118 पुलिस घायल, 20 गाड़ी टूटीं, 70 हिरासत में: CJP के संसद मार्च के पहले दिन क्या हुआ? आज फिर होगा पैदल मार्च
संसद के मानसून सत्र के पहले ही दिन 20 जुलाई दिल्ली की सड़कों पर ऐसा हंगामा देखने को मिला, जिसने पूरे देश का ध्यान खींच लिया। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 'संसद चलो' मार्च के दौरान जंतर-मंतर से लेकर जनपथ और रायसीना रोड तक कई जगह पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जोरदार टकराव हुआ।
दिल्ली पुलिस का दावा है कि हिंसा में 118 पुलिसकर्मी घायल हुए, 15 से 20 सरकारी गाड़ियों को नुकसान पहुंचा और करीब 70 लोगों को हिरासत में लिया गया। वहीं CJP का कहना है कि उनका आंदोलन मंगलवार (21 जुलाई) को भी जारी रहेगा। आइए समझते हैं कि पहले दिन आखिर क्या-क्या हुआ और 21 जुलाई को क्या होने वाला है।

आज फिर संसद मार्च का ऐलान
सोमवार देर रात प्रदर्शनकारी फिर जंतर-मंतर लौट आए। इसके बाद CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने साफ कर दिया कि आंदोलन यहीं नहीं रुकेगा।
उन्होंने आजतक डिजिटल से बातचीत में कहा,"हम अपना प्रदर्शन खत्म नहीं कर रहे हैं। मंगलवार को भी संसद की ओर मार्च निकलेगा। हम जंतर-मंतर का धरना स्थल नहीं छोड़ेंगे।" यानी पहले दिन की हिंसक झड़प के बाद अब सबकी नजर मंगलवार के प्रदर्शन पर है। प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था पहले से ज्यादा कड़ी कर दी है।
दिल्ली में कैसे बिगड़े हालात?
20 जुलाई को CJP ने जंतर-मंतर से संसद तक मार्च निकालने का ऐलान किया था। शुरुआत में प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन जैसे ही भीड़ आगे बढ़ी, हालात तेजी से बदल गए। दिल्ली पुलिस ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों ने लागू धारा 163 का उल्लंघन किया और बैरिकेड तोड़कर आगे ब
ढ़ने की कोशिश की। इसके बाद कई जगह पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। जंतर-मंतर, जनपथ और रायसीना रोड पर पूरे दिन तनाव का माहौल बना रहा।
पुलिस का दावा क्या है?
दिल्ली पुलिस के मुताबिक प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने सुरक्षा बलों पर पथराव किया और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। पुलिस का कहना है कि 15 से 20 सरकारी वाहनों को नुकसान हुआ है। जनपथ इलाके में कुछ दुकानों में भी तोड़फोड़ की खबर सामने आई।
पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक इस हिंसा में 118 पुलिसकर्मी घायल हुए। इनमें स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस, जॉइंट कमिश्नर, एडिशनल कमिश्नर, डीसीपी, एडिशनल डीसीपी, एसीपी रैंक के अधिकारी और कई महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
ड्यूटी पर तैनात एक घायल पुलिस अधिकारी ने घटना के बाद कहा, "मैं जनपथ के पास क्लैरिजेस होटल के सामने तैनात था। अचानक भीड़ की तरफ से पत्थर फेंके जाने लगे। ऐसा लगा कि पत्थर पहले से जुटाए गए थे। प्रदर्शन खत्म होने के बाद भी कुछ लोग दोबारा इकट्ठा हुए और हालात अचानक हिंसक हो गए।"
प्रदर्शनकारियों का भी हुआ नुकसान
पुलिस का कहना है कि झड़प के दौरान करीब 60 प्रदर्शनकारी भी घायल हुए। हालात काबू में लाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई की और करीब 70 लोगों को हिरासत में लिया। सूत्रों के मुताबिक हिरासत में लिए गए लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और दूसरे कानूनी प्रावधानों के तहत एफआईआर दर्ज की जा रही हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हिरासत में लिए गए सभी लोग प्रदर्शन से जुड़े छात्र थे या नहीं।
अभिजीत दीपके ने खत्म किया अनशन
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपेक ने सोमवार को करीब ढाई दिन बाद अपना अनशन खत्म कर दिया। उन्होंने 18 जुलाई को सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से अस्पताल ले जाने के बाद भूख हड़ताल शुरू की थी। अनशन खत्म करने के बाद भी उन्होंने आंदोलन वापस लेने से इनकार कर दिया और साफ कहा कि प्रदर्शन जारी रहेगा।
जेपी नड्डा से दो बार हुई बातचीत
सड़क पर तनाव के बीच बातचीत की कोशिश भी हुई। CJP की ओर से सौरव दास और आशुतोष रांका ने को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से दो अलग-अलग दौर में मुलाकात की। पहली बैठक सुबह करीब 11:50 बजे हुई। इस दौरान नड्डा ने प्रतिनिधियों से उनकी मांगों का ब्योरा मांगा और लिखित ज्ञापन देने को कहा। बाद में शाम करीब 4 बजे प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों का ज्ञापन सौंप दिया। सरकारी सूत्रों के मुताबिक बैठक में CJP की तीनों प्रमुख मांगों पर कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया गया। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने आंदोलन खत्म करने और शांति बनाए रखने की अपील की।
पूरे घटनाक्रम पर केंद्र सरकार लगातार नजर बनाए रही। सरकारी सूत्रों के मुताबिक गृह मंत्री अमित शाह पूरे दिन वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क में रहे। सुरक्षा एजेंसियों को निर्देश दिए गए कि स्थिति को नियंत्रित किया जाए, लेकिन जहां तक संभव हो कम से कम बल का इस्तेमाल किया जाए।


Click it and Unblock the Notifications
