Elon Musk Donald Trump: 'भगवान में आस्था बढ़ गई है', डोनाल्ड ट्रंप ने एलन मस्क को इंटरव्यू में क्यों कहा ऐसा?
Elon Musk Donald Trump: तकनीकी दिग्गज एलन मस्क के साथ डोनाल्ड ट्रंप का बहुप्रतीक्षित इंटरव्यू तकनीकी गड़बड़ी की वजह से करीब 40 मिनट की देरी से शुरू हुआ। बातचीत के कुछ ही क्षणों बाद, रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार ने 13 जुलाई को पेनसिल्वेनिया में अपने चुनाव कैम्पेन के दौरान हुई हत्या की कोशिश को लेकर बात की, जिसमें वे बाल-बाल बच गए थे।
एलन मस्क ने हत्या की कोशिश के बारे में सवाल पूछकर इंटरव्यू की शुरुआत की, जिस पर ट्रंप ने हंसते हुए कहा, कि यह "सुखद नहीं था" और फिर उन्होंने अपने अनुभव के बारे में विस्तार से बात की।

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, कि "मुझे तुरंत पता चल गया, कि यह गोली थी। मुझे तुरंत पता चल गया, कि यह कान पर लगी है।"
अब ज्यादा आस्तिक हो गया हूं- ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप ने आगे कहा, कि पिछले महीने उन पर हुए जानलेवा हमले ने उन्हें भगवान में ज्याद आस्थावान बना दिया है। ट्रंप ने कहा, "अब मैं ज्यादा आस्थावान हो गया हूं... जो लोग ईश्वर में विश्वास नहीं करते, मुझे लगता है, कि हम सभी को इस बारे में सोचना शुरू कर देना चाहिए।"
आपको बता दें, कि 20 साल के शूटर थॉमस क्रुक्स ने करीब 400 फीट की दूरी से ट्रंप के पेंसिल्वेनिया चुनाव कैम्पेन के दौरान उनपर करीब आठ बार गोली चलाई थीं, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक गोली डोनाल्ड ट्रंप के कान को फाड़ते हुए निकल गई थी। गोलीबारी के तुरंत बाद सीक्रेट सर्विस के एक स्नाइपर ने आरोपी क्रूक्स को मार गिराया।
डोनाल्ड ट्रंप ने घटना को याद करते हुए कहा, कि "ये काफी आश्चर्य करने वाला था, कि मैं बिल्कुल सही समय पर, सही कोण पर मुड़ा हुआ था।"
हालांकि, डोनाल्ड ट्रंप ने ये भी कहा, कि वो फिर से बटलर जाने की योजना बना रहे हैं, जहां उनपर हमला किया गया था। 2024 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के लिए रिपब्लिकन उम्मीदवार ने यह भी कहा, कि वह एक और चुनाव अभियान कार्यक्रम के लिए बटलर लौटने की योजना बना रहे हैं, क्योंकि पिछली बार गोलीबारी की वजह से कार्यक्रम अचानक खत्म हो गया था।
उन्होंने आगे मजाक में कहा, कि वह बटलर में अपना अगला भाषण "जैसा कि मैं कह रहा था..." से शुरू करेंगे। ट्रंप ने अपने समर्थकों की इस बात के लिए प्रशंसा की, कि वो बटलर में गोलीबारी के बाद भी शांत बने रहे और घबराये नहीं, जबकि ऐसी स्थितियों में अक्सर भगदड़ मच जाती है।












Click it and Unblock the Notifications