अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA के चीफ ने काबुल में तालिबान से की सीक्रेट मीटिंग: सूत्र
वॉशिंगटन, अगस्त 24: अफगानिस्तान पर कब्जा करने के बाद दिनों दिन तालिबान की पकड़ मजूबत होती जा रही है। इसका ताजा उदाहरण हाल ही में सामने आया है। वाशिंगटन पोस्ट ने बताया कि यूएस सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी के प्रमुख विलियम बर्न्स ने काबुल में तालिबान के सह-संस्थापक मुल्ला अब्दुल गनी बरादर के साथ एक गुप्त बैठक की है। हालांकि यह विवरण अभी तक सामने नहीं आ पाया है कि, इस बैठक में किस मुद्दे पर बात हुई?

वाशिंगटन पोस्ट ने मंगलवार को अपनी एक रिपोर्ट में दावा किया कि, अफगानिस्तान की राजधानी काबुल पर तालिबान के कब्जे के बाद यह पहली उच्च स्तरीय कूटनीतिक बातचीत हुई है।उन दोनों के बीच यह मुलाकात ऐसे वक्त पर हुई है जब काबुल एयरपोर्ट पर हंगामे के बीच बाइडेन प्रशासन लगातार अमेरिकी और अन्य सहयोगी देशों के नागरिकों को वहां से निकालने का प्रयास कर रहा है।
वाशिंगटन पोस्ट ने अमेरिकी अधिकारिक सूत्रों के हवाले बताया कि सीआईए के डायरेक्टर विलियम बर्न्स और तालिबान के नेता अब्दुल गनी बरादर के बीच सोमवार को काबुल में मुलाकात हुई है। सीआईए के एक प्रवक्ता ने एएफपी को इस बैठक की पुष्टि नहीं की है। उन्होंने कहा कि एजेंसी "कभी भी डायरेक्टर की यात्रा पर चर्चा नहीं करती है। बर्न्स अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के सबसे अनुभवी राजनयिकों में से एक हैं।
वाशिंगटन पोस्ट ने इस बैठक की जानकारी अज्ञात अमेरिकी स्रोतों के हवाले से दी है। उसने कहा है कि तालिबान के सह-संस्थापक अब्दुल गनी बरादर और सीआईए चीफ के बीच चर्चा से संबंधित विवरण नहीं मिला है। लेकिन संभावना है कि अमेरिका के लिए अफगान राजधानी के हवाई अड्डे पर निकासी को समाप्त करने की समय सीमा में देरी को लेकर चर्चा हो सकती है। अफगानिस्तान में हजारों अफगान, इस्लामवादियों की वापसी से घबराए हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications