Sapna Choudhary ने तलाक के बाद लिया ये बड़ा फैसला, लेजर ट्रीटमेंट से हटवाया पति वीर साहू के नाम का टैटू
Sapna Choudhary: हरियाणवी डांसर और सिंगर सपना चौधरी की निजी जिंदगी इन दिनों चर्चा में है। पति वीर साहू से शादी के करीब 6 साल बाद अलग होने की खबरों और तलाक की पुष्टि के बीच सपना ने एक और बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने अपने शरीर पर बने पति के नाम के टैटू को हटवाना शुरू कर दिया है। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में सपना लेजर ट्रीटमेंट के जरिए इस टैटू को हटवाती नजर आ रही हैं। उनका ये फैसला अब लोगों का ध्यान खींच रहा है।
शादी में दरार के बाद सपना चौधरी ने लिया टैटू हटवाने का फैसला?
दरअसल साल 2020 में वीर साहू से शादी के बाद सपना चौधरी ने उनके नाम का टैटू बनवाया था। उस समय यह टैटू उनके रिश्ते की खास निशानी माना गया था। हालांकि अब रिश्ते में आई दूरी के बाद उन्होंने इसे हटवाने का फैसला किया है। खास बात ये है कि तलाक को लेकर खुलकर बात करने से पहले ही सपना टैटू हटवाने की वजह बता चुकी थीं।

'शूटिंग में होती थी परेशानी, इसलिए हटवाया टैटू'
सपना चौधरी ने पहले बताया था कि शूटिंग के दौरान अपने टैटू को छिपाने में काफी वक्त लग जाता था। फिल्मों और म्यूजिक प्रोजेक्ट्स में ज्यादा काम करने की उनकी योजना है। ऐसे में हर बार टैटू को कवर करना उनके लिए परेशानी का सबब बन रहा था। इसी वजह से उन्होंने लेजर ट्रीटमेंट के जरिए इसे हटवाने का निर्णय लिया। अब उनके इस वीडियो को उनकी बदली हुई निजी जिंदगी से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
'हालात ठीक नहीं रहे, तो हम अलग हो गए'
-NMF न्यूज को दिए इंटरव्यू में सपना चौधरी ने वीर साहू से अलग होने को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने साफ कहा कि जब तक रिश्ता अच्छा चल रहा था, दोनों साथ थे लेकिन परिस्थितियां बदलने पर उन्होंने अलग होने का फैसला किया।
-सपना चौधरी ने कहा- जब सब कुछ ठीक था, तब हम साथ थे। जब हालात ठीक नहीं रहे, तो हम अलग हो गए। असल में क्या हुआ, ये या तो वो व्यक्ति समझ सकता है या फिर मैं। किसी तीसरे इंसान का इस मामले में अपनी राय देना या दखल देना सही नहीं है।
-सपना चौधरी ने आगे कहा कि शादी दो लोगों के बीच का रिश्ता है और इसे लेकर फैसले भी उन्हीं दोनों को करने चाहिए। सपना चौधरी के मुताबिक या तो वह अपने पति से बात करेंगी या फिर वीर उनसे बातचीत कर सकते हैं। किसी बाहरी व्यक्ति को उनके रिश्ते या बच्चों के बारे में टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है।
प्यार और रिश्तों को लेकर सपना चौधरी ने कही ऐसी बात
-इंटरव्यू के दौरान सपना चौधरी ने प्यार और रिश्तों पर भी अपने विचार शेयर किए। उनकी बातों से सोशल मीडिया पर ये चर्चा शुरू हो गई कि क्या वह अपने निजी अनुभवों की ओर इशारा कर रही हैं।
-सपना चौधरी ने कहा कि उनके लिए प्यार केवल शारीरिक आकर्षण तक सीमित नहीं है बल्कि इसका संबंध आत्मा और भावनाओं से भी है। उन्होंने अपनी राय रखते हुए कहा कि पुरुष अक्सर ज्यादा व्यावहारिक होते हैं जबकि महिलाएं कई बार भावनाओं में बहकर रिश्तों को देखती हैं। उनकी इन बातों को उनके मौजूदा रिश्ते से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि उन्होंने किसी खास घटना या व्यक्ति के बारे में विस्तार से कुछ नहीं बताया।
6 साल पहले वीर साहू से की थी शादी
-सपना चौधरी ने साल 2020 में हरियाणवी गायक और एक्टर वीर साहू के साथ एक निजी समारोह में शादी की थी। दोनों की शादी की खबर सामने आने के बाद उनके फैंस को काफी हैरानी हुई थी। इस शादी से उनके दो बच्चे भी हैं।
-अब करीब 6 साल बाद दोनों के रिश्ते में दरार आने और अलग होने की खबरें सामने आई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सपना चौधरी ने पति के खिलाफ कई आरोप लगाते हुए अदालत में तलाक की अर्जी भी दाखिल की थी। हालांकि इस मामले से जुड़ी कानूनी प्रक्रिया और दोनों पक्षों की बातों को अलग-अलग समझना जरूरी है।
कौन हैं सपना चौधरी?
-सपना चौधरी हरियाणवी मनोरंजन जगत का जाना-पहचाना नाम हैं। अपने डांस और गानों के दम पर उन्होंने न केवल हरियाणा बल्कि दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और पंजाब समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की है।
-सपना चौधरी को देशभर में बड़ी पहचान रिएलिटी शो 'बिग बॉस 11' से मिली थी। इसके अलावा वह कई म्यूजिक वीडियो और मनोरंजन से जुड़े प्रोजेक्ट्स में नजर आ चुकी हैं। हाल ही में उन्होंने रिएलिटी शो 'द 50' में भी हिस्सा लिया था। अपने प्रोफेशनल काम के साथ-साथ अब उनकी निजी जिंदगी भी सुर्खियों में बनी हुई है।


Click it and Unblock the Notifications
