China: रोबोट ने छात्रा को जबरन चपेटा, देखने वाले रह गए दंग, AI की नीयत पर उठे सवाल- VIDEO
China: चीन के शानक्सी प्रांत के शीआन शहर स्थित एक यूनिवर्सिटी में खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान एक ह्यूमनॉइड रोबोट ने ऐसा व्यवहार किया, जिसने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मानव-रोबोट सुरक्षा को लेकर नई बहस छेड़ दी है। प्रोग्राम के दौरान रोबोट अपने तय रूटीन से हट गया और अचानक एक छात्रा को गले लगा लिया। इसके बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों को तुरंत दखल देना पड़ा।
सोशल मीडिया पर छिड़ी चेतना और कंट्रोल की बहस
इस घटना के बाद चीनी सोशल मीडिया पर लोगों के बीच बहस शुरू हो गई कि क्या रोबोट ने खुद से कोई फैसला लिया था या उसमें किसी तरह की स्वायत्त चेतना विकसित हो गई थी। वहीं कई एक्सपर्ट्स ने कहा कि इंसानों और रोबोट्स के साथ होने वाले कार्यक्रमों में सुरक्षा इंतजाम और सख्त किए जाने चाहिए। कुछ लोगों ने ये भी सवाल किया कि क्या होता अगर रोबोट के हाथ में गन होती?

वीडियो में कैद हुई पूरी घटना
ग्लोबल टाइम्स द्वारा देखे गए एक ऑनलाइन वीडियो में साफ नजर आया कि कोरियोग्राफ किए गए डांस प्रदर्शन के दौरान रोबोट अचानक दिशा बदलता है और पास खड़ी एक महिला नर्तकी को गले लगा लेता है। यह सब अचानक हुआ, जिसके बाद स्टाफ ने तुरंत रोबोट को हटाया और स्थिति को कंट्रोल किया।
स्पोर्ट्स मीट के उद्घाटन समारोह में हुआ हादसा
शंगयू न्यूज़ की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना गुरुवार को शीआन यूरेशिया यूनिवर्सिटी के स्पोर्ट्स मीट के ओपनिंग सेरेमनी के दौरान हुई। विश्वविद्यालय के एक कर्मचारी ने बताया कि यह कार्यक्रम कैंपस में कल्चरल इनोवेशन दिखाने की कोशिश का हिस्सा था। अच्छी बात यह रही कि छात्रा को कोई चोट नहीं लगी। हालांकि उसने बाद में मीडिया से बात करने से इनकार कर दिया।
क्या यह पहले से प्लान था?
रोबोट की इस हरकत के बाद ऑनलाइन कई सवाल उठे। लोगों ने पूछा कि क्या रोबोट किसी ऑपरेटर द्वारा कंट्रोल किया जा रहा था या यह सब पहले से तय शो का हिस्सा था। लेकिन विश्वविद्यालय के एक कर्मचारी ने साफ कहा कि यह पहले से प्लान नहीं था। उन्होंने बताया कि यह AI प्रोग्राम में आई खराबी थी। उनके शब्दों में, "हमारी समझ के मुताबिक, रोबोट ने गलती की थी।"
कंपनी ने बताया सिग्नल पर फोड़ा ठीकरा
यह रोबोट विश्वविद्यालय के एक पूर्व छात्र की कंपनी द्वारा उपलब्ध कराया गया था। शंगयू न्यूज़ के अनुसार, कंपनी ने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर सिग्नल इंटरफेरेंस की वजह से यह समस्या हुई। शो के दौरान कई ड्रोन एक साथ उड़ रहे थे, जिससे नेटवर्क और कंट्रोल सिग्नल प्रभावित हुए। इसी वजह से रोबोट का व्यवहार असामान्य हो गया। हालांकि कंपनी ने भी माना कि घटना पहले से तय नहीं थी।
रोबोट इंसान तक पहुंचा कैसे?
गाओ हुआन ने एक अहम सवाल भी उठाया कि असामान्य व्यवहार करने के बाद भी रोबोट इंसान के इतने करीब कैसे पहुंच गया। उन्होंने समझाया कि रोबोट पहले से लिखी गई स्क्रिप्ट और कमांड्स पर काम करते हैं। अगर पोजिशनिंग में गलती हो जाए, मुद्रा पहचान सिस्टम भटक जाए या मानव कलाकार तय रास्ते से हट जाएं, तो अनजाने में संपर्क हो सकता है।
भविष्य के लिए दी गई चेतावनी
एक्सपर्ट्स ने कहा कि खुले मंचों पर इंसानों के साथ इस्तेमाल होने वाले रोबोट्स को सिर्फ शोपीस या प्रॉप्स नहीं समझना चाहिए। उन्हें ऐसे स्मार्ट मशीन उपकरण मानना चाहिए जिनसे यांत्रिक जोखिम हो सकता है। उन्होंने आयोजकों, ऑपरेटरों और कंपनियों को सलाह दी कि ऐसे कार्यक्रमों में पहले से मोशन स्क्रिप्ट टेस्टिंग, रिहर्सल, सुरक्षा दूरी, इमरजेंसी स्टॉप सिस्टम, मानवीय निगरानी और बैकअप प्लान जरूर होना चाहिए।
AI के दौर में बड़ा सवाल
यह घटना भले ही किसी को नुकसान पहुंचाए बिना खत्म हो गई, लेकिन इसने दुनिया को एक बड़ा सवाल दे दिया है-जब रोबोट्स इंसानों के बीच काम करेंगे, तो उनकी सुरक्षा और नियंत्रण की जिम्मेदारी कौन और कैसे संभालेगा?
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications