सीरिया की सैन्य एकेडमी पर ड्रोन हमला, 100 से ज्यादा की मौत, 200 घायल
सीरिया में एक सैन्य एकेडमी पर हुए हमले में कम से कम 100 लोगों के मारे जाने की खबर है। मृतकों में 14 आम नागरिक भी बताए जा रहे। वहीं इस घटना में सीरिया के रक्षा मंत्री बाल-बाल बचे। हमले से चंद मिनट पहले ही वो वहां हो रहे कार्यक्रम से निकले थे।
मामले में आधिकारिक बयान जारी करते हुए सीरिया के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि मध्य प्रांत होम्स में सैन्य एकेडमी पर हुए हमले में नागरिक और सैन्यकर्मी मारे गए। इस घटना को अंजाम देने वाले आतंकवादी समूहों ने ड्रोन का इस्तेमाल किया था। हालांकि अभी तक इस हमले की जिम्मेदारी किसी भी समूह ने नहीं ली है।

वहीं सीरिया सरकार ने "पूरी ताकत से" जवाब देने की कसम खाई। सीरियाई सरकारी बलों ने पूरे दिन विपक्ष के कब्जे वाले इदलिब क्षेत्र पर भारी बमबारी की।
एक सीरियाई रक्षा सूत्र के मुताबिक सैन्य एकेडमी में ग्रेजुएशन प्रोग्राम था। जिसमें शामिल होने के लिए रक्षा मंत्री भी वहां पहुंचे थे। उनकी किस्मत अच्छी थी कि वो कुछ वक्त पहले ही वहां से निकल गए। हालांकि बाकी लोग वहां मौजूद थे, ऐसे में उनको जान गंवानी पड़ी।
एक चश्मदीद के मुताबिक समारोह के बाद लोग ग्राउंड में चले गए और तभी वहां पर विस्फोट हुआ। किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा था कि वो बम कहां से आया, बस चारों ओर लाशें ही दिखाई दे रही थीं।
मामले में सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स ने बताया कि 100 से ज्यादा लोग मारे गए और 125 घायल हुए। हालांकि स्वास्थ्य मंत्री हसन अल-घोबाश मृतकों की संख्या कम बता रहे, उनके मुताबिक 80 लोग मारे गए, जबकि करीब 240 लोग घायल हुए हैं।
2011 से जारी है संघर्ष
सीरिया का संघर्ष 2011 में राष्ट्रपति बशर अल-असद के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के साथ शुरू हुआ, लेकिन बाद में वो एक युद्ध में बदल गया। वहां पर अब तक हजारों लोगों ने जान गंवाई है, जबकि लाखों को विस्थापित होना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications