परिसीमन बिल पर DMK के 22 सांसद देंगे मोदी सरकार का साथ, कैसे माने आखिर स्टालिन? बहुमत से अब भी 6 दूर सरकार

लोकसभा में परिसीमन बिल को लेकर सियासी गणित पूरी तरह बदल गया है। शरद पवार की NCP (SP) और जगनमोहन रेड्डी की YSRCP के बाद अब एमके स्टालिन की पार्टी DMK ने भी केंद्र सरकार के नए बिल को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। शनिवार को चेन्नई में पार्टी सांसदों की बैठक के बाद सांसद ए. राजा और दयानिधि मारन ने साफ किया कि वे संसद में इस बिल के पक्ष में वोट देंगे। इस फैसले के साथ ही स्टालिन ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के घर होने वाली विपक्षी नेताओं की बैठक से भी दूरी बना ली है।

डीएमके का कहना है कि केंद्र ने तमिलनाडु की लोकसभा सीटों में उसकी हिस्सेदारी सुरक्षित रखने और राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात 25 साल तक बनाए रखने की मांग को नए प्रस्ताव में जगह दी है। अब लोकसभा में DMK के 22 सांसद NDA का साथ देंगे। इससे पहले शरद पवार की पार्टी NCP (SP) के 8 और जगन मोहन रेड्डी की पार्टी YSRCP के 4 सांसद भी समर्थन दे रहे हैं।

DMK Delimitation Bill Support

अब इन तीनों पार्टी के 34 सांसदों का साथ मिलने पर NDA का आंकड़ा 320 से बढ़कर 354 हो सकता है। लेकिन अगर सभी 540 सांसद वोट करते हैं, तो दो-तिहाई बहुमत के लिए 360 वोट चाहिए होंगे। यानी सरकार को अभी छह और सांसदों का समर्थन जुटाना होगा।

DMK ने समर्थन के बदले क्या शर्त रखी?

डीएमके का समर्थन बिना शर्त नहीं है। पार्टी अध्यक्ष एमके स्टालिन लंबे समय से मांग कर रहे थे कि लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 फीसदी हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का अनुपात अगले 25 साल तक 1971 की जनगणना के आधार पर ही बना रहना चाहिए।

शनिवार (28 नवंबर) को चेन्नई में सांसदों की बैठक के बाद ए. राजा ने कहा कि पार्टी की 7.18 फीसदी हिस्सेदारी सुरक्षित रखी जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ प्रक्रियागत मुद्दे बाकी हैं और जरूरत पड़ी तो पार्टी संशोधन भी पेश करेगी। डीएमके सांसद दयानिधि मारन ने भी सदन में बिल का समर्थन करने की बात दोहराई।

परिसीमन बिल पर पवार की पार्टी का NDA को समर्थन? सुप्रिया सुले बनेंगी मंत्री! महाराष्ट्र में भी मांगा पद
परिसीमन बिल पर पवार की पार्टी का NDA को समर्थन? सुप्रिया सुले बनेंगी मंत्री! महाराष्ट्र में भी मांगा पद

क्या है केंद्र का नया फॉर्मूला जिस पर माने स्टालिन?

अप्रैल में 131वां संविधान संशोधन बिल गिरने के बाद सरकार ने 30 नवंबर से शुरू हो रहे छोटे सत्र के लिए नया फॉर्मूला निकाला है। सरकार 2029 से महिला आरक्षण कानून लागू करने के लिए लोकसभा की अधिकतम सीटें बढ़ाकर 850 करना चाहती है।

नए बिल में जनगणना की जगह सभी राज्यों की सीटों में सीधे 50 फीसदी बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। इससे तमिलनाडु की सीटें 39 से बढ़कर 59 हो जाएंगी और संसद में राज्य की मौजूदा 7.18 फीसदी (करीब 7.2%) हिस्सेदारी भी बची रहेगी। साथ ही सीटों के मौजूदा अनुपात पर अगले 25 साल तक रोक लगाने की स्टालिन की शर्त भी मान ली गई है।

परिसीमन बिल पर मोदी सरकार को कैसे रोकेगी कांग्रेस? खड़गे ने चला आखिरी दांव! क्या है प्लान और चुनौतियां?
परिसीमन बिल पर मोदी सरकार को कैसे रोकेगी कांग्रेस? खड़गे ने चला आखिरी दांव! क्या है प्लान और चुनौतियां?

तमिलनाडु की 39 सीटें बढ़कर 59 कैसे होंगी?

फिलहाल तमिलनाडु में लोकसभा की 39 सीटें हैं। डीएमके चाहती है कि प्रस्तावित 50 फीसदी बढ़ोतरी के बाद राज्य की सीटें करीब 59 हो जाएं। इससे सीटें तो बढ़ेंगी, लेकिन संसद में राज्य की हिस्सेदारी लगभग 7.18 फीसदी बनी रहेगी।

केंद्र के नए प्रस्ताव में हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की लोकसभा सीटों में 50 फीसदी बढ़ोतरी का प्रावधान है। सरकार का कहना है कि इससे संसद में राज्यों के मौजूदा हिस्से का अनुपात बना रहेगा। नए परिसीमन में निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने के लिए कानून लागू होने के समय तक प्रकाशित नवीनतम जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल करने का प्रावधान भी रखा गया है।

महिला आरक्षण पर सरकार का नया दांव: एक संविधान संशोधन बिल से कैसे बढ़ेंगी लोकसभा और विधानसभा की सीटें?
महिला आरक्षण पर सरकार का नया दांव: एक संविधान संशोधन बिल से कैसे बढ़ेंगी लोकसभा और विधानसभा की सीटें?

