सोशल मीडिया पर बिजनेसमैन ने डाली कविता, एक साथ डूब गए 18 हजार करोड़ रुपये
बीजिंग, 14 मई: मौजूदा वक्त में स्मार्ट फोन का ही चलन है, जिस वजह से लोग किसी ना किसी सोशल नेटवर्किंग साइट पर एक्टिव रहते हैं। आमतौर पर लोग सोशल मीडिया पर फोटो, अपने विचार, कविता या शायरी पोस्ट करते हैं। ज्यादातर मामलों में अच्छा कंटेंट होने पर यूजर्स को फायदा ही होता है, लेकिन अब एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, जहां एक पोस्ट की वजह से एक शख्स को हजारों करोड़ का नुकसान हो गया।
Recommended Video

1100 साल पुरानी कविता
वैसे से पूरा मामला भारत के पड़ोसी देश चीन का है। चीनी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक बिजनेसमैन वांग जिंग सोशल मीडिया पर काफी ज्यादा सक्रिय रहते हैं। हाल ही में उन्होंने एक पुरानी कविता पोस्ट की। शुरु में तो किसी ने इस पर ध्यान नहीं दिया लेकिन कुछ ही घंटों बाद उस पर बवाल खड़ा हो गया। वो कविता 1100 साल पुरानी थी, जिस पर पहले से ही काफी विवाद है। कुछ देर बाद पूरा मामला वांग जिंग को पता चला लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।

लोगों ने समझा सरकार विरोधी
रिपोर्ट में आगे बताया गया कि ये कविता चीन के पहले सम्राट की दमनकारी नीतियों पर लिखी गई थी। जब बिजनेसमैन ने वो कविता पोस्ट की तो उन्हें उसका इतिहास नहीं पता था, लेकिन लोगों को लगा कि वो जिनपिंग सरकार का विरोध कर रहे हैं। इसके बाद कुछ निवेशक तो नाराज हो गए, जबकि कुछ ने घबराहट में उनकी कंपनी से अपना पैसा निकालना शुरू कर दिया। उन्होंने पोस्ट तो डिलीट करते हुआ कहा कि उनका मकसद सरकार की आलोचना करना नहीं था लेकिन शेयर मार्केट में अफवाहों का दौर काफी देर तक जारी रहा। उनके कुछ पार्टनर्स के भी नाराज होने की खबर है।

2.5 अरब डॉलर घटी संपत्ति
वहीं पोस्ट के बाद वांग जिंग की कुल संपत्ति करीब 2.5 अरब डॉलर घट गई। भारत के हिसाब से देखें तो ये राशि 18370 करोड़ रुपये के आसपास होगी। ये नुकसान दो दिन का बताया जा रहा है। चीनी बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक बहुत से लोग अब उनको सरकार का विरोधी समझने लगे हैं, जिस वजह उन्होंने अभी तो पैसा वांग की कंपनी से निकाल लिया है, लेकिन भविष्य में भी वो निवेश से बचेंगे। ऐसे में साफ जाहिर है कि इस पोस्ट का असर लंबे वक्त तक रहने वाला है।












Click it and Unblock the Notifications