चीन: नए युग में शासन के लिए 'नया समाजवादी तिब्बत' बनाना चाहते हैं शी जिनपिंग
नई दिल्ली: चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने 'नए आधुनिक समाजवादी' तिब्बत के निर्माण का आह्वान किया है, जिससे हिमालय क्षेत्र में अलगाववाद के खिलाफ एक "अभेद्य दीवार" का निर्माण हो सके। इसके अलावा तिब्बती बौद्ध धर्म का "सिनीकरण" करने का आह्वान भी चीन की ओर से किया गया है। साथ ही चीनी राष्ट्रपति ने सीमा की सुरक्षा को मजबूत करने पर जोर दिया।

चीनी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने 'तिब्बत वर्क' के सातवें सम्मेलन में हिस्सा लिया था। इस दौरान जिनपिंग ने कहा कि ऐसे तिब्बत का निर्माण करने के प्रयास किए जाने चाहिए, जो संयुक्त, संपन्न, सांस्कृतिक रूप से उन्नत, समरसता से पूर्ण और सुंदर हो। इसके साथ ही जिनपिंग ने नए युग में तिब्बत पर शासन करने के लिए सीपीसी की नीतियों को पूरी तरह से लागू करने पर जोर दिया और सभी से 'नए आधुनिक समाजवादी' तिब्बत के निर्माण का आह्वान किया।
सम्मेलन में जिनपिंग ने बौद्ध धर्म के 'सिनीकरण' पर भी विस्तार से चर्चा की। सिनीकरण का मतलब है कि किसी भी गैर चीनी संस्कृति को चीनी संस्कृति के अधीन कर लेना और वहां पर चीनी कम्युनिस्ट पार्टी की राजनीतिक व्यवस्था का लागू करना। उन्होंने सम्मेलन में भाग लेने वाले अधिकारियों से कहा कि वे राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने और शांति को बनाए रखने का प्रयास करें। साथ ही लोगों के जीवन में लगातार सुधार करें और एक अच्छा वातावरण बनाए रखें। इसके अलावा सीमा की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें।












Click it and Unblock the Notifications