Coronavirus: मंत्री बोले-जो टूरिस्ट मास्क न पहने, उसे लात मारकर देश से बाहर निकाल दो
बैंकॉक। थाइलैंड के स्वास्थ्य मंत्री ने एक ऐसा बयान दे दिया है जिस पर विवाद हो गया है। पब्लिक हेल्थ मिनिस्टर एन्यूटिन चारानविराकुल ने कहा है कि जो विदेशी पर्यटक मास्क नहीं पहन रहे हैं, उन्हें लात मारकर देश से बाहर निकाल देना चाहिए। हालांकि बाद में उन्होंने अपने इस बयान पर माफी मांग ली है मगर इस पर काफी विवाद हो रहा है। मंत्री को बयान देने की वजह से रंगभेद का आरोपी माना जा रहा है।

नस्लभेदी शब्द का प्रयोग
चारानविराकुल बैंकॉक के सेंट्रल शॉपिंग डिस्ट्रिक्ट में लोगों को मास्क देने गए थे। यहां पर मीडिया से बात करते हुए ही उन्होंने यह टिप्पणी की। कुछ पर्यटकों ने सर्जिकल मास्क लेने से इनकार कर दिया। इस वजह से चारानविराकुल को गुस्सा आ गया और वह यह टिप्पणी कर गए। उन्होंने कहा कि विदेशी पर्यटक मास्क नहीं ले रहे हैं और इस तरह से बर्ताव कर रहे हैं जैसे उन्हें कोई परवाह ही नहीं है। चारानविराकुल ने इस टिप्पणी के साथ 'फरंग' शब्द का प्रयोग किया था।

मंत्री ने मांगी माफी
उन्होंने आगे कहा, 'इस तरह के लोगों को थाइलैंड से लात मारकर निकाल देना चाहिए।' फरंग शब्द को थाइलैंड में पश्चिमी देशों से आने वाले लोगों के लिए प्रयोग किया जाता है। इसे वहां पर एक नस्लभेदी शब्द माना जाता है। बयान के साथ ही उन्हें हवा में कुछ मास्क लहराते हुए भी देखा गया। चारानविराकुल ने बाद में अपने फेसबुक पेज पर टिप्पणी के लिए माफी मांग ली। उन्होंने कहा कि वह अपना आपा खो बैठे थे।

थाइलैंड में कोरोना के 25 मरीज
थाइलैंड में इस समय कोरोना वायरस के 25 मरीज हैं जिसमें से नौ पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। कोरोना वायरस की वजह से थाइलैंड के पर्यटन पर खासा असर पड़ा है। इस देश की जीडीपी का 18 प्रतिशत हिस्सा पर्यटन से आता है। साथ ही चीनी पर्यटक भी अच्छी खासी मात्रा में इस देश में घूमने आते हैं। कोरोना वायरस की वजह से मौतों का आंकड़ा 724 पर पहुंच गया है।

मास्क को लेकर जारी है बहस
पिछले वर्ष करीब एक करोड़ चीनी पर्यटक थाइलैंड आए थे और इस वर्ष माना जा रहा है कि सिर्फ 20 लाख पर्यटक ही चीन से आएंगे। मास्क को लेकर इस समय खासी बहस चल रही है। कोरोना वायरस से इस समय दुनिया के 25 देश परेशान हैं। विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि अगर आपको सांस की परेशानी है या फिर आपको मरीजों की देखभाल करनी है तो फिर मास्क पहनकर रहिए।












Click it and Unblock the Notifications