Donald Trump: इस्लाम को कैंसर बताने वाली लौरा लूमर कौन हैं, जिनके साथ डोनाल्ड ट्रंप के हो रहे अफेयर के चर्चे
Donald Trump Laura Loomer News: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जो पहले से ही पॉर्न स्टार स्टॉर्मी डेनियल्स के साथ कथित संबंधों की वजह से मुश्किलों में रहे हैं, उनकी राष्ट्रपति चुनाव से पहले एक और लड़की से अफेयर के चर्चे ने अमेरिकी राजनीति के तापमान को बढ़ा दिया है।
5 नवंबर को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव से पहले स्थिति यहां तक पहुंच चुकी है, कि लौरा लूमर को लेकर डोनाल्ड ट्रंप ने यहां तक कह दिया, कि "लौरा लूमर भी बहुत सारे लोगों की तरह मेरी समर्थक हैं और मैं उन्हें कंट्रोल नहीं करता हूं। वो जो कहती हैं, वो अपनी मर्जी से कहती हैं और वो जो चाहे कह सकती हैं।"

लेकिन, रिपब्लिकन उम्मीदवार और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का लौरा लूमर के साथ संबंध, जो एक स्वघोषित खोजी पत्रकार और दक्षिणपंथी कार्यकर्ता हैं, वो पार्टी के भीतर बेचैनी पैदा कर रहा है। रिपोर्ट्स बताती हैं, कि 11 सितंबर को राष्ट्रपति पद की बहस और 9/11 हमलों के लिए एक स्मारक सेवा के लिए डोनाल्ड ट्रंप के विमान पर लूमर की मौजूदगी से रिपब्लिकन पार्टी के अंदरूनी लोग नाखुश हैं।
रिपब्लिकन नेता लौरा लूमर को लेकर क्यों चिंतित हैं? वह ट्रंप के करीबी लोगों में कैसे शामिल हुईं? आइए एक नजर डालते हैं।
लौरा लूमर कौन हैं?
31 साल की लौरा लूमर अपनी दक्षिणपंथी विचारधारा और ऑनलाइन मौजूदगी की वजह से अकसर सुर्खियों में रहती थीं। उनके विचार अकसर विवाद पैदा करते हैं। उन्होंने पिछले कुछ सालों में कई विवादास्पद टिप्पणियां की हैं, जिनमें नस्लवादी, इस्लामोफोबिक, होमोफोबिक और सेक्सिस्ट टिप्पणियां शामिल हैं। द न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, उन्होंने एक बार इस्लाम को "कैंसर" बताया था और हैशटैग "#proudislamophobe" का इस्तेमाल किया था।
इसके अलावा, वह भूमध्य सागर पार करने वाले प्रवासियों की मौतों का जश्न मनाती भी नजर आईं थीं।
लौरा लूमर ने कमला हैरिस को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा था, कि अगर कमला हैरिस राष्ट्रपति बनती हैं, तो व्हाइट हाउस करी की तरह महकेगा।" उनका निशाना कमला हैरिस के भारतीय मूल की तरफ था।
अमेरिकी समेत पश्चिमी देशों में करी की पहचान भारत से जुड़ी है और उनका बयान पूरी तरह से नस्लवादी था, जिसका डेमोक्रेटिक पार्टी के साथ साथ रिपब्लिकन पार्टी के भी कई नेताओं ने निंदा की थी।
लौरा लूमर की विवादित गतिविधियां
2018 में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर, जिसका नाम अब एक्स हो चुका है, उसने लौरा लूमर को उसके लगातार मुस्लिम विरोधी पोस्ट के लिए प्रतिबंधित कर दिया था। जिसके विरोध में, उन्होंने कंपनी के न्यूयॉर्क मुख्यालय के सामने खुद को हथकड़ी लगाकर रखा और पीले रंग का स्टार ऑफ डेविड पहन लिया था, जो नाजियों ने यहूदियों को होलोकॉस्ट के दौरान पहनने के लिए मजबूर किया था।
