Russia Ukraine War: पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप बोले- एक दिन में खत्म करवा सकता हूं रूस-यूक्रेन युद्ध
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक दावा करते हुए कहा है कि अगर वह सत्ता में चुने जाते हैं तो वह रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की के बीच एक समझौता करवाएंगे और चल रहे संघर्ष को एक दिन में समाप्त कर देंगे। ट्रंप ने फॉक्स न्यूज के संडे मॉर्निंग फ्यूचर्स पर मेजबान मारिया बार्टिरोमो के साथ एक साक्षात्कार के दौरान यह टिप्पणी की।
पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उनके ज़ेलेंस्की और पुतिन दोनों के साथ अच्छे संबंध हैं। ये स्मार्ट लोग हैं, जिनमें फ्रांस के मैक्रॉन भी शामिल हैं। मैं पुतिन सहित लोगों की पूरी सूची देख सकता हूं। ये लोग तेज, सख्त और आम तौर पर शातिर हैं। वे शातिर हैं, और वे अपने खेल में शीर्ष पर हैं। फॉक्स न्यूज के मुताबिक डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि हमारे पास एक ऐसा आदमी है जिसे पता ही नहीं है कि क्या हो रहा है। यह हमारे देश के इतिहास का सबसे खतरनाक समय है।

यह पूछे जाने पर कि सत्ता में आने पर वह 24 घंटे के भीतर युद्ध कैसे समाप्त करेंगे। ट्रंप ने कहा कि मैं जेलेंस्की को काफी अच्छे से जानता हूं। मैं पुतिन को भी अच्छे तरीके से जानता हूं। दोनों के साथ मेरे संबंध काफी अच्छे और काफी गहरे हैं। मैं जेलेंस्की को बताऊंगा कि अब इसे बंद करो। तुम्हें एक सौदा करना होगा। मैं पुतिन से कहूंगा कि अगर आप समझौता नहीं करोगे तो मैं यूक्रेन को बहुत कुछ दे दूंगा। हम यूक्रेन को बहुत कुछ दे सकते हैं, जितना उसे कभी नहीं मिला। और इस तरह से दोनों के बीच मैं एक दिन में समझौता करा दूंगा।












Click it and Unblock the Notifications