स्टालिन के यू-टर्न के पीछे की असली वजह और सियासत

DMK का कहना है कि वह हमेशा से निष्पक्ष परिसीमन के पक्ष में रही है। 14 फरवरी 2024 को तमिलनाडु विधानसभा में प्रस्ताव पास करने से लेकर 7 मार्च 2025 को सात राज्यों के मुख्यमंत्रियों को चिट्ठी लिखने और 22 मार्च 2025 को चेन्नई में संयुक्त एक्शन कमेटी की बैठक बुलाने तक स्टालिन ने यही मांग उठाई। 1976 के परिसीमन में तमिलनाडु की सीटें 42 से घटकर 39 रह गई थीं। पार्टी को डर था कि 2011 की जनगणना से परिसीमन हुआ तो उनकी सीटें घटकर 32 रह जाएंगी।

सूत्रों के मुताबिक बीजेपी ने भी DMK को चेताया था कि अगर उन्होंने साथ नहीं दिया तो सरकार 84वें संविधान संशोधन के तहत साधारण बहुमत से जनसंख्या आधारित परिसीमन ला सकती है। बीजेपी ने कांग्रेस को दक्षिण भारत विरोधी बताते हुए क्षेत्रीय दलों को साधा। वहीं DMK ने कांग्रेस से अलग होने के बाद रुख बदलने के आरोपों को खारिज किया और एमके स्टालिन ने एक्स पर लिखा कि पीठ में छुरा घोंपने वालों के शोर से उनका इरादा नहीं बदलेगा। उधर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय की पार्टी TVK ने DMK को चुनौती दी है कि वह बिल के विरोध में वोट डाले और वॉकआउट या गैरहाजिर रहकर बीजेपी के सामने सरेंडर न करे।

कांग्रेस की बैठक से दूरी, शशि थरूर ने भी उठाए सवाल

डीएमके के समर्थन के फैसले का असर विपक्षी एकजुटता पर भी दिख रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 28 नवंबर को दिल्ली में विपक्षी दलों के फ्लोर लीडर्स की बैठक बुलाई थी। एमके स्टालिन इसमें शामिल नहीं हुए। पार्टी ने परिसीमन बिल पर अपना अलग रुख तय किया है।

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने डीएमके के संभावित समर्थन की आलोचना की। उन्होंने कहा कि सिर्फ सीटों में समान अनुपात से बढ़ोतरी को आधार बनाकर समर्थन देना ठीक नहीं, क्योंकि इसके पीछे बीजेपी का बड़ा राजनीतिक एजेंडा भी देखा जाना चाहिए। वहीं डीएमके सांसद दयानिधि मारन ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस को समझना चाहिए कि किसने किसका साथ छोड़ा है।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) ने भी डीएमके से अपना रुख साफ करने को कहा था। पार्टी ने मांग की थी कि डीएमके सार्वजनिक रूप से बताए कि उसके सांसद बिल के खिलाफ वोट करेंगे या नहीं। टीवीके ने कहा था कि वॉकआउट करना, वोटिंग से दूर रहना या संशोधन के नाम पर विरोध से बचना तमिलनाडु के हितों से पीछे हटने जैसा होगा।

लोकसभा का पूरा नंबर गेम समझिए

संसद में इस संविधान संशोधन बिल को पास कराने के लिए कुल 540 सांसदों में से दो-तिहाई बहुमत यानी 360 सांसदों के वोट चाहिए।

  • NDA की मौजूदा ताकत: 320 सांसद
  • नए समर्थक दल: DMK के 22, शरद पवार की NCP (SP) के 8 और जगनमोहन रेड्डी की YSRCP के 4 सांसद यानी कुल 34 नए वोट
  • कुल आंकड़ा: 320 और 34 मिलाकर सरकार के पास अब 354 सांसदों का समर्थन हो गया है
  • आखिरी जरूरत: बिल को आसानी से पास कराने के लिए सरकार को अब सिर्फ 6 और सांसदों का साथ चाहिए

अब सरकार के सामने कितनी बड़ी चुनौती?

अप्रैल 2026 में केंद्र का पिछला संविधान संशोधन बिल लोकसभा में जरूरी विशेष बहुमत नहीं जुटा पाया था। संसद के आधिकारिक दस्तावेज के मुताबिक, 17 अप्रैल को बिल पास नहीं हो सका था। अब सरकार संशोधित प्रस्ताव के साथ 30 नवंबर से शुरू हो रहे लोकसभा के विशेष सत्र में इसे आगे बढ़ाना चाहती है। राज्यसभा का सत्र 2 दिसंबर से शुरू होगा।

मौजूदा गणित में NDA के 320 सांसद माने जा रहे हैं। एनसीपी (एसपी) के आठ, वाईएसआर कांग्रेस के चार और डीएमके के 22 सांसदों का समर्थन जोड़ने पर आंकड़ा 354 तक पहुंचता है। सभी 540 सांसद वोट करें तो दो-तिहाई बहुमत के लिए 360 वोट चाहिए। यानी छह वोट और जुटाने होंगे। हालांकि, अनुपस्थिति या वोटिंग से दूर रहने वाले सांसदों की संख्या बदलने पर जरूरी बहुमत का आंकड़ा भी बदल सकता है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+