एलन मस्क ने जब एक्स का अधिग्रहण किया, तो उनके अकाउंट को फिर से एक्टिवेट कर दिया गया और अब उनके 12 लाख फॉलोअर्स हैं।
लूमर की एक हरकत 2015 की भी है, जब उन्होंने बैरी यूनिवर्सिटी के अधिकारियों को ISIS का समर्थन करने वाला एक क्लब शुरू करने की अपनी योजना पर चर्चा करते हुए गुप्त रूप से फिल्मा बनाया था। इस अंडरकवर वीडियो को रूढ़िवादी मीडिया संगठन प्रोजेक्ट वेरिटास ने उठाया था। 2017 में उनकी बदनामी तब और बढ़ गई, जब उन्होंने ट्रंप से मिलते-जुलते जूलियस सीजर के नाटक को बीच में रोक दिया था।
लूमर का डोनाल्ड ट्रंप से संबंध
2020 में लूमर ने फ्लोरिडा के 21वें डिस्ट्रिक्ट कांग्रेस चुनाव के लिए रिपब्लिकन प्राइमरी जीती। ट्रंप ने आम चुनाव में हारने के बावजूद उन्हें एक्स पर बधाई दी। दो साल बाद, उन्होंने प्राइमरी में प्रतिनिधि डैनियल वेबस्टर को असफल रूप से चुनौती दी। 2021 से, लूमर ने ट्रंप के मार-ए-लागो रिसॉर्ट का कम से कम नौ बार दौरा किया है।
2023 में ट्रंप के राष्ट्रपति अभियान के लिए लूमर को नियुक्त करने की योजना थी, लेकिन रिपब्लिकन पार्टी के भीतर आंतरिक विरोध के कारण उन्हें टीम में जगह नहीं मिली। हालांकि आधिकारिक तौर पर उनके राजनीतिक संचालन का हिस्सा नहीं है, लेकिन लूमर का दावा है कि ट्रंप उनकी "बिना शर्त वफादारी" के हकदार हैं।
रिपब्लिकन पार्टी के नेताओं में चिंता
डोनाल्ड ट्रंप के साथ लूमर के जुड़ाव ने रिपब्लिकन पार्टी के अंदरूनी लोगों के बीच स्विंग स्टेट्स में इसके संभावित प्रभाव के बारे में चिंता पैदा कर दी है। एनबीसी न्यूज ने बताया है, कि कुछ सहयोगियों को चिंता है कि इन संबंधों के कारण उन्हें वोटों का नुकसान हो सकता है।
लूमर को राष्ट्रपति पद की बहस से दो दिन पहले उपराष्ट्रपति कमला हैरिस की भारतीय विरासत के बारे में नस्लवादी टिप्पणी करने के लिए आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि अगर हैरिस राष्ट्रपति बन जाती हैं, तो व्हाइट हाउस में "करी की तरह गंध आएगी", जिससे सभी रिपब्लिकन नाराज हो गए थे।
मार्जोरी टेलर-ग्रीन ने 12 सितंबर को लूमर की "करी" टिप्पणी की निंदा की, और उनकी बयानबाजी और घृणास्पद लहजे पर चिंता व्यक्त की। ग्रीन ने इस बात पर जोर दिया, कि ये टिप्पणियां ट्रंप के अभियान या "संपूर्ण रूप से MAGA" का प्रतिनिधित्व नहीं करती हैं। उदारवादी रिपब्लिकन सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने लूमर को "वास्तव में जहरीली" बताया।
वहीं, उपराष्ट्रपति पद के लिए रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार जेडी वेंस, जो एक भारतीय महिला से विवाहित हैं, उन्होंने लूमर की टिप्पणियों से खुद को अलग कर लिया। उन्होंने कहा, कि वे उनकी टिप्पणियों से सहमत नहीं हैं और इसके बजाय नीति और मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications