न रोजगार और न मिल रही नौकरी... चीन में युवाओं की हालत पस्त, हर महीने रिकॉर्ड बना रही युवा बेरोजगारी दर
चीन कोरोना संकट से अब तक नहीं उबर पाया है। देश में युवाओं को आसानी से नौकरी नहीं मिल रही है। चीन में 16 से 24 वर्ष की आयु के युवाओं को नौकरी ढूंढ़ने में बेहद दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो (एनबीएस) ने सोमवार को बताया कि चीन में 16 से 24 वर्ष की आयु के युवाओं में बेरोजगारी दर जून महीने में 21.3 प्रतिशत के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गई है। वहीं, कुल शहरी रोजगार दर 5.2 प्रतिशत पर स्थिर रही।

मई में 16 से 24 साल के युवाओं के लिए यह दर 20.8 फीसदी थी, जो उस समय रिकॉर्ड ऊंचाई पर थी। वहीं अप्रैल में यह आंकड़ा 20.4 था। यह लगातार तीसरा महीना है जब चीन में युवाओं का बेरोजगारी दर अपने रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा है।
चीन में महामारी से जुड़ी रोकथाम हटा दी गई है। इसके बावजूद चीन में युवा बेरोजगारी दर को कम करने की मूलभूत स्थितियों में सुधार नहीं हो रहा है। रेटिंग एजेंसी मूडी के एक अर्थशास्त्री मर्फी क्रूज ने कहा कि चीन में कम मांग बेरोजगारी दर बढ़ा रही है।
मर्फी क्रूज ने कहा कि कम मांग का मतलब है कि कंपनियां नौकरी देने में झिझक रही हैं। उन्होंने कहा कि चीनी कंपनियां फिलहाल वेट एंड सी की रणनीति अपना रही हैं। क्रूज ने कहा कि बार-बार किए गए लॉकडाउन और अचानक नीतियों में बदलाव की यादें इस झिझक को बढ़ा रही हैं।
सोमवार को जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक चीन की अर्थव्यवस्था में एक साल पहले लगभग स्थिर वृद्धि के बाद साल की दूसरी तिमाही में 6.3 फीसदी की वृद्धि हुई है। हालांकि विश्लेषकों की उम्मीदें से यह कम है। विश्लेषकों ने इससे पहले 7.1 फीसदी की वृद्धि की उम्मीद जताई थी।
बीजिंग के राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो ने एक बयान में कहा कि देश की अर्थव्यवस्था ने रिकवरी की है। एनबीएस के प्रवक्ता फू लिंगहुई ने कहा, "अप्रैल से जून तक चीन के सकल घरेलू उत्पाद में 2022 की समान अवधि की तुलना में साल-दर-साल 4.5 प्रतिशत और दूसरी तिमाही में 6.3 प्रतिशत की दर से बढ़ी है।"












Click it and Unblock the Notifications