डोनाल्ड ट्रंप के बेटे ट्रंप जूनियर बोले सिर्फ दीवार की वजह से चिड़ियाघर में मजा उठाते हैं लोग
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर अपनी नई इंस्टाग्राम पोस्ट पर शरणार्थियों पर बयान देने में अपने पिता से एक कदम आगे निकल गए हैं। ट्रंप जूनियर ने शरणार्थियों की तुलना जानवरों से कर डाली है। उन्होंने इन शरणार्थियों को ऐसा हताश व्यक्ति करार दे डाला है जो किसी भी कीमत पर अमेरिका में दाखिल होना चाहता है। ट्रंप जूनियर की यह टिप्पणी मैक्सिको बॉर्डर पर दीवार के लिए जारी ट्रंप की कोशिशों के बीच आई है। ट्रंप जूनियर ने टिप्पणी इसी मुद्दे पर की है और उनकी इस टिप्पणी पर विवाद होगा यह भी तय है।

मैक्सिको बॉर्डर वॉल पर टिप्पणी
ट्रंप जूनियर ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट पर लिखा है, 'क्या आप जानते हैं कि आप चिड़ियाघर में एक दिन मजा कैसे कर सकते हैं? क्योंकि दीवार पीछे होती है और यह काफी कारगर होती है।' ट्रंप जूनियर के पिता मैक्सिको के बॉर्डर पर दीवार बनाने पर अड़े हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने दीवार के लिए 5.7 बिलियन डॉलर का फंड नहीं मिलने पर नेशनल इमरजेंसी घोषित करने की धमकी तक दे डाली है। हालांकि राष्ट्रपति खुद भी कई शरणार्थियों पर कुछ इस तरह की टिप्पणियां कर चुके हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार कहा था, 'आप यकीन नहीं करेंगे कि ये लोग कितने बुरे होते हैं, ये इंसान नहीं होते हैं बल्कि ये जानवर हैं।' ट्रंप जूनियर ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट पर इससे पहले सीरिया के शरणार्थियों पर कहा था कि ये शरणार्थी बिल्कु स्किटल कैंडी की तरह खतरनाक हो सकते हैं। ट्रंप जूनियर की उनकी इंस्टाग्राम पोस्ट पर काफी आलोचना भी हो रही है। लोग ट्विटर पर लिख रहे हैं, 'जूनियर अपने आप में किसी चिड़ियाघर के जानवर से कम नहीं हैं।'












Click it and Unblock the Notifications