Li Shuangfu: 3 हफ्ते से लापता हैं चीनी रक्षा मंत्री ली शांगफू, शी जिनपिंग के मंत्रियों को कौन कर रहा गायब?
चीन के विदेश मंत्री किंग गांग के बाद अब रक्षा मंत्री ली शांगफू भी गायब हो चुके हैं। वे तीन सप्ताह से अधिक समय से सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं। ऐसे में अब ली से रक्षा मंत्री की जिम्मेदारी वापस ले ली गई है। इसके साथ ही उन्हें जांच के दायरे में रखा गया है।
सबसे पहले ब्रिटेन के फाइनेंशियल टाइम्स अखबार ने शुक्रवार को खुलासा किया था कि अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक 65 वर्षीय ली को उनके पद से हटा दिया गया है और चीनी अधिकारियों द्वारा उनकी जांच की जा रही है।

ली शांगफू को इसी साल मार्च 2023 में रक्षा मंत्री नियुक्त किया गया था। जापान में अमेरिकी राजदूत रेहम इमैनुएल ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा है कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग के मंत्रीमंडल का हाल अगाथा क्रिस्टी के चर्चित उपन्यास 'एंड देयर वर नन' जैसा हो गया है।
उन्होंने कहा कि पहले विदेश मंत्री किन गांग, उसके बाद रॉकेट फोर्स कमांडर और अब रक्षा मंत्री ली शांगफू लापता हैं। इमैनुएल ने एक अन्य पोस्ट में लिखा है कि ली को 3 सप्ताह में देखा या सुना नहीं गया है। उन्होंने आशंका जाहिर करते हुए कहा कि और हो सकता है कि उन्हें घर में नजरबंद कर दिया गया हो।
ली शांगफू का जन्म फरवरी 1958 में हुआ था। उनके पिता एक हाई रैंक पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) कमांडर के बेटे थे, जो लॉन्ग मार्च में बच गए और बाद में कोरियाई युद्ध में लड़े।
चीनी मीडिया के अनुसार, शांगफू ने 1982 में पीएलए के नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ डिफेंस टेक्नोलॉजी (एनयूडीटी) से स्नातक की उपाधि प्राप्त की। बाद में उन्होंने इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री हासिल की। वह सेना के ज़िचांग सैटेलाइट लॉन्च सेंटर में 30 से अधिक वर्षों तक तैनात रहे।
शी जिनपिंग के वफादार हैं शांगफू
ली शांगफू चीन की कम्युनिस्ट पार्टी में चर्चित चेहरा हैं। उन्हें राष्ट्रपति शी जिनपिंग का बेहद वफादार माना जाता है। 65 वर्ष के शांगफू ने मार्च 2023 में रक्षा मंत्री के पद पर वेई फेंघ की जगह ली थी। वाशिंगटन ने रूस के सबसे बड़े हथियार निर्यातक रोसोबोरोनएक्सपोर्ट से हथियार खरीदने को लेकर 2018 में ली पर प्रतिबंध लगाए थे।
अमेरिका ने लगाया था प्रतिबंध
वॉशिंगटन ने कहा था कि शांगफू ने चीन के लिए रूस से सुखोई-35 कॉम्बैट एयरक्राफ्ट और एस-400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम खरीदने में अहम भूमिका निभाई। इस दौरान ली शांगफू चीन की रक्षा तकनीक के आधुनिकीकरण का काम देख रहे एक उच्चाधिकार प्राप्त सैन्य आयोग में उपकरण विकास विभाग के निदेशक थे।
ली को आखिरी बार कब देखा गया था?
ली शांगफू ने 15 अगस्त को रूस की राजधानी मॉस्को के पास एक सुरक्षा सम्मेलन में भाग लिया था। दो दिन बाद, पड़ोसी बेलारूस की सरकार ने तस्वीरें जारी कीं जिसमें ली को मिन्स्क में बेलारूसी राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको के साथ बैठक करते हुए देख गया है। 29 अगस्त को, ली शांगफू ने बीजिंग में अफ्रीका चाइना पीस एंड सिक्योरिटी फोरम में भाषण दिया था।
आपको बता दें कि चीन की परमाणु शस्त्रागार की देखरेख करने वाली सेना इकाई रॉकेट फोर्स का नेतृत्व जुलाई में बदल दिया गया था। इसके पूर्व कमांडर ली युचाओ को बदलाव से पहले हफ्तों तक सार्वजनिक रूप से नहीं देखा गया। वे कहां गए, कैसे हैं इस बारे में अब तक कुछ पता नहीं चल पाया है।
इसके ठीक बाद विदेश मंत्री किन गांग भी जुलाई में सार्वजनिक दृश्य से गायब हो गए। हालांकि कुछ समय बाद यह घोषणा की गई कि उन्हें बदल दिया गया है। केवल सात महीने की नौकरी के बाद उन्हें हटाए जाने का कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया गया।
ली शांगफू, किन गांग और ली युचाओ के गायब होने से पहले भी चीन में नेता, कलाकार, मशहूर हस्तियां, बड़े अधिकारियों के गायब होने का लंबा इतिहास रहा है।
- 2017 में अरबपति फाइनेंसर जिओ जियानहुआ हांगकांग से गायब हो गए थे।
- 2018 में इंटरपोल के पूर्व चीनी प्रमुख मेंग होंगवेई गायब हो गए थे।
- 2020 में चीन के बड़े बिजनेसमैन जैक मा भी गायब हो गए थे। हालाकि बाद में वो लौट आए थे। लेकिन अब वे बिजनेस छोड़ चुके हैं।
- इस साल फरवरी महीने में इन्वेस्टमैंट बैंकर बाओ फैन गायब हो गए थे।












Click it and Unblock the Notifications