई इच्छा
क्राउन प्रिंस ने बाद में अपडेट देकर बताया भी कि इस शख्स का पता चला गया है। उन्होंने पोस्ट कर कहा, इस भले शख्स की जानकारी मिल गई है। शुक्रिया अब्दुल गफूर, आप दयालु हैं। हम जल्द मिलेंगे। खलीज टाइम्स के मुताबिक क्राउन प्रिंस के बारे में पूछने पर अब्दुल ने कहा, "मुझे अपने कानों पर विश्वास नहीं हुआ। मैंने जो किया है उसके लिए क्राउन प्रिंस ने मुझे शुक्रिया कहा है। क्राउन प्रिंस ने कहा कि वह अभी देश से बाहर हैं, जब वह लौटेंगे तो जरूर मिलेंगे।"

पूरी दुनिया में सराहे जा रहे अब्दुल
अब्दुल अपने इस नेक काम के बाद पूरे यूएई में हीरो बन चुके हैं। इस घटना के बारे में अब्दुल कहते हैं कि मैंने बीच सड़क पर पत्थर देखा, लेकिन इसके बारे में ज्यादा सोचा नहीं। मैं रेड लाइट पर इंतजार कर रहा था कि तभी एक टैक्सी उस पत्थर के ऊपर से गुजरी और उस टैक्सी का कंट्रोल लगभग डगमगा गया। तब मैंने महसूस किया कि उस पत्थर की वजह से बड़ी दुर्घटना हो सकती है। अब्दुल ने कहा कि सच कहूं तो मुझे नहीं लगा कि मैं बड़ा काम कर रहा हूं। मैं बस चाहता था कि किसी को चोट न लगे। अगर इससे हमारे डिलीवरी मैन को टक्कर लगती तो उसकी मौत भी हो सकती थी। इसलिए मैंने तुरंत उस पत्थर को वहां से दूर कर दिया।

फूड डिलीवरी कंपनी ने दिया ये इनाम
इस वीडियो के वायरल होने और हर तरह से मिल रही शाबासी के बीच फूड डिलीवरी कंपनी तलाबत ने अब्दुल को इनाम में एक फ्लाइट टिकट दी है ताकि वह पाकिस्तान में अपने घर जाकर अपने बेटे के साथ समय बिता सकें। अब्दुल का कहना है कि वह अपने बेटे को बहुत याद करते हैं। उन्होंने कहा कि वह अपने बेटे से लंबे अर्से से नहीं मिले हैं।

तलाबत ने कहा- हमें अब्दुल पर गर्व
फूड कंपनी ने इस घटना को दिल छू लेने वाला बताया। कंपनी ने कहा कि जब लोग इस तरह की घटनाओं को अपने कैमरे में कैद करते हैं तो हम उनकी सराहना करते हैं क्योंकि इससे हमें उन राइडर्स को पहचाचने में मदद मिलती है जो अच्छे कामों के जरिए समुदाय को सुर्खियों में लाते हैं। तलाबत ने कहा कि हमें अब्दुल पर गर्व है कि वह हमारी टीम का हिस्सा है और हमें भी उम्मीद है कि उनका परिवार भी उनपर ऐसे ही गर्व महसूस करेगा।

दूसरों की मदद पर ही टिकी है दुनिया
मानव जीवन का उद्देश्य ही है अपने मन, वचन और देह से दूसरों की मदद करना। जो दूसरों की मदद करते हैं उनका जीवन संतोषपूर्ण होता है और अपनी आत्मा से अधिक जुड़ाव लिए होते हैं। ऐसा कहा जाता है कि जो लोग दूसरों के लिए जीते हैं उन्हें सबकुछ मिल जाता है। उन्हें सांसारिक चीजों का कभी मोह नहीं होता। सच तो यही है कि अब्दुल जैसे लोग दुनिया में बेहद कम ही हैं जो दूसरों के लिए जीते हैं। और यकीनन ऐसे लोगों के कारण ही दुनिया खूबसूरत नजर आती है।












Click it and Unblock the Notifications