कश्मीर मुद्दे पर गलत बयान देकर बुरे फंसे डोनाल्ड ट्रंप, कांग्रेसमैन ने भारत से मांगी माफी
वॉशिंगटन। कश्मीर मुद्दे पर झूठा बयान देकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चौतरफा घिर गए हैं। जिस तरह से डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि भारत कश्मीर मुद्दे पर अमेरिका द्वारा मध्यस्थता चाहता है, उसके बाद भारत की ओर से इस पूरे मसले पर आधिकारिक बयान जारी किया गया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने साफ किया है कि भारत की ओर से इस तरह की कोई पेशकश नहीं की गई है। भारत की ओर से इस मसले पर दी गई सफाई के बाद डोनाल्ड ट्रंप की अमेरिका में आलोचना हो रही है। कांग्रेस नेता ब्रैड शरमन ने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप का कश्मीर मुद्दे पर दिया गया बयान बचकाना भ्रमित करने वाला और शर्मिंदगीभरा है। यही नहीं ब्रैड शरमैन ने भारतीय राजदूत हर्ष श्रंगला से डोनाल्ड ट्रंप के बचकाना और शर्मनाक गलती के लिए माफी मांगी है।

शरमैन ने ट्वीट करके लिखा कि कोई भी व्यक्ति जो दक्षिण एशिया की विदेश नीति को समझता है कि उसे पता है कि भारत लगातार कश्मीर मुद्दे पर तीसरे पक्ष का विरोध करता आया है। हर किसी को पता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस तरह का सुझाव कभी नहीं देंगे। ट्रंप का बयान बचकाना, भ्रमित करने वाला और शर्मिंदगी भरा भी है। बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे अपील की है कि वह कश्मीर मुद्दे पर हस्तक्षेप करें।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान से मुलाकात के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ दो हफ्ते पहले था, हमने इस मुद्दे पर बात की थी। उन्होंने कहा था कि क्या आप इस मुद्दे में हस्तक्षेप करेंगे, मैंने कहा कहां, उन्हें कहा कि कश्मीर क्योंकि यह मुद्दा काफी सालों से बना हुआ है। मैं यह सुनकर आश्चर्यचकित था कि यह कितने सालों से चल रहा है। इसके बाद ट्रंप ने कहा कि इस मुद्दे का समाधान होना चाहिए, अगर उन्हें भी यह लगता है तो मैं इस मसले पर बात करने के लिए तैयार हूं और देखूंगा कि हम इस मुद्दे पर क्या कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications