क्राइस्टचर्च हमले के बाद न्यूजीलैंड सरकार का बड़ा फैसला, सेमी-ऑटोमेटिक हथियारों, असॉल्ट राइफलों पर बैन
नई दिल्ली। न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में बीते हफ्ते दो मस्जिदों में हुए आतंकी हमले के बाद वहां की सरकार ने असॉल्ट राइफल, सेमी ऑटोमेटिक हथियार और दूसरे ऐसे हथियार जो सेना के इस्तेमाल में आते है, पर बैन लगा दिया है। न्यूजीलैंड की प्राइम मिनिस्टर जेसिंदा आरड्रेन ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी है। क्राइस्टचर्च में बीते हफ्ते दो मस्जिदों में हमलावर ने अंधाधुंध गोलियां बरसाकर 50 लोगों की जान ले ली थी। इस हमले में सेमी-ऑटोमैटिक हथियारों का इस्तेमाल किया गया था।

जेसिंदा आरड्रेन ने गुरुवार को बताया कि न्यूजीलैंड में सभी तरह के सेमी ऑटोमैटिक हथियारों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। उन्होंने कहा कि देश में सैन्य शैली की सेमी-ऑटोमेटिक हथियारों (एमएसएसए) और असॉल्ट राइफलों की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया गया है। इनमें ऐसे हथियार भी फायर आर्म्स भी शामिल हैं, जिन्हें सेमी ऑटोमैटिक हथियारों में बदला जा सकता है। हमले के बाद लगातार ऐसे हथियारों की बिक्री पर प्रतिबंध की मांग हो रही थी। न्यूजीलैंड के विपक्षी दल और कई संगठनों ने इस फैसले का स्वागत किया है।
क्राइस्टचर्च स्थित अल-नूर और लिनवुड मस्जिद में बीते शुक्रवार (15 मार्च) को हुए आतंकी हमले में 50 लोगो मारे गए थे और काफी लोग जख्मी हुए थे। मरने वालों में आठ भारतीय थे। हमलावर ब्रेंटन ने जुमे की नमाज पढ़ रहे लोगों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाई थीं। न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री ने इस हमले की कड़ी मजम्मत की थी और गन कानून में बदलाव करने की बात कही थी।












Click it and Unblock the Notifications