'ना ड्राइवर-ना कंडक्टर', आ गई Driverless Bus, यात्रियों को अपने आप बैठाया, इस शहर में हुआ ये करिश्मा
Driverless Bus Trial in Barcelona: स्पेन के बार्सिलोना शहर में इस हफ्ते से एक अनोखा प्रयोग शुरू हुआ है। यहां के यात्री अब ड्राइवरलेस मिनी-बस में सफर कर सकते हैं, और वो भी बिल्कुल फ्री!

यह बस खुद ही चलती है, लेन बदलने से पहले ब्रेक लगाती है और शहर के सबसे फैशनेबल बुलेवार्ड पर आराम से चलती है। रेनॉल्ट कंपनी इस ड्राइवरलेस बस का ट्रायल बार्सिलोना में कर रही है। यह बस शहर के केंद्र में 2.2 किलोमीटर के सर्कुलर रूट पर चल रही है, जिसमें चार स्टॉप हैं।
कैसे काम करती है यह ड्राइवरलेस बस?
यह इलेक्ट्रिक बस एक बार चार्ज होने पर 120 किलोमीटर तक चल सकती है और इसकी अधिकतम स्पीड 40 किलोमीटर प्रति घंटा है। इसमें 10 कैमरे और 8 लिडार सेंसर लगे हैं, जो इसे सड़क पर चलने वाली कारों, बाइक्स और पैदल यात्रियों से बचाते हैं। रेनॉल्ट ने इस प्रोटोटाइप को बनाने के लिए वेराइड कंपनी के साथ मिलकर काम किया है। यह बस पहले फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के दौरान दिखाई गई थी, लेकिन अब इसे बार्सिलोना की सड़कों पर टेस्ट किया जा रहा है।
यात्रियों का रिएक्शन: कुछ मुस्कुराए, कुछ रो पड़े!
18 साल के छात्र पाउ कुगाट ने इस बस में सफर किया और कहा, "हमने एक पुरानी बस को पास से गुजरते देखा, और मैंने सोचा कि यह अतीत की बस है, जबकि हम भविष्य की बस में सफर कर रहे हैं।" रेनॉल्ट के ऑटोनॉमस ड्राइविंग ग्रुप के कार्लोस सैंटोस ने बताया कि यात्रियों के अलग-अलग रिएक्शन देखने को मिले। कुछ लोग मुस्कुराए, कुछ रो पड़े, तो कुछ ने तस्वीरें खींचीं। हालांकि, उन्होंने जोर देकर कहा कि यह बस पूरी तरह सुरक्षित है।
यूरोप में ड्राइवरलेस टेक्नोलॉजी की चुनौती
रेनॉल्ट के ऑटोनॉमस मोबिलिटी प्रोजेक्ट्स के हेड पैट्रिक वर्जेलस ने बताया कि अमेरिका और चीन में ड्राइवरलेस वाहनों पर काफी प्रयोग हो रहे हैं, लेकिन यूरोप इस मामले में पीछे है। उन्होंने कहा, "हम यह दिखाना चाहते हैं कि यह तकनीक काम करती है और यूरोप को इसके लिए तैयार करना चाहते हैं।" बार्सिलोना के अधिकारियों ने बताया कि अब तक इस बस से किसी तरह की दुर्घटना की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है।












Click it and Unblock the Notifications