तालिबान को लेकर चीन ने अमेरिका को दी चेतावनी, आर्थिक मदद नहीं दी तो भुगतना होगा अंजाम
चीन ने अमेरिका को धमकी देते हुए कहा है कि अगर अफगानिस्तान की आर्थिक मदद नहीं की गई तो पूरी दुनिया को गंभीर अंजाम भुगतने होंगे।
बीजिंग, अगस्त 30: तालिबान को लेकर चीन ने बहुत बड़ा बयान दिया है। चीन ने इंटरनेशनल कम्यूनिटी से आग्रह किया है कि तालिबान को सरकार चलाने में दुनिया के देश सहयोग करें। चीन की तरफ से ये बयान तब दिया गया है, जब अमेरिका करीब-करीब अपने सैनिकों को अफगानिस्तान से बाहर निकाल चुका है और एक दिन बाद अमेरिका का मिशन भी अफगानिस्तान में खत्म हो जाएगा। इसके साथ ही चीन ने कहा है कि अगर तालिबान को सरकार चलाने में मदद नहीं दी गई, तो फिर दुनिया को उसका अंजाम भुगतना पड़ेगा।

तालिबान पर चीन का बयान
चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने अमेरिका के विदेश मंत्री से कहा है कि अमेरिका समेत अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को अफगानिस्तान में तालिबान का "मार्गदर्शन" करना चाहिए और आर्थिक और मानवीय सहायता प्रदान करनी चाहिए। चीन के विदेश मंत्री ने कहा कि, अफगानिस्तान की करेंसी लगातार गिर रही है, लिहाजा उसे संभालना चाहिए और पूरी दुनिया को अफगानिस्तान में सामाजिक स्थिरता बनाए रखने में मदद करनी चाहिए। चीन के विदेश मंत्री ने कहा कि, ''अफगानिस्तान की संप्रभुता का सम्मान करते हुए अमेरिका को अफगानिस्तान को आतंकवाद से लड़ने और हिंसा को रोकने में मदद करने के लिए ठोस कार्रवाई करनी चाहिए, ना कि दोहरा मापदंड अपनाते हुए आतंकवाद से चुनिंदा तरीके से लड़ने के लिए काम करना चाहिए।,"

अमेरिका को चीन की चेतावनी
आपको बता दें कि पिछले दो हफ्तों में अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और चीन के विदेश मंत्री वांग यी के बीच दूसरी बार बात हुई है। जिसमें चीन ने एक तरह से अमेरिका को नसीहत देते हुए कहा कि उसे तालिबान की आर्थिक मदद करनी चाहिए। वांग ने ब्लिंकन को चेतावनी दी कि अंतरराष्ट्रीय सैनिकों की "जल्दबाजी में वापसी" आतंकवादी समूहों को फिर से एक साथ आने और मजबूती के साथ पलटवार करने का मौका दे सकता है। सिन्हुआ न्यूज के मुताबिक, चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने कहा कि, ''अमेरिका को खास तौर पर अफगानिस्तान में तत्काल जरूरी आर्थिक मदद और मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के साथ मिलकर काम करनवा चाहिए।'' वांग यी ने कहा कि, 'नये अफगानिस्तान में राजनीतिक ढांचे और सरकारी संस्थानों के सामान्य संचालन को बनाए रखने में मदद करने, सामाजिक सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने के लिए अमेरिका को काम करना चाहिए''

चीन ने जमकर धमकाया
चीन के विदेश मंत्री ने अमेरिकी विदेश मंत्री से बातचीत के दौरान रिपोर्ट के मुताबिक कई तरह से धमकाने की कोशिश की है। रिपोर्ट के मुताबिक, वांग यी ने अमेरिकी विदेश मंत्री से कहा है कि अगर अमेरिका चाहता है कि चीन के साथ उसके रिश्ते फिर से पटरी पर आ जाए, तो फिर अमेरिका को चीन की छवि को बिगाड़ने की कोशिश से बाज आना होगा। वांग यी ने कहा कि अमेरिका को चीन की संप्रभुता, सुरक्षा और विकास से जुड़े हितों को नुकसान पहुंचाने से बाज आना चाहिए। लेकिन, तालिबान को लेकर चीन का बदला रूख साफ जाहिर करता है कि चीन बहुत जल्द तालिबान को मान्यता दे सकता है।












Click it and Unblock the Notifications