रूस ने अब फ्रांस को दी युद्ध की चेतावनी....भूल मत जाना!
मास्को, 1 मार्च: रूस ने यूक्रेन को तबाह करने में कोई कसर नहीं छोड़ा है, साथ ही वह खुद पर पाबंदी लगाने वाले पश्चिमी देशों को भी जंग की चेतावनी देने से बाज नहीं आ रहा है। रूस ने फ्रांस की ओर से उसपर आर्थिक पाबंदियों के जरिए उसकी अर्थव्यवस्था को चौपट करने वाली बात पर कहा है कि इतिहास को नहीं भूलना चाहिए कि इस तरह की आर्थिक लड़ाई कई बार वास्तिवक युद्ध में भी बदल जाते हैं। रूस की ओर से फ्रांस को यह चेतावनी वहां के पूर्व राष्ट्रपति और प्रभावशाली नेता दमित्री मेडवेदेव ने दी है। उधर नाटो भी यूक्रेन की मदद के लिए उसे कोई जेट नहीं भेजने की बात कह दी है।

रूस ने अब फ्रांस को दी युद्ध की चेतावनी
यूक्रेन पर रूस के हमले की वजह से पूरी दुनिया परेशान है, लेकिन लगता है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की सरकार को अभी भी हिंसा से दिल नहीं भरा है। रूस के पूर्व राष्ट्रपति और वहां के सिक्योरिटी काउंसिल के डिप्टी चेयरमैन दमित्री मेडवेदेव ने फ्रांस के वित्त मंत्री के एक बयान पर सख्त चेतावनी दी है। रूसी नेता ने ट्विटर पर लिखा है, 'आज, फ्रांस के किसी मंत्री ने कहा है कि उन्होंने रूस के खिलाफ आर्थिक युद्ध की घोषणा कर दी है। महानुभाव! अपने शब्दों पर गौर करो। और भूल मत जाना कि मानवीय इतिहास में, आर्थिक जंग कई बार वास्तविक युद्ध में परिवर्तित हो चुकी है।'

'हम रूसी अर्थव्यस्था को चौपट कर देंगे'
रूसी नेता का यह धमकी भरे अंदाज वाला बयान फ्रांस के वित्त मंत्री ब्रूनो ले मेयर की उस टिप्पणी के बाद आया है, जो उन्होंने एक फ्रेंच टेलीविजन को इंटरव्यू के दौरान की थी। बीबीसी न्यूज ने उन्हें कोट करते हुए कहा था, 'हम रूसी अर्थव्यस्था को चौपट कर देंगे।' हालांकि, उन्होंने माना था कि प्रतिबंधों की वजह से सामान्य रूसी नागरिकों को भी मुश्किलों से गुजरना होगा, 'लेकिन, हम नहीं जानते कि इससे अलग तरह से कैसे निपट सकते हैं।' एएफपी ने उनके इंटरव्यू के हवाले से यह बताया था।
रूस के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री रह चुके हैं दमित्री
दमित्री मेडवेदेव 2008 से लेकर 2012 तक रूस के राष्ट्रपति रह चुके हैं। वह, 2012 से लेकर 2020 तक वहां के प्रधानमंत्री भी रह चुके हैं। उन्होंने अपना ट्वीट फ्रेंच के अलावा अंग्रेजी में भी किया है। इस बीच युद्ध के छठे दिन गुजर जाने के बाद क्रेमलिन की ओर से कहा गया है कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की फिलहाल यूक्रेन में अपने समकक्ष वोलोदिमीर जेलेंस्की से बात करने की कोई योजना नहीं है।

हम यूक्रेन में जेट नहीं भेज रहे- नाटो
उधर नाटो ने भी रूस के खिलाफ अपने फाइटर जेट यूक्रेन भेजने से इनकार कर दिया है। पोलैंड के राष्ट्रपति एंड्रेज डूडा ने मंगलवार को कहा है, 'हम कोई जेट यूक्रेन नहीं भेज रहे हैं, क्योंकि इससे यूक्रेन युद्ध में एक सैन्य दखल शुरू होगा। हम इस लड़ाई में शामिल नहीं हो रहे हैं। नाटो इस लड़ाई का हिस्सा नहीं है। हम यूक्रेन को मानवीय आधार पर समर्थन दे रहे हैं, लेकिन हम कोई जेट यूक्रेन के एयर स्पेस में नहीं भेज रहे हैं।' डूडा ने नाटो के महासचिव जेन्स स्टोल्टेनबर्ग के साथ प्रेस कांफ्रेंस में ये बातें कही हैं। गौरतलब है कि रविवार को यूरोपीयन यूनियन के मंत्री फाइटर जेट समेत 500 मिलियन डॉलर के हथियार यूक्रेन की सेना को सप्लाई करने के लिए सहमत हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications