भारत से भी खराब हालत में ब्राजील, एक महीने में एक लाख से ज्यादा मौतें, नये स्ट्रेन ने मचाई तबाही
ब्राजील में कोरोना वायरस का नये वेरिएंट खतरनाक स्तर पर तबाही मचा रहा है। पिछले एक महीने में ब्राजील में एक लाख से ज्यादा लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
साओ पाउलो, अप्रैल 30: कोरोना वायरस ने भारत की क्या स्थिति कर दी है, ये तो हम सब देख रहे हैं। हर दिन साढ़े तीन हजार से ज्यादा लोग इस जानलेवा वायरस की चपेट में आकर काल के गाल में समा दा रहे हैं। हर दिन भारत में कोरोना वायरस संक्रमितों के 3 लाख से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। भारत की स्थिति जितनी खराब है, ब्राजील की स्थिति उससे भी ज्यादा खराब है। ब्राजील में कोरोना वायरस ने पिछले एक महीने में एक लाख से ज्यादा लोगों को मौत की नींद सुला दिया है। ब्राजील की ये स्थिति आज से नहीं है बल्कि ब्राजील में पिछले 2 महीने से कोरोना वायरस बहुत बड़ी संख्या में लोगों को मार रहा है। ब्राजील में कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन खतरनाक तबाही मचा रहा है।

एक महीने में एक लाख मौतें
ब्राजील में कोरोना वायरस की वजह से पिछले एक महीने में एक लाख से ज्यादा लोगों की मौतें हो चुकी हैं। दक्षिण अमेरिका महाद्वीप में स्थिति इस देश की हालत पिछले साल भी कोरोना वायरस की वजह से खराब हो गई थी औ र अभी भी कोरोना वायरस लगातार इस देश के लोगों की सांसें छीन रहा है। ब्राजील में कोरोना वायरस की वजह से अब तक 4 लाख से ज्यादा लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। हालांकि वैश्विक स्तर की बात करें तो मौत के मामले में ब्राजील से आगे अभी भी अमेरिका बना हुआ है, लेकिन अमेरिका ने कोविड-19 पर बहुत हद तक वैक्सीनेशन के जरिए काबू पा लिया है और अब अमेरिका में इस जानलेवा वायरस बहुत कम मौतें हो रही हैं। वहीं, स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने आशंका जताई है कि ब्राजील की स्थिति अभी और ज्यादा खराब हो सकती है।

ब्राजील की स्थिति खराब
ब्राजील में कोरोना वायरस को लेकर हद से ज्यादा लापरवाही बरती गई है और ब्राजील के राष्ट्रपति पर कोरोना संक्रमण के दौरान कड़े फैसले नहीं लेने के भी आरोप लगे हैं। वहीं, इतनी मौतें होने के बाद भी ब्राजील की सरकार ये तय नहीं कर पाई है देश में कौन सा वैक्सीन इस्तेमाल किया जाना है। ब्राजील में पिछले 2 हफ्तों से हर दिन करीब ढाई हजार से ज्यादा लोगों की मौत कोरोना वायरस की वजह से हो रही हैं। वहीं, ब्राजील स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक बृहस्पतिवार को देश में इस वायरस की वजह से 3 हजार से ज्यादा लोगों की मौतें हुई है।

बेहद खराब वैक्सीनेशन
ब्राजील की आबादी करीब 21 करोड़ है लेकिन इसके बाद भी यहां की सरकार देश के नागरिकों को वैक्सीनेशन कराने में पूरी तरह से नाकाम साबित हुई है। रिसर्च वेबसाइट आवर वर्ल्ड के आंकड़ों के मुताबिक ब्राजील में अभी तक 6 प्रतिशत से भी कम लोगों को टीका लगाया गया है। ब्राजील की सरकार किस हद तक लापरवाह है, इसका अंदाजा आप इसी से लगा सकते हैं कि पूरी दुनिया में जब कई तरह के वैक्सीन बन चुके हैं तब भी ब्राजील में तय नहीं किया गया है कि लोगों को कौन सी वैक्सीन की खुराक दी जाए। वहीं, ब्राजील को लेकर आशंका जताई गई है कि जून में ब्राजील कोरोना वायरस की तीसरी लहर का भी सामना कर सकता है, ऐसे में ब्राजील को लेकर कई चेतावनी जारी की गई है।












Click it and Unblock the Notifications