सचिन की बेटी सारा और बहू सानिया क्यों पहुंची रांची? उठाया लड़कियों की जिंदगी बदलने वाला बड़ा कदम
क्रिकेट की दुनिया के बेताज बादशाह महान सचिन तेंदुलकर का परिवार एक ऐसी पहल से जुड़ने जा रहा है, जिसका मकसद मैदान से बाहर लड़कियों की जिंदगी बदलना है। सचिन की बेटी सारा तेंदुलकर और बहू सानिया चंडोक ने झारखंड के रांची में लड़कियों के लिए नया स्कूल खोलने का ऐलान किया है। इस काम में सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन और युवा संस्था मिलकर साथ आएंगे।
सारा तेंदुलकर और सानिया चंडोक 25 नवंबर को रांची स्थित युवा स्कूल पहुंचीं। यहां उन्होंने छात्राओं और फुटबॉल खेलने वाली लड़कियों से मुलाकात की। दोनों ने उनके साथ समय बिताया और जाना कि किस तरह शिक्षा और खेल ने इन लड़कियों के जीवन में बदलाव लाने का काम किया है।

सारा तेंदुलकर ने इस मौके पर बताया कि सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन ने युवा संस्था के साथ मिलकर लड़कियों के लिए नया स्कूल बनाने का फैसला किया है। उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता सचिन और अंजलि तेंदुलकर करीब दो साल पहले भी यहां आए थे। उस समय वे यहां की लड़कियों के आत्मविश्वास से काफी प्रभावित हुए थे।
सारा ने कहा कि वह और सानिया यहां हो रहे काम को देखकर प्रेरित हुई हैं। उन्हें इन लड़कियों में आगे बढ़ने की काफी संभावनाएं नजर आती हैं।
फुटबॉल और शिक्षा से बदलेगी लड़कियों की जिंदगी
सानिया चंडोक ने भी युवा संस्था के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने यहां की लड़कियों के आत्मविश्वास और ऊर्जा को खास बताया। युवा संस्था झारखंड के वंचित समुदायों की लड़कियों को शिक्षा और फुटबॉल से जोड़ने का काम करती है। इसका उद्देश्य लड़कियों को पढ़ाई के साथ नेतृत्व क्षमता विकसित करने और आत्मनिर्भर बनने का मौका देना है।
युवा संस्था के साथ है सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन की साझेदारी
सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन और युवा के बीच पिछले करीब तीन साल से साझेदारी है। अब नए स्कूल की घोषणा इस दिशा में एक और बड़ा कदम है। इससे ज्यादा लड़कियों को पढ़ाई और खेल के जरिए अपने सपने पूरे करने का अवसर मिलने की उम्मीद है।


Click it and Unblock the Notifications
