हांगकांग में कोरोना का प्रकोप, शहर की 70 लाख आबादी का तीन बार होगा कोविड टेस्ट
हांगकांग, 22 फरवरी। कोरोना वायरस के खिलाफ पिछले दो साल से भी अधिक समय से दुनिया में लड़ाई जारी है। हांगकांग में कोविड-19 के आतंक से लोगों को बचाने के लिए अब वहां के सभी निवासियों का कोरोना टेस्ट कराने का आदेश दिया गया है। कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के चलते हांगकांग महामारी से बुरी तरह जूझ रहा है। मंगलवार को प्रशासन ने सभी निवासियों की कोविड जांच कराने का फैसला किया। इतना ही नहीं स्थानीय निवासियों को तीन बार कोविड टेस्ट से गुजरना पड़ेगा।

हांगकांग की मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैरी लाम ने मंगलवार को कहा, 'मांच में शहर की पूरी आबादी को तीन बार कोरोना वायरस की जांच से गुजरना पड़ेगा। शहर की करीब 70 लाख आबादी का टेस्ट करने में 7 दिनों का समय लग सकता है।' हांगकांग प्रशासन ने यह फैसला ऐसे समय लिया है जब 15 फरवरी के बाद से शहर में रोजाना 15 हजार से अधिक कोरोना के नए मामले सामने आ रहे हैं। अब तक कुल कोविड संक्रमितों की संख्या 54000 पर पहुंच गई हैं जबकि 145 लोगों ने अपनी जान गंवा दी।
यह भी पढ़ें: कोरोना के बाद अब महाराष्ट्र में बर्ड फ्लू की दस्तक, ठाणे और पालघर में 25000 मुर्गियों को मारने का फैसला
घनी आबादी वाला महानगर में हर दिन इतने नए कोरोना संक्रमित मामले आने से अस्पताल और मेडिकल व्यवस्था पर दबाव बनने लगा है। लाम ने एक प्रेसवार्ता में कहा, 'तेजी से बिगड़ती महामारी हांगकांग सरकार की इससे निपटने की क्षमता से कहीं अधिक है, इसलिए वायरस से लड़ने में केंद्र सरकार के समर्थन की बहुत आवश्यकता है।' उन्होंने कहा कि बीजिंग के संपर्क कार्यालय के प्रमुख शी बाओलोंग सीमावर्ती शहर शेनझेन से मुख्य भूमि की प्रतिक्रिया का समन्वय कर रहे थे। नए नियमों के तहत सभी 7.4 मिलियन निवासियों को मार्च में अनिवार्य परीक्षण के तीन दौर से गुजरना होगा, हालांकि लैम ने इसकी शुरुआत की तारीख नहीं बताई।












Click it and Unblock the Notifications