व्हाइट हाउस में बाइडेन ने जलाए दीप तो ब्रिटेन में खास सिक्का लॉंच, जानिए दुनिया में कैसे मनी दिवाली
अमेरिका समेत विश्व के अलग अलग देशों में अलग अलग अंदाज में दिवाली मनाई गई है। व्हाइट हाउस में बाइडेन ने दिए जलाए तो ब्रिटेन में खास सिक्के का अनावरण किया गया।
नई दिल्ली, नवंबर 05: पूरी दुनिया में हर्ष और उल्लास के साथ दिवाली का त्योहारा मनाया गया और लोगों ने विश्व की शांति और अंधेरे पर प्रकाश के विजय की प्रार्थना की। अमेरिका हो, ब्रिटेन हो, या फिर इजरायल...विश्व के कई देशों में शांति का त्योहार दिवाली मनाया गया और वैश्विक शांति का संदेश दिया गया।
Recommended Video

व्हाइट हाइस में दिवाली
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन और फर्स्ट लेडी जिल बाइडेन और अमेरिका की उप-राष्ट्रपति कमला हैरिस ने व्हाइट हाउस में दिवाली के त्योहार पर दिया जलाया और पूरी दुनिया को दिवाली के मौके पर शुभकामनाएं दीं। अमेरिका में इस बार संसद में दिवाली को राष्ट्रीय त्योहार घोषित करने का बिल पेश किया गया है और ऐसी उम्मीद है कि, अगले साल तक दिवाली को अमेरिका का राष्ट्रीय त्योहार घोषित कर दिया जाएगा। वहीं, अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडे ने अपनी पत्नी जिल बाइडेन के साथ ट्विटर पर दिया जलाते हुए तस्वीर पोस्ट की और लिखा कि, ''दीवाली की रोशनी हमें अंधेरे से ज्ञान की तरफ चला जाए, जहां सच्चाई मौजूद है, विभाजन से एकता की तरफ और निराशा से आशा की तरफ बढ़ जाए।'' राष्ट्रपति जो बाइडेन ने ट्विटर पर एक पोस्ट में लिखा कि, वो व्हाइट हाउस में पत्नी जिल बाइडेन के साथ दिवाली मना रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि, "अमेरिका और दुनिया भर में जश्न मना रहे हिंदुओं, सिखों, जैनियों और बौद्धों को, पीपुल्स हाउस की तरफ से आपको दिवाली की शुभकामनाएं।"
कमला हैरिस ने भी दी बधाई
अमेरिका की पहली महिला उप-राष्ट्रपति कमला हैरिस ने भी एक वीडियो पोस्ट शेयर करते हुए लोगों को दिवाली पर शुभकामनाएं दी हैं और लिखा है कि, ''सभी को बधाई। मैं यहां संयुक्त राज्य अमेरिका और दुनिया भर में रोशनी का त्योहार मना रहे सभी लोगों को एक खुशहाल दिवाली की शुभकामनाएं देना चाहती हूं।'' कमला हैरिस ने अपने पोस्ट में लिखा है कि, ''इस साल दीवाली एक विनाशकारी महामारी के बीच और भी गहरे अर्थ के साथ आती है। दिवाली की छुट्टी हमें हमारे देश के सबसे पवित्र मूल्यों की याद दिलाती है, जिसमें परिवार और दोस्तों के प्यार के लिए हमारी कृतज्ञता, जरूरतमंद लोगों को हाथ देने की हमारी जिम्मेदारी और अंधेरे पर प्रकाश चुनने की हमारी ताकत, ज्ञान और ज्ञान की तलाश करने और एक स्रोत बनना शामिल है। आइए एक दूसरे के भीतर प्रकाश का सम्मान करना याद रखें। हमारे परिवार की तरफ से मैं आपको दिवाली की शुभकामनाएं देती हूं।" इसके साथ ही कमला हैरिस के पति ने भी उप-राष्ट्रपति भवन की एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें चारों तरफ लाइट्स जलते दिख रहे हैं।

ब्रिटेन में दिवाली पर सिक्का लॉंच
ब्रिटेन ने गुरुवार को भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान नेता और बापू महात्मा गांधी के जीवन और विरासत का जश्न मनाते हुए दिवाली को चिह्नित करने के लिए एक नए स्मारक सिक्के का अनावरण किया। सोने और चांदी के इन विशेष सिक्कों पर भारत के राष्ट्रीय फूल कमल और बापू के संदेश के साथ अनावरण किया गया है, जिसमें लिखा है "मेरा जीवन मेरा संदेश है।" ब्रिटेन के पहले हिंदू वित्त मंत्री ऋषि सुनक ने इसे "एक प्रभावशाली नेता को उचित श्रद्धांजलि" बताया है, जिन्होंने दुनिया भर में लाखों लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि, ''एक हिंदू होने के नाते दिवाली के शुभ मौके पर इस सिक्के का अनावरण करना मेरे लिए गर्व की बात है।" आपको बता दें कि, ऋषि सुनक भारतीय मूल के वक्ति हैं, जो ब्रिटेन के वित्त मंत्री हैं और अगले चुनाव में वो प्रधानमंत्री पद के सबसे बड़े दावेदार होंगे। वहीं, उनके ससुर का नाम नारायण मूर्ति है, जो इंफोसिस के संस्थापक और भारत के सबसे अमीर और सम्मानित कारोबारियों में से एक हैं।
इजरायल की दोस्ती वाली दिवाली
वहीं, इजरायल में इस बार भी दोस्ती वाली दिवाली मनाई गई है। इजरायल से कई लोगों ने भारत के लोगों को दिवाली के मौके पर खास संदेश दिए हैं और दिवाली की शुभकामनाओं के साथ भारत के साथ दोस्ती को और मजबूत करने की बात दोहराई है। इजरायल के मौजूदा प्रधानमंत्री नेफ्ताली बेनेट ने जहां सभी भारतवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दी हैं, वहीं इजरायल के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से भी लिखा गया है कि, ''भारत और विदेश में रहने वाले हमारे सभी भारतीय दोस्तों को दिवाली की शुभकामनाएं और हम कामना करते हैं कि, ये दिवाली आप सभी के जीवन में खुशियां और समृद्धि लेकर आए''।
बेंजामिन नेतन्याहू ने भी दी शुभकामनाएं
इजरायल के पूर्व प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी दिवाली के मौके पर भारत के लोगों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। इसके साथ ही उन्होंने अपने दोस्त और भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दिवाली के मौके पर शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने ट्विटर पर लिखा है कि, ''मैं अपने दोस्त और भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दिवाली की शुभकामनाएं देता हूं और कामना करता हूं कि, भारत और इजरायल की दोस्ती और ज्यादा गहरी और मजबूत हो''।












Click it and Unblock the Notifications