नेपाल में शुरू हुआ कोविशील्ड का टीकाकरण अभियान, पीएम केपी ओली ने भारत को फिर कहा- शुक्रिया
काठमांडू। Covid vaccinationa start in Nepal भारत के पड़ोसी मुल्क नेपाल में कोरोना वायरस के खिलाफ कोविशील्ड वैक्सीन के टीकाकरण अभियान की शुरुआत हो चुकी है। बुधवार को नेपाल में सबसे पहले हेल्थ वर्कर्स को टीका लगाना शुरू किया गया। आपको बता दें कि नेपाल को भारत में बनी सीरम इंस्टीट्यूट की कोविशील्ड वैक्सीन ही मुहैया कराई गई है।

3 महीने तक चलेगा वैक्सीनेशन का पहला चरण
आपको बता दें कि नेपाल में पहले चरण के अंतर्गत स्वास्थ्यकर्मियों को ही टीका लगाया जाएगा। ये तस्वीरें काठमांडू की त्रिभुवन यूनिवर्सिटी एंड टीचिंग अस्पताल की हैं, जहां लाइन में लगे स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया जा रहा है। यहां टीका लगवाने वाले डॉक्टर्स का कहना है कि हमें इसकी शुरुआत करनी होगी और अगर हम ही इस टीके को नहीं लगवाएंगे तो फिर आम जनता कैसे लगवा पाएगी। बता दें कि इस अस्पताल में हर हफ्ते 2 हजार स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है और नेपाल में टीकाकरण का पहला चरण तीन महीने तक चलेगा।
पहले दिन 12 हजार हेल्थ वर्कर्स को लगेगा टीका
नेपाल के स्वास्थ्य मंत्री हृदयेश त्रिपाठी ने बताया है कि पहले दिन 12,000 डॉक्टर, नर्स, कस्टोडियन, एम्बुलेंस ड्राइवर और अन्य स्वास्थ्य कर्मचारियों को टीका लगाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही अभी 120 सेंटर पर टीका लगाने की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन आने वाले दिनों में इसे बढ़ाया जाएगा।
भारत का शुक्रिया और आभार- नेपाल के पीएम
टीकाकरण अभियान की शुरुआत होने के बाद नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने एकबार फिर भारत का शुक्रिया अदा किया है। उन्होंने कहा है कि हम अपने पड़ोसी भारत का शुक्रिया अदा और आभार प्रकट करते हैं, भारत ने हमें एक हफ्ते के अंदर वैक्सीन की 1 लाख डोज फ्री में भेजी हैं।
नेपाल ने भारत से मंगाई है वैक्सीन की 1 लाख डोज
आपको बता दें कि नेपाल ने भारत सरकार से कोविशील्ड वैक्सीन की 1 लाख डोज मंगवाई थी। नेपाल में तीन महीने के भीतर 72 फीसदी नागरिकों को वैक्सीन का टीका लगाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। नेपाल में दो डोज फ्री दिए जाने का ऐलान किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications