WHO को डोनाल्ड ट्रंप की धमकी, 30 दिन के भीतर ठोस सुधार नहीं तो हमेशा के लिए बंद कर देंगे फंडिंग, सदस्यता को खत्म करेंगे
वॉशिंगटन। कोरोना वायरस संकट के दौर में अमेरिका लगातार विश्व स्वास्थ्य संगठन पर निशाना साध रहा है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप WHO की क्षमता और विश्वसनीयता पर लगातार सवाल खड़ा कर रहे हैं। कुछ दिनों पहले उन्होंने WHO को अमेरिका द्वारा दी जाने वाली फंडिंग को रोकने की बात कही थी। लेकिन अब उन्होंने WHO के डायरेक्टर जनरल टेड्रोस गेब्रिसस को एक पत्र लिखकर साफ तौर पर चेतावनी दी है कि अगर 30 दिन के भीतर WHO अहम ठोस सुधार नहीं करता है तो वह अमेरिका द्वारा WHO को दी जाने वाली फंडिंग को हमेशा के लिए रोक देंगे। फिललहाल अमेरिका ने फंडिंग को अस्थायी रूप से फ्रीज कर रखा है। ट्रंप ने कहा कि अगर 30 दिन के भीतर कुछ ठोस सुधार नहीं हुआ तो वह WHO में अमेरिका की सदस्यता पर भी पुनर्विचार करेंगे।
Recommended Video

ट्विटर पर शेयर किया लेटर
WHO को लिखे गए इस पत्र को डोनाल्ड ट्रंप ने अपने ट्विटर हैंडल पर साझा किया है। बता दें कि पिछले महीने ट्रंप ने कोविड-19 की रोकधाम लेकर WHO द्वारा किए गए काम की समीक्षा करने की बात कही थी और अमेरिका की फंडिंग को रोक दिया था। ट्रंप की इस कार्रवाई के बाद WHO ने कहा था कि हम अभी भी इस महामारी के गंभीर संकट से लड़ रहे हैं, लिहाजा यह समय फंडिंग को रोकने का नहीं है। हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि क्या ट्रंप WHO को दी जाने वाली फंडिंग को रोकने के लिए कांग्रेस की सहमति हासिल कर सके हैं या नहीं। बता दें कि बिना कांग्रेस की सहमति के डोनाल्ड ट्रंप WHO की फंडिंग को रोक नहीं सकते हैं।

ट्रंप प्रशासन निशाने पर
दरअसल अमेरिका में जिस तरह से लगातार कोरोना वायरस से लोगों की मौत हो रही है, उसकी वजह से ट्रंप की आलोचना हो रही है। कोरोना संकट को सही से रोकने में विफल होने की वजह से ट्रंप प्रशासन निशाने पर है। बता दें कि दुनिया में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित देश अमेरिका है, यहां कोरोना से मरने वालों की संख्या 90 हजार को पार कर गई है, जबकि 15 लाख से अधिक लोग कोरोना वायरस से संक्रमित है। बहरहाल अमेरिका लगातार WHO पर सवाल उठाता रहा है, जबकि चीन उसकी तरफदारी कर रहा है।

91737 लोगों की मौत
गौरतलब है कि अमेरिका में कोरोना वायर से संक्रमित लोगों की संख्या में हर रोज इजाफा हो रहा है। अमेरिका में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस से 759 लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ ही अमेरिका में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 91737 हो गई है, जबकि संक्रमित लोगों की संख्या 15 लाख को पार कर गई है।












Click it and Unblock the Notifications