इंटर स्टेट मल्टी-लेवल मार्केटिंग रैकेट का भंडाफोड़, UP से बिहार-दिल्ली तक तार, कैसे ठगे 100 करोड़? 6 गिरफ्तार
Inter-state Multi-Level Marketing Racket Busted: उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक बड़े इंटर स्टेट मल्टी-लेवल मार्केटिंग (MLM) घोटाले का पर्दाफाश किया है। इस रैकेट ने नौकरी के झूठे वादों और बिना लाइसेंस वाली आयुर्वेदिक प्रोडक्ट्स बेचकर 60,000 से ज्यादा लोगों से करीब 100 करोड़ रुपये ठगे। पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार (20 जुलाई) को कानपुर के बर्रा इलाके में छापेमारी कर 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मास्टरमाइंड की तलाश में लगी है।
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के अनुसार, आरोपी 'विन मेकर आयुर्वेद' और 'विन मेकर वेलनेस प्राइवेट लिमिटेड' नाम से सक्रिय थे। कंपनी 2021 से नोएडा और दिल्ली (लाजपत नगर) में रजिस्टर्ड थी, लेकिन असल में बिना किसी वैध रजिस्ट्रेशन के आयुर्वेदिक प्रोडक्ट्स बेच रही थी। आइए विस्तार से जानते हैं कि कैसे सिरदर्द बना ये रैकेट...

कैसे काम करता था रैकेट? UP से बिहार तक लिंक
पुलिस के मुताबिक, बेरोजगार युवाओं को अच्छी सैलरी '25,000 से 50,000 रुपये प्रति माह' वाली नौकरी का लालच दिया जाता था। होटलों में भव्य सेमिनार आयोजित किए जाते थे। लोगों को 12,000 से 30,000 रुपये देकर 'किट' खरीदने और नेटवर्क में शामिल होने के लिए मनाया जाता था। फिर उन्हें नए लोगों को जोड़ने की ट्रेनिंग दी जाती थी। सफलता की झूठी कहानियां, अवॉर्ड सेरेमनी, मोटरसाइकल और तेज प्रमोशन के वादे किए जाते थे। अकेले कानपुर में करीब 2,000 लोग ठगे गए। पूरे नेटवर्क में UP, बिहार, झारखंड समेत कई राज्यों के 60,000 से ज्यादा पीड़ित हैं।
गिरफ्तार आरोपी कौन-कौन? कहां के निवासी?
एडिशनल DCP (ऑपरेशन्स) सुमित सुधाकर रामटेके ने बताया कि साइबर सेल, क्राइम ब्रांच और हनुमंत विहार पुलिस की टीम ने मंगलम गार्डन (अर्रा रोड) में छापा मारा। गिरफ्तार 6 आरोपी...
- रवींद्र यादव, कमलेश कुमार, मंतोष पासवान (बिहार)
- रोहित शॉ (पश्चिम बंगाल)
- मंगल शाक्य (मध्य प्रदेश)
- राजू कुमार (देवरिया, UP)
बिहार के दो आरोपी फरार
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी इनामुल हक और विजय कुशवाहा, जो दोनों बिहार के रहने वाले हैं, अभी फरार हैं। वहीं, तीसरा फरार मुख्य आरोपी मनीष सिन्हा को 2024 में मुजफ्फरपुर में दर्ज धोखाधड़ी के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था।
UP में नेटवर्क, बिहार में सेंटर
पुलिस ने बताया कि इस रैकेट ने नेटवर्क बढ़ाने के लिए UP में कानपुर, झांसी, गोरखपुर और बस्ती समेत पांच सेंटर और बिहार व अन्य राज्यों में भी कई सेंटर खोले थे, जहां लोगों को ट्रेनिंग दी जाती थी। इस ऑपरेशन के दौरान 6 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, डिजिटल रिकॉर्ड, WhatsApp चैट, ऑडियो क्लिप और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक सबूत जब्त किए गए। बैंक खातों को फ्रीज करने और बाकी सदस्यों को पकड़ने की कोशिश जारी है।
(PTI इनपुट के साथ)


Click it and Unblock the Notifications
