लॉकडाउन में मृत रिश्तेदार बता एंबुलेंस में ले जा रहे थे, पुलिस के छूते ही 'मुर्दा' हुआ जिंदा
नई दिल्ली। पाकिस्तान के कराची में लॉकडाउन के बीच एक शख्स ने एंबुलेंस से लोगों को गांव पहुंचाने का ऐसा तरीका निकाला कि पुलिसवाले भी जानने के बाद हैरान रह गए। यहां एक शख्स ने एंबुलेंस में एक जिंदा आदमी को ही लेटाकर उसे कफन ओढ़ा दिया। ऐसे में लॉकडाउन के चलते पुलिस उसे रोकती तो वो शव को पहुंचाने की बात कह निकल जाता। एक नाके पर जब पुलिस ने एंबुलेंस के भीतक जाकर देखा तो राज खुला।

फर्जी 'मुर्दे' के सहारे 10 लोगों को ले जा रहा था गांव
सोमवार को कराची में पुलिसकर्मियों ने एक एंबुलेंस को रोका। ड्राइवर ने बताया कि वो शव को लेकर कराची से देपालपुर जा रहा है। पुलिसकर्मियों ने भीतर दस लोग बैठे देखे तो उन्हें शक हुआ। इस पर एक पुलिसकर्मी ने सभी को नीचे उतारकर लेटे शख्स पर डाला कफन हटाया तो पाया कि शख्स जिंदा है। इसके बाद उनसे सख्ती से पूछताछ की गई तो पता चला कि ये सभी लोग शहर में मजदूरी करते थे और लॉकडाउन होने के बाद अब अपने गांव जाना चाहते थे। ऐसे मे लॉकडाउन के बीच उनको घर पहुंचाने के लिए ड्राइवर ने उनसे पचास हजार रुपए लिए। साथ ही एक शख्स को लाश की तरह लेट जाने को कहा। इतना ही नहीं उसने एक फर्जी डेथ सर्टिफिकेट भी बनवा रखा था।

पाकिस्तान में लगा है लॉकडाउन
कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए पाकिस्तान भी बीते करीब एक महीने से लॉकडाउन लगा है। सभी कामकाज बंद हैं और यातायात भी नहीं है। ऐसे में शहरों में फंसे लोग गांवों को जाने के लिए इस तरह के तरीके अपना रहे हैं। पाकिस्तान कोरोना वायरस से काफी ज्यादा प्रभावित है। बुधवार को वहां कोरोना संक्रमितों की संख्या 10 हजार को पार कर गई है। वहं अब तक 212 मौतें कोरोना से हुई हैं। पाकिस्तान के सूबों की बात की जाए तो पंजाब में कोरोना के सबसे ज्यादा 4331 केस सामने आए हैं। सिंध में 3373, खैबर पख्तूनवा में 1345 और राजधानी इस्लामाबाद में 194 मामले सामने आए हैं।

दुनियाभर में कोरोना का कहर
दुनियाभर में कोरोना वायरस का कहर इस समय है। दुनिया में इस वायरस से पीड़ितों की संख्या अब 25 लाख को पार कर गई है। दुनियाभर में अब तक 25,55,760 लोगों में कोरोना संक्रमण पाया जा चुका है। इससे अब तक 1,77,459 लोगों की मौत हो चुकी है। अमेरिका दुनिया का सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित देश है। अमरीका में 45,318 मौतें कोरोना से हुई हैं, जो दुनिया में सबसे ज्यादा हैं। इटली में 24,648 स्पेन में 21,282 और फ्रांस में 20,796 लोगों की जान ये वायरस ले चुका है।












Click it and Unblock the Notifications